गर्दन, छाती, माथे पर चाकू से किए 9 वार; दिल्ली में 3 नाबालिग लड़कों ने बेरहमी से किया मर्डर
Delhi Burari murder case: घटना रात करीब 8:50 बजे की है, जब पुलिस को पीसीआर कॉल के जरिए सूचना मिली कि कमल विहार इलाके में कुछ लड़कों ने एक युवक पर हमला कर दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। नाला रोड, गली नंबर-10 के पास खून से सना घटनास्थल मिला, जहां से एक खून लगा चाकू भी बरामद किया गया

Delhi Burari murder case: नई दिल्ली के बुराड़ी इलाके में बुधवार रात एक 22 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक, वारदात को तीन नाबालिग लड़कों ने अंजाम दिया, जिन्हें बाद में पकड़ लिया गया है। घटना रात करीब 8:50 बजे की है, जब पुलिस को पीसीआर कॉल के जरिए सूचना मिली कि कमल विहार इलाके में कुछ लड़कों ने एक युवक पर हमला कर दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। नाला रोड, गली नंबर-10 के पास खून से सना घटनास्थल मिला, जहां से एक खून लगा चाकू भी बरामद किया गया।
गर्दन, छाती, माथा… युवक के शरीर पर मिले 9 घाव
घायल युवक की पहचान पंकज के रूप में हुई है, जो उसी इलाके का रहने वाला था। परिजन उसे तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया। मेडिको-लीगल रिपोर्ट के अनुसार, पंकज के शरीर पर कुल नौ चोटों के निशान मिले हैं। इनमें गर्दन, सीने, माथे और हाथों पर गहरे चाकू के वार शामिल हैं, जो हमले की गंभीरता को दर्शाते हैं।
हत्या में शामिल तीनों आरोपी नाबालिग पकड़े गए
जांच के दौरान पंकज के भाई सूरज ने पुलिस को बताया कि घटना से कुछ दिन पहले उसका एक आरोपी से विवाद हुआ था। वारदात की जानकारी मिलने पर वह मौके पर पहुंचा, जहां उसने देखा कि तीन लड़के उसके भाई पर चाकू से हमला कर रहे थे। लोगों के इकट्ठा होने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने बताया कि मामले में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। तीनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में ले लिया गया है और वे नाबालिग हैं। फॉरेंसिक टीम ने मौके से सबूत जुटाए हैं और आगे की जांच जारी है।




साइन इन