Delhi Budget 2026: रेखा गुप्ता सरकार सड़क और यमुना पर करेगी इतना खर्च, निगम को 11666 करोड़
Delhi Budget 2026: दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता ने मंगलवार को विधानसभा में 103700 करोड़ रुपये का बजट पेश किया। निगम के लिए 11666 करोड़ का ऐलान किया। इसी तरह यमुना, सड़क और इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए भी बड़े ऐलान हुए।

Delhi Budget 2026: मंगलवार को दिल्ली विधानसभा में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राजधानी के लिए 103700 करोड़ रुपये का बजट पेश किया। उन्होंने कहा कि यह बजट ग्रीन बजट की सोच पर आधारित है, जिसमें पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता दी गई है और कुल बजट का 21 फीसदी हिस्सा इसी पर खर्च किया जाएगा। दिल्ली सरकार ने निगम के लिए 11666 करोड़ का ऐलान किया। इसी तरह यमुना नदी के लिए 300 करोड़ और पीडब्ल्यूडी को 5921 करोड़ रुपये दिए जाएंगे।
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली ने कई चुनौतियों के बावजूद विकास की राह पर तेजी से कदम बढ़ाए हैं। उन्होंने पिछली सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि अब ट्रिपल इंजन सरकार के चलते दिल्ली तेजी से आगे बढ़ रही है। आर्थिक सर्वेक्षण का हवाला देते हुए उन्होंने दावा किया कि दिल्ली की विकास दर राष्ट्रीय औसत से अधिक है।
प्रति व्यक्ति आय 5 लाख के पार
वित्त मंत्री ने बताया कि दिल्ली की प्रति व्यक्ति आय 5 लाख रुपये से अधिक हो चुकी है, जो देश में तीसरे स्थान पर है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से दिल्ली की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है।
सड़क और इंफ्रास्ट्रक्चर पर बड़ा फोकस
राजधानी में सड़क नेटवर्क को बेहतर बनाने और धूल मुक्त करने के लिए 750 किलोमीटर सड़कों पर काम किया जाएगा, जिस पर 1392 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके अलावा नगर निगम को सड़क विकास के लिए 1000 करोड़ रुपये अलग से दिए जाएंगे। समाज कल्याण के लिए 2392 करोड़ का बजट रखा गया है।
बारापुला कॉरिडोर और पीडब्ल्यूडी को बड़ी राशि
बारापुला कॉरिडोर प्रोजेक्ट को पूरा करने के लिए 210 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। वहीं, पीडब्ल्यूडी के लिए 5921 करोड़ रुपये और नगर निगम को कुल 11,666 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।
यमुना और अनाधिकृत कॉलोनियों पर भी ध्यान
यमुना नदी के विकास और सफाई के लिए 300 करोड़ रुपये रखे गए हैं। वहीं, अनाधिकृत कॉलोनियों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए 800 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
हर विधायक को 5 करोड़
सभी विधायकों को क्षेत्र में विकास के लिए 350 करोड़ रुपये रखे गए हैं । प्रत्येक विधानसभा के लिए पांच करोड़ रुपये दिए जायेंगे। दिल्ली सरकार अपने नए सचिवालय का काम करेगी और कर्मचारियों के लिए सरकारी विभाग बनाएगी और मंत्रालय को बेहतर करेंगे। डीडीए के साथ मिलकर पेरिफेरल एक्सप्रेस वे पर साइकिल ट्रैक बनायेंगे। नालों पर सोलर पैनल लगायेंगे। दिल्ली में कई नई पार्किंग तैयार की जा रही हैं।
24 घंटे बिजली
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली में 24 घंटे बिजली सुनिश्चित करेंगे। उन्हें 3942 करोड़ का बजट दिया जाएगा। बिजली की तारों को भूमिगत करने के लिए 200 करोड़ रुपये दिए जायेंगे। पालम आग की घटना बेहद दुखद है। दिल्ली में इस तरह से मकान बने हैं कि आग लगने पर बचना मुश्किल हो जाता है। इसलिए दमकल को मजबूत करना आवश्यक है। दमकल को 674 करोड़ रुपये दिए जायेंगे। इससे नए दमकल केंद्र बनेंगे और अत्याधुनिक उपकरण खरीदे जाएंगे।




साइन इन