'शीशमहल' का क्या होगा, महिलाओं को 2500 कब मिलेंगे? CM रेखा गुप्ता ने सब बताया
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सरकार के पहले साल को 'सुधार और विरासत में मिले कर्ज' को चुकाने का काल बताया है। उन्होंने जनकपुरी हादसे की नैतिक जिम्मेदारी ली और महिलाओं को 2500 रुपये मासिक सहायता देने वाली योजना के जल्द शुरू होने के संकेत दिए।

दिल्ली में बीजेपी के नेतृत्व वाली सरकार 20 फरवरी को अपना पहला साल पूरा करने जा रही है। इस मौके पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपनी सरकार की उपलब्धियों और चुनौतियों पर खुलकर बात की। जनकपुरी हादसे की जिम्मेदारी लेने से लेकर महिलाओं को 2500 रुपये देने वाली योजना तक, सीएम ने हर सवाल का बेबाक जवाब दिया है।
जनकपुरी हादसा को लेकर क्या बोलीं?
हाल ही में जनकपुरी में खुले गड्ढे में गिरकर एक युवक की मौत पर सीएम ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि यह घटना बेहद दुखद है, लेकिन उनकी सरकार पिछली सरकार की तरह दोष दूसरों पर नहीं मढ़ेगी। सीएम ने कहा, 'हम पूरी जिम्मेदारी लेते हैं। जांच चल रही है और जो भी दोषी होगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा।' भविष्य में ऐसा न हो, इसके लिए सभी विभागों को 8-सूत्रीय सुरक्षा निर्देश जारी किए गए हैं।
महिलाओं को कब मिलेंगे 2500 रुपये?
चुनाव में वादा किया गया था कि महिलाओं को मुख्यमंत्री महिला समृद्धि योजना के तहत हर महीने 2,500 रुपये मिलेंगे। इस पर सीएम ने बताया कि अभी पात्रता के नियम तय किए जा रहे हैं। सरकार चाहती है कि इसका लाभ सिर्फ राशन कार्ड वालों को ही नहीं, बल्कि उन सभी को मिले जिन्हें वास्तव में जरूरत है। चूंकि यह एक निरंतर चलने वाली योजना है, इसलिए वित्तीय इंतजाम किए जा रहे हैं।
केजरीवाल के 'शीशमहल' का क्या होगा?
पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल के आवास, जिसे बीजेपी 'शीशमहल' कहती है, को लेकर पूछे गए सवाल पर रेखा गुप्ता ने कहा कि वहां भ्रष्टाचार की कई अति हुई हैं। हालांकि, सरकार ने अभी यह तय नहीं किया है कि उस इमारत का क्या किया जाएगा। इस पर फैसला लेना अभी बाकी है।
1 साल का रिपोर्ट कार्ड: कर्ज चुकाने में गया समय
सीएम ने बताया कि पिछला एक साल विरासत में मिले कुप्रबंधन को ठीक करने और कर्ज चुकाने में बीता है। 7 लाख से ज्यादा आयुष्मान भारत और वय वंदना कार्ड जारी किए गए। 45.38 करोड़ रुपये का लाभ दिया गया। इके अलावा अटल कैंटीन में 5 रुपये में भरपेट खाना दिया जा रहा है, अभी 50 हजार लोग इसका लाभ ले रहे हैं, लक्ष्य 1 लाख का है। दिल्ली में अब 4,200 इलेक्ट्रिक बसें हैं, जो देश में सबसे ज्यादा हैं।
यमुना सफाई को लेकर क्या कहा?
सीएम रेखा गुप्ता ने दावा किया कि अगले 3 सालों में यमुना साफ हो जाएगी। इसके लिए 35 डिसेंट्रलाइज्ड सीवेज प्लांट लगाए जा रहे हैं। शहर का पहला बायोगैस प्लांट लगाया गया है ताकि गाय का गोबर नदी में न जाए। सीएम ने यह भी कहा कि अगला साल नीतियां लागू करने का होगा, जिसमें नई EV पॉलिसी और एक्साइज पॉलिसी जल्द ही घोषित की जाएंगी।




साइन इन