दिल्ली-NCR में मौसम का यू-टर्न; कल बारिश का येलो अलर्ट, 40 की रफ्तार से चलेगी हवा
Delhi Weather: पश्चिमी विक्षोभ के कारण दिल्ली-एनसीआर में बुधवार को बादल छाए रहेंगे और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश की संभावना है। हालांकि इससे गर्मी से खास राहत नहीं मिलेगी।

Delhi Mausam: दिल्ली में मौसम बदलने वाला है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से दिल्ली के साथ ही एनसीआर में बादलों की आवाजाही देखी जाएगी। IMD की मानें तो कल यानी बुधवार को दिल्ली एनसीआर में मौसम ज्यादा खराब रहेगा। मौसम विभाग ने दिल्ली के साथ ही एनसीआर के विभिन्न हिस्सों में बुधवार को गरज चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश या बूंदाबांदी की संभावना जताई है। इसके बाद मौसम साफ रहने का अनुमान है।
कल 40 की स्पीड वाली तेज हवाएं, बारिश का येलो अलर्ट
मौसम विभाग की मानें तो पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से दिल्ली के साथ ही एनसीआर में मंगलवार शाम या रात से बादल डेरा डाल देंगे। दिल्ली एनसीआर में बुधवार को पूरी तरह बादल छाए रहेंगे। बुधवार को सुबह के समय दिल्ली के साथ ही एनसीआर के कुछ जगहों पर गरज चमक के साथ हल्की बारिश होगी। इसको लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की स्पीड से हवाएं चलेंगी। इसी दिन दोपहर में भी हल्की बारिश हो सकती है।
तेज धूप से गर्मी का अहसास
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली एनसीआर में फरवरी महीने में चटख धूप से तापमान में बढ़ोतरी देखी जा रही है। इससे फरवरी के महीने में ही मार्च जैसी गर्मी का अहसास होने लगा है। दिल्ली में सोमवार को इस सीजन का सबसे गर्म दिन रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक, सफदरजंग में अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया जो सामान्य से 7.2 डिग्री अधिक है।
बारिश नहीं देगी बढ़ते तापमान से राहत
मौसम विज्ञानियों के अनुसार, हालांकि दिल्ली में होने वाली बारिश से तापमान में ज्यादा कमी नहीं देखी जाएगी। दिल्ली में 18 और 19 फरवरी को अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं 18 फरवरी को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 13 से 15 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दिल्ली में 19 से लेकर 22 फरवरी को अधिकतम तापमान 12 से 14 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किए जाने का अनुमान है।
बढ़ेगा तापमान
दिल्ली में 20 और 21 फरवरी को अधिकतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किए जाने का अनुमान है। इसके बाद भी इसमें बढ़ोतरी जारी रहेगी। दिल्ली में 22 और 23 फरवरी को अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किए जाने का अनुमान है। फरवरी को दिल्ली में न्यूनतम तापमान भी बढ़कर 14 से 16 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया जा सकता है। कुल मिलाकर इस हफ्ते मौसम में बड़ा फेरबदल देखने को मिलेगा।





साइन इन