दिल्ली विधानसभा सुरक्षा चूक मामले की आतंकी एंगल से भी जांच, आरोपी के फोन की तलाश
पुलिस दिल्ली विधानसभा की सुरक्षा में सेंध लगाने के आरोपी सरबजीत की ओर से अपनाए गए पूरे मार्ग का पता लगाने की योजना बना रही है। सूत्रों ने बुधवार को बताया कि मामले की आतंकी एंगल से भी जांच की जा रही है।

दिल्ली विधानसभा की सुरक्षा में सेंध लगाने वाले आरोपी सरबजीत सिंह से पुलिस गहन पूछताछ कर रही है। पीलीभीत का सरबजीत सोमवार को गेट नंबर दो का बैरियर तोड़कर अपनी एसयूवी से अंदर घुस गया था। पुलिस इस घटना की आतंकी एंगल से भी जांच कर रही है। पुलिस की जांच का फोकस आरोपी का गायब हो चुका मोबाइल फोन है जिसे उसने हरियाणा के पास कहीं फेंक दिया था। पुलिस को संदेह है कि फोन में महत्वपूर्ण सबूत या साजिश से जुड़ी जानकारी हो सकती है।
दिल्ली आने से पहले कहां रुका था सरबजीत? हो रही जांच
सूत्रों के अनुसार, जांचकर्ता पीलीभीत के रहने वाले 37 साल के सरबजीत सिंह को उन जगहों पर ले जाएंगे जहां वह दिल्ली आने से पहले रुका था ताकि पूरी घटना का सिलसिलेवार पता लगाया जा सके। पुलिस आरोपी सरबजीत के दावों की सच्चाई जानना चाहती है। पुलिस पता कर रही है कि क्या सरबजीत को इस हाई-सिक्योरिटी वाले इलाके में घुसने के लिए किसी की मदद मिली थी या उसने पहले यहां की रेकी की थी।
गायब फोन की खोजबीन
पुलिस को पता चला है कि सरबजीत ने दिल्ली आते समय अपना मोबाइल फोन या तो तोड़ दिया या कहीं फेंक दिया था। पुलिस गायब फोन को ढूंढने की कोशिश कर रही है। पुलिस को शक है कि मोबाइल में कई जरूरी सबूत जैसे कि किन लोगों से बात हुई और क्या मैसेज भेजे गए मिल सकते हैं। सूत्रों का कहना है कि फोन खोजने के लिए टीमें लगा दी गई हैं। पुलिस पता लगा रही है कि क्या सरबजीत किसी के संपर्क में था? कहीं सब पहले से तय तो नहीं था?
आतंकी एंगल से भी छानबीन
पुलिस ने आरोपी की 10 दिनों की हिरासत मांगी थी ताकि यूपी और पंजाब में उसकी गतिविधियों और उसके साथियों की भूमिका के बारे में जांच की जा सके। आरोपी के मोबाइल में आपत्तिजनक सामग्री हो सकती है जिसे शायद हरियाणा में कहीं फेंका गया है। सरबजीत प्रतिबंधित क्षेत्र तक कैसे पहुंचा? वीआईपी वाहन में कैसे दाखिल हुआ? पुलिस इस मामले में संभावित आतंकी एंगल की भी जांच कर रही है।
दो को किया सस्पेंड
पुलिस सूत्रों ने बताया कि हर एंगल से घटना की जांच की जा रही है ताकि किसी भी सुरक्षा खतरे या बड़ी साजिश का पता लगाया जा सके। इस बीच दिल्ली पुलिस ने विधानसभा की सुरक्षा में हुई चूक के मामले में अपनी सुरक्षा यूनिट के दो कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है। शुरुआती जांच के आधार पर दिल्ली पुलिस के एक सब-इंस्पेक्टर और एक असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर को सस्पेंड कर दिया गया है। मामले की जांच जारी है।




साइन इन