दिल्ली में नॉर्थ ईस्ट की लड़कियों से बदसलूकी, आरोपी कपल 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया
दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में नॉर्थ ईस्ट की महिलाओं के साथ कथित नस्ली दुर्व्यवहार के मामले में गिरफ्तार दंपती को अदालत ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में नॉर्थ ईस्ट की महिलाओं के साथ कथित नस्ली दुर्व्यवहार के मामले में गिरफ्तार दंपती को अदालत ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। बुधवार को आरोपियों रूबी जैन और उनके पति हर्ष को अदालत में पेश किया गया, जहां अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश समर विशाल ने उन्हें 11 मार्च तक न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया।
3 महिलाओं से की नस्लीय टिप्पणी
दिल्ली पुलिस के अनुसार, घटना 20 फरवरी की है। घटना वाले दिन किराए के मकान में मरम्मत के काम को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी दौरान रूबी जैन ने अरुणाचल प्रदेश की तीन महिलाओं के खिलाफ नस्ली और आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं। पीड़ित महिलाओं की शिकायत के आधार पर मालवीय नगर थाने में एफआईआर दर्ज की गई और जांच शुरू की गई।
इन धाराओं में दर्ज हुआ केस
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत आपराधिक धमकी, महिलाओं की गरिमा का अपमान और विभिन्न समूहों के बीच घृणा फैलाने के आरोप लगाए हैं। इसके अलावा, मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धाराएं भी जोड़ी गई हैं।
हिरासत में पूछताछ फिर अदालत में पेशी
जांच के दौरान दंपती को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसके बाद उन्हें अदालत में पेश किया गया। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े तथ्यों और साक्ष्यों को संकलित किया जा रहा है। यह घटना एक बार फिर राजधानी में नॉर्थ ईस्ट के लोगों के साथ होने वाले नस्ली भेदभाव के मुद्दे को सामने लाती है। मामले की अगली सुनवाई निर्धारित तिथि पर होगी।




साइन इन