delhi cm rekha gupta linked widow and disabled pensioners to ayushman scheme दिल्ली में विधवाओं और दिव्यांगों को 'आयुष्मान' का कवच, रेखा सरकार का बड़ा ऐलान, Ncr Hindi News - Hindustan
More

दिल्ली में विधवाओं और दिव्यांगों को 'आयुष्मान' का कवच, रेखा सरकार का बड़ा ऐलान

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ऐतिहासिक फैसला लेते हुए विधवा और दिव्यांग पेंशनधारियों को आयुष्मान योजना से जोड़ दिया है। अब इन परिवारों को 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिलेगा। 

Tue, 24 Feb 2026 10:19 PMKrishna Bihari Singh लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share
दिल्ली में विधवाओं और दिव्यांगों को 'आयुष्मान' का कवच, रेखा सरकार का बड़ा ऐलान

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एक बड़ा फैसला लेते हुए राष्ट्रीय राजधानी की विधवा और दिव्यांग पेंशनधारियों को आयुष्मान भारत योजना से जोड़ दिया है। मंगलवार को कैबिनेट बैठक में लिए गए इस निर्णय के तहत अब 3.96 लाख विधवा महिलाओं और 1.31 लाख दिव्यांगों के परिवारों को मुफ्त इलाज की सुविधा मिलेगी। अब ये लाभार्थी दिल्ली के 208 सूचीबद्ध सरकारी और निजी अस्पतालों में इलाज करा सकेंगे।

कैबिनेट बैठक में उक्त निर्णय लिया गया

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में मंगलवार को दिल्ली सचिवालय में आयोजित कैबिनेट बैठक में उक्त निर्णय लिया गया। मुख्यमंत्री ने बताया कि विधवा पेंशन की करीब 3 लाख 96 हजार 615 लाभार्थी महिलाओं और दिव्यांग पेंशन के लगभग 1 लाख 31 हजार 515 लाभार्थियों को प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना का सीधा लाभ मिलेगा। सीएम ने कहा कि सरकार का स्पष्ट संकल्प है कि दिल्ली का कोई भी गरीब, कमजोर या जरूरतमंद नागरिक इलाज के अभाव में वंचित न रहे।

5.5 लाख परिवार जुड़ेंगे

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि कैबिनेट के इस फैसले के बाद लगभग 5.5 लाख अतिरिक्त परिवार स्वास्थ्य सुरक्षा की मजबूत छतरी के नीचे आ जाएंगे। ये परिवार पहले से प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना का लाभ ले रहे अंत्योदय अन्न योजना (एएवाई) और प्राथमिकता (पीआरएस) श्रेणी के परिवारों 70 साल से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों, आशा कार्यकर्ताओं, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और हेल्पर्स के अतिरिक्त होंगे।

अब तक दिल्ली में 7,23,707 आयुष्मान कार्ड जारी

मुख्यमंत्री ने बताया कि अब तक दिल्ली में 7,23,707 आयुष्मान कार्ड जारी किए जा चुके हैं। इनमें से 2 लाख 74 हजार 620 कार्ड वरिष्ठ नागरिकों को दिए गए हैं। राजधानी में योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए 208 अस्पतालों का व्यापक नेटवर्क सूचीबद्ध किया गया है। इनमें 156 निजी और 53 सरकारी अस्पताल शामिल हैं। राज्य स्वास्थ्य एजेंसी (एसएचए) दिल्ली के माध्यम से अब तक 29,120 से अधिक लाभार्थी प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत इलाज ले चुके हैं।

हर जरूरतमंद परिवार के स्वास्थ्य से जुड़ा वादा

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह फैसला महज एक प्रशासनिक फैसला नहीं वरन दिल्ली के हर जरूरतमंद परिवार के स्वास्थ्य और सम्मान से जुड़ा वादा है। यह बेहतर दिल्ली बनाने की दिशा में बड़ा कदम है। यह फैसला प्रधानमंत्री मोदी के 'सबका साथ, सबका विकास' के सपने को पूरा करने की ओर एक मजबूत कदम है। प्रधानमंत्री ने आयुष्मान भारत योजना से देश के करोड़ों गरीबों को इलाज का हक दिया है। दिल्ली सरकार उसी नेक सोच के साथ राजधानी के हर जरूरतमंद तक योजना का लाभ पहुंचाने के लिए तैयार है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:मईयां सम्मान योजना के लिए 14,066 करोड़, झारखंड बजट की बड़ी घोषणाएं
ये भी पढ़ें:लड़कियों को 18 साल बाद 1.5 लाख; छत्तीसगढ़ बजट की बड़ी घोषणाएं
ये भी पढ़ें:नमो भारत कॉरिडोर का नया कीर्तिमान; पहली बार पार किया 1 लाख पैसेंजर्स का आंकड़ा
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।