Delhi Budget 2026 : दिल्ली के बजट में कई सौगातों का ऐलान, मुफ्त वाली स्कीमों पर भी जोर; यहां हर अपडेट delhi budget 2026 live updates major announcements of rekha gupta speech - ncr news
More
Hindi NewsएनसीआरDelhi Budget 2026 : दिल्ली के बजट में कई सौगातों का ऐलान, मुफ्त वाली स्कीमों पर भी जोर; यहां हर अपडेट

Delhi Budget 2026 : दिल्ली के बजट में कई सौगातों का ऐलान, मुफ्त वाली स्कीमों पर भी जोर; यहां हर अपडेट

Delhi Budget 2026 Live Update :दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बतौर वित्त मंत्री मंगलवार को वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 1,03,700 करोड़ रुपये बजट पेश किया। 25 मार्च को बजट पर चर्चा होगी। बजट से पहले सोमवार को सदन में दिल्ली की आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट पेश की गई थी।

Delhi Budget 2026 : दिल्ली के बजट में कई सौगातों का ऐलान, मुफ्त वाली स्कीमों पर भी जोर; यहां हर अपडेट

delhi budget 2026 live updates highlights

Praveen Sharma| लाइव हिन्दुस्तान,नई दिल्ली | Tue, 24 Mar 2026 05:23 PM
हमें फॉलो करें

Delhi Budget 2026 Live Update : दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बतौर वित्त मंत्री मंगलवार को वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 1,03,700 करोड़ रुपये बजट पेश किया। सीएम ने इसे 'ग्रीन बजट' बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली शहर बदलाव के दौर से गुजर रहा है। उन्होंने कहा कि अब राजधानी दिल्ली एक 'ट्रिपल इंजन' सरकार के साथ तेजी से आगे बढ़ रही है। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि 'मुफ्त की चीजों की संस्कृति' ने विकास दर पर असर डाला है। बजट में 74,000 करोड़ रुपये के कर राजस्व का अनुमान लगाया गया है, जबकि दिल्ली नगर निगम (MCD) के लिए 11,666 करोड़ रुपये का आवंटन किया गया है। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि दिल्ली की प्रति व्यक्ति आय देश में तीसरी सबसे ज्यादा है।बता दें कि विपक्षी दल आम आदमी पार्टी ने इस बार बजट सत्र का बहिष्काकर कर दिया है। दिल्ली विधानसभा से बजट से जुड़े पल-पल के अपडेट उपलब्ध करा रहे हिन्दुस्तान संवाददाता अमित झा ….

24 Mar 2026, 05:22:55 PM IST

दिल्ली बजट पर क्या बोली आम आदमी पार्टी?

आम आदमी पार्टी ने दिल्ली बजट को फर्जी बजट बताया। ‘आप’ दिल्ली के मुखिया सौरभ भारद्वाज ने कहा, बीजेपी की फर्जीवाड़ा सरकार ने आज अपना फर्जी बजट पेश किया है। बीजेपी सरकार ने पिछले साल भी 1 लाख करोड़ के बजट का दावा किया था लेकिन वह पैसा खर्च कहां हुआ, उसका कोई हिसाब नहीं है।

उन्होंने कहा, एक तरफ़ अरविंद केजरीवाल 75 हजार करोड़ का बजट पास करते थे और दिल्ली में सैकड़ों मोहल्ला क्लीनिक, सरकारी स्कूल और अस्पताल बन गए। लोगों को मुफ्त बिजली और पानी मिल रहा था और हज़ारों लोगों को नौकरियां मिलीं। लेकिन इन्होंने मोहल्ला क्लीनिक बंद किए, लोगों को नौकरियों से निकाल दिया, हजारों पेंशन बंद कर दीं तो एक लाख करोड़ गए कहां? 1 लाख करोड़ के बजट का ढिंढोरा पीटने वाली सरकार दमकल विभाग को 30 फिट की सीढ़ी नहीं दे सकी, जिससे लोगों को बचाया जा सके।

24 Mar 2026, 01:34:03 PM IST

'आप' विधायकों का दिल्ली विधानसभा के बाहर प्रदर्शन

दिल्ली में विपक्ष की नेता और 'आप' विधायक आतिशी के नेतृत्व में आज फिर आम आदमी पार्टी के दूसरे विधायकों ने दिल्ली विधानसभा के बाहर विरोध प्रदर्शन किया।

24 Mar 2026, 01:26:52 PM IST

आतिशी ने स्पीकर विजेंद्र गुप्ता को पत्र लिखा

दिल्ली विधानसभा में विपक्ष की नेता आतिशी ने स्पीकर विजेंद्र गुप्ता को पत्र लिखा। यह पत्र उन्होंने तब लिखा, जब स्पीकर ने विपक्ष की अनुपस्थिति पर सवाल उठाया था। आतिशी ने अपने पत्र में कहा कि बार-बार निलंबित और निष्कासित किए जाने के कारण विपक्ष को चुप करा दिया गया है, और AAP के विधायक तभी सदन की कार्यवाही में शामिल होंगे, जब चार विधायकों का निलंबन रद्द कर दिया जाएगा।

24 Mar 2026, 01:07:54 PM IST

पर्यावरण विभाग का बजट 835 करोड़ किया

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली में पर्यावरण विभाग का बजट 505 करोड़ से बढ़कर 835 करोड़ किया गया है। 130 करोड़ का फंड वन क्षेत्र विकसित करने के लिए देंगे।

24 Mar 2026, 01:06:50 PM IST

दिल्ली में वेलकम गेट बनाए जाएंगे

दिल्ली में वेलकम गेट बनाए जाएंगे। दिल्ली का सदन नहीं है, इसलिए दिल्ली का सदन बनेगा, जहां बाहर के अतिथि आकर रुकेंगे।

24 Mar 2026, 01:06:17 PM IST

दिल्ली में एक हजार टॉयलेट बनाए जाएंगे

सीएम ने कहा कि दिल्ली में महिलाओं और बाहर से आने वाले लोगों के लिए पब्लिक टॉयलेट एक बड़ी समस्या है। इसे दूर करने के लिए दिल्ली में एक हजार पब्लिक टॉयलेट बनाए जाएंगे।

24 Mar 2026, 01:04:57 PM IST

पर्यटन विभाग का बजट बढ़ाया

दिल्ली के पर्यटन विभाग का बजट बढ़ाकर 121 करोड़ से बढ़ाकर 412 करोड़ कर दिया गया है।

24 Mar 2026, 01:04:34 PM IST

दिल्ली में सेमी कंडक्टर पॉलिसी लेकर आएंगे

सीएम रेखा गुप्ता ने ऐलान किया कि औद्योगिक क्षेत्र के लिए 48 करोड़ का प्रावधान किया गया है। दिल्ली में सेमी कंडक्टर पॉलिसी लेकर आएंगे।

24 Mar 2026, 01:02:31 PM IST

केंद्र सरकार की मदद से नरेला में जेल बनाई जाएगी

सीएम रेखा गुप्ता ने ऐलान किया कि दिल्ली की जिला अदालतों में अतिरिक्त अदालत बनाई जाएंगी, जिसके लिए 230 करोड़ का प्रावधान किया गया है। पिछले साल छह फॉरेंसिक लैब खोली गई थी। इस वर्ष नई फॉरेंसिक लैब बनाई जाएगी। इसके साथ ही केंद्र सरकार की मदद से नरेला में जेल बनाई जाएगी।

24 Mar 2026, 12:53:06 PM IST

दिल्ली में इमरजेंसी रिस्पॉन्स केंद्र बनाया जाएगा

दिल्ली सरकार द्वारा इमरजेंसी रिस्पॉन्स केंद्र बनाया जाएगा, जिससे आपदा प्रबंधन का काम होगा। इसके लिए दस करोड़ का प्रावधान किया गया है।

24 Mar 2026, 12:46:57 PM IST

दिल्ली की ईवी पॉलिसी के लिए सरकार ने 200 करोड़ का फंड रखा

रेखा गुप्ता ने ऐलान किया कि दिल्ली की ईवी पॉलिसी के लिए सरकार ने 200 करोड़ का फंड रखा है। दिल्ली को प्रदूषण मुक्त करने के लिए देश की सबसे बड़ी ईवी पॉलिसी लेकर आ रही है। पांच नए ऑटोमैटिक टेस्टिंग केंद्र खोले जाएंगे। इसके लिए 50 करोड़ का फंड है। लास्ट माइल कनेक्टिविटी के लिए कम कर रही है। दिल्ली को जाममुक्त बनाने के लिए काम करेंगे।

24 Mar 2026, 12:45:21 PM IST

नमो भारत ट्रेन के लिए 568 करोड़ का बजट

सीएम रेखा गुप्ता ने ऐलान किया कि इस बार मेट्रो के लिए 2885 करोड़ रुपये का बजट प्रस्तावित किया है। दिल्ली में नमो भारत ट्रेन नेटवर्क बढ़ाने के लिए 568 करोड़ का बजट रखा है।

24 Mar 2026, 12:43:41 PM IST

दिल्ली में परिवहन विभाग के लिए 8374 करोड़ का बजट

सीएम रेखा गुप्ता ने ऐलान किया कि दिल्ली में परिवहन विभाग के लिए 8374 करोड़ का बजट रखा है। हर महीने बसों की संख्या बढ़ाई जा रही है। दिल्ली में अगले वर्ष मार्च तक 5800 इलेक्टिक बेस होंगी और कुल बसों की संख्या 7500 हो जाएगी।

24 Mar 2026, 12:42:44 PM IST

दिल्ली में 10 नई गौशाला बनाई जाएंगी

सीएम रेखा गुप्ता ने ऐलान किया कि दिल्ली में गौशाला सरकार के सहयोग से चल रही हैं, लेकिन उनका पुराना भुगतान नहीं किया जा रहा था। 10 नई गौशाला बनाई जाएंगी। वहीं पुरानी की राशि जारी की जाएगी।

24 Mar 2026, 12:40:50 PM IST

दिल्ली में गिग वर्कर्स के लिए बनेंगे रेस्ट रूम

सीएम रेखा गुप्ता ने ऐलान किया कि दिल्ली में गिग वर्कर्स के लिए अटल कैंटीन के साथ जोड़कर रेस्ट रूम बनाएं जाएंगे। गिग वेलफेयर बोर्ड का गठन करेंगे। इसके साथ ही ट्रांसजेंडर और ऑटो वेलफेयर बोर्ड भी बनाएंगे।

24 Mar 2026, 12:39:18 PM IST

स्कूलों में हर साल ढाई करोड़ सेनेट्री नैपकिन बांटेंगे

दिल्ली के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाली लड़कियों के लिए हर साल ढाई करोड़ सेनेट्री नैपकिन वितरित किए जाएंगे।

24 Mar 2026, 12:38:00 PM IST

दिल्ली में बहनों को 1100 ई-ऑटो का परमिट देंगे

दिल्ली में एक हजार बहनों को ई-ऑटो का परमिट देंगे और 100 परमिट किन्नरों को देंगे।

24 Mar 2026, 12:36:38 PM IST

दिल्ली में 50 हजार नए सीसीटीवी कैमरे लगेंगे

दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा के लिए दिल्ली में डार्क स्पॉट पर नई लाइट लगाई जाएंगी। कहीं लाइट खराब होगी तो तुरंत पता लगेगा। इसके लिए 50 करोड़ का फंड रखा गया है। पिछली सरकार ने कैमरा तो लगाए लेकिन वो ठीक नहीं मिलते। इसलिए सरकार ने 225 करोड़ का फंड रखा है जिसमें 50 हजार नए सीसीटीवी कैमरे लगेंगे और उनकी देखरेख होगी।

24 Mar 2026, 12:36:04 PM IST

दिल्ली में आंगनवबाड़ी के लिए 33 करोड़ का फंड

दिल्ली में अधिकतर आंगनवबाड़ी किराये की बिल्डिंग में बदतर हालत में चल रही हैं। सरकार इन्हें बेहतर बना रही है। पालना केंद्र खोले जा रहे हैं। इसके लिए 33 करोड़ का फंड रखा है।

24 Mar 2026, 12:30:24 PM IST

हुनरमंद महिलाओं के लिए बनेगा 'रानी हाट'

सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि राजधानी में हुनरमंद महिलाओं के लिए महिला हाट खोलने जा रहे हैं, जिसके लिए 10 करोड़ का प्रावधान किया गया है। इसका नाम रानी हाट होगा।

24 Mar 2026, 12:28:51 PM IST

दिल्ली लखपति बिटिया योजना लाई सरकार

लाडली योजना में कोई जवाबदेही नहीं थी। इसकी जगह सरकार पारदर्शिता के साथ दिल्ली लखपति बिटिया योजना लाई है। बच्ची के जन्म होने से ग्रेजुएशन तक उसके बैंक खाते में रुपये डाले जाएंगे। उसे 1.20 लाख रुपये अंत में मिलेंगे।

24 Mar 2026, 12:27:57 PM IST

महिलाओं को मुफ्त बस सफर के लिए 450 करोड़ रुपये

रेखा गुप्ता ने कहा कि मुफ्त सिलेंडर के लिए 260 करोड़ का फंड रखा गया है। दिल्ली में महिलाओं को मुफ्त बस सफर के लिए 450 करोड़ रुपये रखे हैं, लेकिन इसमें भ्रष्टाचार नहीं होने देंगे।

24 Mar 2026, 12:26:28 PM IST

महिलाओं को 2500 रुपये देने के लिए 5100 करोड़ का प्रावधान

मुख्यमंत्री ने बताया कि महिला एवं बाल विकास विभाग के लिए 7406 करोड़ का बजट रखा गया है। महिला समृद्धि योजना के तहत 2500 रुपये देने का वादा किया था। इसमें 5100 करोड़ का प्रावधान किया गया है। यह योजना लगातार चलने वाली है। इस लाभ की अधिकारी बहनों को पता करने के लिए जांच कमेटी बनाई है। उस पर काम हो रहा है। जल्द सरकार पोर्टल खोलेगी जिसमे बहने आवेदन कर सकेंगी।

24 Mar 2026, 12:25:08 PM IST

समाज कल्याण के लिए 2392 करोड़ का बजट

बुजुर्गों के लिए वय आनंद योजना लाएगी। इस बार संस्थाओं को रिक्रिएशन एक्टिविटी के लिए 25 करोड़ देंगे।

झुग्गी बस्तियों के लिए और अटल कैंटीन के लिए 634 करोड़ का फंड रखा है। झुग्गियों को मकान देने की दिशा में तेजी से काम कर रहे हैं।

24 Mar 2026, 12:22:50 PM IST

दिल्ली में नए सैनिक स्कूल बनाएंगे

दिल्ली में नए सैनिक स्कूल बनाएंगे। केंद्र सरकार से दस केंद्रीय विद्यालय की मांग करेंगे। दिल्ली में प्राइवेट प्ले स्कूल है, इसके लिए पॉलिसी लेकर आएंगे।

24 Mar 2026, 12:22:38 PM IST

आईटीआई को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनाएंगे

दिल्ली में स्किल डेवलपमेंट के लिए आईटीआई को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनाएंगे, ताकि स्टार्टअप पॉलिसी से वो नौकरी देने वाला बने।

24 Mar 2026, 12:19:46 PM IST

मुफ्त साइकिल और लैपटॉप बांटने का ऐलान

रेखा गुप्ता ने बताया कि बच्चों से चर्चा की तो उन्होंने बताया कि दिल्ली सरकार की किसी भी बच्ची के पास ट्रांसपोर्ट की सुविधा नहीं होती। अब बेटियों को 9vi की एक साइकिल का उपहार मिलेगा। 9वीं क्लास में पढ़ने वाली सभी बच्चियों को सरकार मुफ्त साइकिल देगी। 10वी कक्षा में मेरिट में आने वाले में छात्रों के लिए लैपटॉप दिया जाएगा। इसके लिए बजट में 10 करोड़ रुपये का प्रावधान किया जाएग

24 Mar 2026, 12:09:21 PM IST

दिल्ली सरकार के स्कूलों में एक मेडिकल रूम तक नहीं

सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार ने शिक्षा के लिए 19 हजार करोड़ रुपये का बजट रखा है। दिल्ली सरकार के स्कूलों में एक मेडिकल रूम तक नहीं बना है। दिल्ली में आज भी ऐसे स्कूल है जिसमे एक बिल्डिंग में दो स्कूल तीन तीन दिन चलते हैं। ऐसा कभी गांव देहात में नहीं देखा। भवन निर्माण के लिए 200 करोड़ और विस्तार के लिए 275 करोड़ का प्रावधान किया है।

24 Mar 2026, 12:07:03 PM IST

रियल टाइम वेंटिलेटर वैकेंसी सिस्टम बनाएंगे

सीएम ने कहा कि रियल टाइम वेंटिलेटर वैकेंसी सिस्टम बनाएंगे। अस्पताल जाने पर कई बार पता चलता है कि आइसीयू नहीं है। इसलिए ऐसा किया जाएगा कि लोगों को पता चले कि किस अस्पताल में आईसीयू खाली है।

24 Mar 2026, 12:06:17 PM IST

बच्चों में जेनेटिक बीमारियों के लिए ‘अनमोल’ योजना

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने बजट भाषण में कहा कि जब कोई बच्चा घर में जन्म लेता है तो वह परिवार के लिए अनमोल होता है। बच्चे में कई बार जेनेटिक बीमारी होती है, लेकिन इसका पता बाद में चलता है। बच्चा परिवार पर बोझ बन जाता है। इसलिए सरकार विशेष योजना ‘अनमोल’ लेकर आई है। इसके तहत सरकार 25 करोड़ रुपये का बजट रखा है। यह 56 टेस्ट सरकार करवाएगी ताकि समय रहते बच्चे की बीमारी का पता चल सके।

24 Mar 2026, 12:04:14 PM IST

एमबीबीएस की सीटें 50 फीसदी तक बढ़ाएंगे

दिल्ली में बच्चे मेडिकल की पढ़ाई करना चाहते हैं, लेकिन इसमें सीट बहुत कम है। इस वर्ष मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस की सीट 50 फीसदी तक बढ़ाएंगे। केंद्र सरकार की मदद से यह संभव होगा।

24 Mar 2026, 12:03:19 PM IST

उपचार प्रत्येक व्यक्ति का अधिकार है, उपकार नहीं : सीएम

दिल्ली सरकार ने स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए भी बजट में कई ऐलान किए हैं। सीएम ने कहा कि इलाज प्रत्येक व्यक्ति का अधिकार है, यह उपकार नहीं है। 12645 करोड़ रुपये स्वास्थ्य विभाग को दिए गए हैं। पिछली सरकार के भ्रष्टाचार की वजह से अस्पतालों के निर्माण कार्य लटके थे। उन्होंने इतना भ्रष्टाचार किया कि पहले दिन से ही पकड़ में आ जाते। अस्पतालों को पूरा करने के लिए 515 करोड़ रुपये रखे हैं। अधूरे एलएनजेपी और हरिश्चंद्र अस्पताल का काम भी इस वर्ष पूरे किए जाएंगे। अस्पतालों में मशीन और दवाइयां खरीदने के लिए 787 करोड़ का फंड अलग से रखा है। प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना में अंत्योदय कार्ड जोड़े थे। इसमें आंगनवाड़ी कर्मचारी, दिव्यांग आदि को जोड़ा था। अब इसमें दिल्ली राज्य में रहने वाले किन्नर भी इसमें जोड़े जायेंगे। उन्होंने कहा था कि हमें किसी सूची में नहीं रखा जाता। इसके लिए 202 करोड़ का प्रावधान रखा है। दिल्ली में एक साल में के370 आयुष्मान आरोग्य मंदिर खोले हैं। इस वर्ष 750 नए आयुष्मान आरोग्य मंदिर बनायेंगे। इसके लिए 1500 करोड़ का प्रावधान किया गया है।

24 Mar 2026, 12:00:49 PM IST

नया ड्रेनेज मास्टर प्लान तैयार किया

जलभराव का समाधान क्या हो, इस पर किसी ने विचार नहीं किया। भाजपा सरकार ने अध्ययन कर नया ड्रेनेज मास्टर प्लान तैयार किया। कई ड्रेनेज को मंजूरी दी गई ताकि जलभराव को खत्म किया जा सके। इसके लिए 610 करोड़ का फंड बाढ़ नियंत्रण एवं सिंचाई विभाग को दिया गया है। पहली बार दिल्ली में 207 मीटर पर यमुना पहुंची, लेकिन बाढ़ नहीं आई। इसका कारण है दिल्ली सरकार ने डिसिल्टिंग का काम किया। फ्लड प्रोटेक्शन वाल बनाने की तैयारी है जिससे यमुना का पानी बाहर नहीं आएगा।

24 Mar 2026, 11:53:13 AM IST

दिल्ली में टैंकर व्यवस्था को खत्म किया जाएगा

दिल्ली में पानी की बर्बादी को रोकेंगे। टैंकर व्यवस्था को खत्म किया जाएगा। चंद्रावल वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के लिए 475 करोड़ का प्रावधान किया है। दिल्ली में सीवेज सिस्टम में 700 एमजीडी की क्षमता है, जिसे 1500 एमजीडी करने का लक्ष्य रखा गया है।

24 Mar 2026, 11:52:14 AM IST

सीवर और पानी के लिए पिछले वर्ष 9000 करोड़ का बजट

सीएम ने कहा कि सीवर और पानी के लिए पिछले वर्ष 9000 करोड़ का बजट रखा गया था। नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर करने के लिए इस वर्ष भी 9000 करोड़ रुपये दिए जा रहे हैं।

24 Mar 2026, 11:49:39 AM IST

दमकल विभाग को 674 करोड़ रुपये दिए जाएंगे

मुख्यमंत्री ने कहा कि पालम में आग की घटना बेहद दुखद है। दिल्ली में इस तरह से मकान बने हैं कि आग लगने पर बचना मुश्किल हो जाता है। इसलिए दमकल को मजबूत करना आवश्यक है। दमकल विभाग को 674 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। इससे नए दमकल केंद्र बनेंगे और अत्याधुनिक उपकरण खरीदे जाएंगे।

24 Mar 2026, 11:48:31 AM IST

बिजली की तारों को अंडरग्राउंड करेंगे

दिल्ली को 24 घंटे बिजली सुनिश्चित करेंगे। इसके लिए 3942 करोड़ का बजट दिया जाएगा। बिजली की तारों को अंडरग्राउंड करने के लिए 200 करोड़ रुपये दिए जाएंगे।

24 Mar 2026, 11:48:19 AM IST

दिल्ली में नालों पर सोलर पैनल लगाएंगे

सीएम रेखा गुप्ता ने ऐलान किया कि दिल्ली में नालों पर सोलर पैनल लगाए जाएंगे। कई नई पार्किंग तैयार की जा रही हैं।

24 Mar 2026, 11:41:36 AM IST

DDA संग मिल पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर साइकिल ट्रैक बनाएंगे

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार अपने नए सचिवालय का काम करेगी और कर्मचारियों के लिए सरकारी विभाग बनाएगी और मंत्रालय को बेहतर करेंगे। डीडीए के साथ मिलकर पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर साइकिल ट्रैक बनायेंगे।

24 Mar 2026, 11:40:16 AM IST

दिल्ली की प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के लिए दिए जाएंगे 5 करोड़ रुपये

सीएम रेखा गुप्ता ने ऐलान किया कि दिल्ली के बजट में इस बार सभी विधायकों को क्षेत्र में विकास के लिए 350 करोड़ रुपये रखे गए हैं। प्रत्येक विधानसभा के लिए पांच करोड़ रुपये दिए जाएंगे।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।