ब्रिगेडियर, बेटे पर शराबियों का हमला; दिल्ली पुलिस से सेना बोली- फौरन लीजिए ऐक्शन
दिल्ली के वसंत एनक्लेव में घर के पास शराब पीने का विरोध करने पर एक ब्रिगेडियर और उनके बेटे पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। अब सेना और मिलिट्री पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है।

दिल्ली के वसंत एनक्लेव में सेना के एक ब्रिगेडियर और उनके आईआईटी में पढ़ने वाले बेटे पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। यह विवाद तब शुरू हुआ जब ब्रिगेडियर ने अपने घर के पास कार में शराब पी रहे दो लोगों को सार्वजनिक जगह पर नशे का सेवन करने से रोका। उन लोगों ने अपने साथियों को बुलाकर ब्रिगेडियर के बेटे के साथ मारपीट की। आरोपियों ने अधिकारी से धक्का-मुक्की भी की। सेना ने मामले का संज्ञान लेते हुए मिलिट्री पुलिस को तैनात किया है। साथ ही दिल्ली पुलिस से फौरन ऐक्शन की मांग की है।
सूत्रों ने बताया कि वसंत एनक्लेव इलाके में रात करीब 10 बजे हुई इस घटना की शिकायत दर्ज कर ली गई है। यह घटना तब हुई जब ब्रिगेडियर और उनके आईआईटी दिल्ली में पढ़ने वाले बेटे ने घर के पास कार में शराब पी रहे दो लोगों को टोका। इसी बात पर विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने अपने लोगों को बुलाकर हमला बोल दिया।
कार में पी रहे थे शराब
बताया जाता है कि 11 अप्रैल की रात 10 बजे ब्रिगेडियर ने अपने घर के पास एक कार में दो लोगों को शराब पीते हुए देखा तो उन्होंने पास जाकर उन्हें सार्वजनिक जगह पर शराब पीने से मना किया। इसी बात पर वे गुस्सा हो गए। उन्होंने अपने साथियों को फोन करके बुला लिया।
बेटे पर अटैक, ब्रिगेडियर से धक्का-मुक्की
शराबियों के फोन करने के बाद मौके पर 7 से 8 लोग और आ गए। सबने मिलकर ब्रिगेडियर के बेटे पर हमला कर दिया। हमले में बेटे को गंभीर चोटें आई हैं। आरोपी यही नहीं रुके उन्होंने ब्रिगेडियर के साथ भी धक्का-मुक्की की। घटना के तुरंत बाद ब्रिगेडियर ने पुलिस हेल्पलाइन पर फोन कर के मदद मांगी।
शुरुआत में उदासीनता बरतने का आरोप
आरोप है कि ब्रिगेडियर के फोन करने के बाद मौके पर एक पीसीआर गाड़ी तो पहुंची लेकिन उस पर मौजूद पुलिस वालों ने तुरंत कोई ऐक्शन नहीं लिया। फिर ब्रिगेडियर का परिवार वसंत विहार थाने पहुंचा और एफआईआर लिखवाने की कोशिश की। आरोप है कि पुलिस की ओर से जब उम्मीद के अनुरूप मदद नहीं मिली तो ब्रिगेडियर घायल बेटे को लेकर मिलिट्री अस्पताल पहुंचे। अब पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
सेना का बयान, घटना को गंभीरता से लिया
वहीं भारतीय सेना ने एक बयान में कहा है कि सैन्य अधिकारियों ने इस मामले को गंभीरता से लिया है। अधिकारी की मदद के लिए मिलिट्री पुलिस की टीम तैनात की गई है। सेना ने दिल्ली पुलिस से इस मामले में जल्द कड़ी कार्रवाई करने को कहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




साइन इन