दिल्ली विधानसभा में घुसने वाले पीलीभीत के सरबजीत के परिजनों से पूछताछ; लगीं ये धाराएं
दिल्ली विधानसभा के प्रतिबंधित वीआईपी गेट को अपनी एसयूवी से तोड़कर एक शख्स अंदर घुस गया। उसने अध्यक्ष की कार के पास गुलदस्ता रखा और फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर सुरक्षा चूक की जांच शुरू कर दी है।

दिल्ली में सोमवार को एक शख्स लोहे के गेट को कार से टक्कर मारता हुआ विधानसभा परिसर में घुस गया। दिल्ली विधानसभा के उच्च सुरक्षा वाले वीवीआईपी गेट पर हुई इस घटना से अफरा-तफरी मच गई। आरोपी ने सुरक्षा घेरा तोड़कर विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता की गाड़ी के पास फूलों का गुलदस्ता रखा और फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के समय अध्यक्ष अपने कार्यालय में ही थे। पुलिस इसे सुरक्षा में बड़ी चूक मान रही है।
फाटक को टक्कर मारते हुए एंट्री
दिल्ली पुलिस के अनुसार, घटना अपराह्न करीब दो बजे हुई। सरबजीत नाम के आरोपी ने अपनी सफेद टाटा सिएरा एसयूवी से विधानसभा परिसर के दो नंबर गेट पर लगे बैरियर और लोहे के फाटक को टक्कर मारते हुए दाखिल हुआ। आरोपी पीलीभीत यूपी का निवासी है। वह विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता के कार्यालय की ओर गया और वहां ड्योढ़ी (पोर्च) के पास गुलदस्ता रखकर तेजी से फरार हो गया।
सरबजीत समेत हिरासत में 3 लोग
बाद में दिल्ली पुलिस ने उत्तर दिल्ली से कार चालक सरबजीत समेत 3 लोगों को हिरासत में ले लिया और वारदात में इस्तेमाल सफेद टाटा सिएरा को भी जब्त कर लिया। घटना के बाद बम निरोधक दस्ते समेत कई पुलिस टीमें मौके पर पहुंचीं और गहन छानबीन की। इसके साथ ही दिल्ली में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया। सफेद टाटा सिएरा का रजिस्ट्रेशन नंबर यूपी का था जो सरबजीत के नाम पर रजिस्टर्ड है।
सुरक्षा चूक मान रहे अधिकारी
दिल्ली सचिवालय के एक अधिकारी ने बताया कि इस घटना से सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा हो गई हैं। पुलिस के आला अधिकारी इसे सुरक्षा चूक मान रहे हैं। घटना के तुरंत बाद विशेष पुलिस आयुक्त (कानून और व्यवस्था) रवींद्र यादव घटनास्थल पर पहुंचे और जांच प्रक्रिया की समीक्षा की। यह घटना ऐसे वक्त हुई है जब हाल ही में विधानसभा को बम की धमकी मिली थी।
हत्या के प्रयास के साथ ये धारा लगाईं
स्पेशल सेल और जिला पुलिस की टीमें सरबजीत से लगातार पूछताछ कर रही हैं। डीसीपी राजा बांठिया ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास, अपराध करने की नीयत से अवैध तौर पर परिसर में घुसने, सरकारी कर्मी पर हमला और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान करने की धारा में सिविल लाइंस थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
सरबजीत के परिजनों से पूछताछ
घटना के बाद पुलिस सरबजीत सिंह के पीलीभीत स्थित घर पर पहुंच गई और परिजनों से पूछताछ की। पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रतीक दहिया और कोतवाली प्रभारी पवन पांडे ने सर्वजीत की पत्नी मंदीप कौर सहित परिजनों से पूछताछ की। परिजनों का कहना था कि सरबजीत की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। सरबजीत का इलाज शाहजहांपुर के एक अस्पताल में चल रहा है। सरबजीत अपने भांजे हरमनदीप की तलाश में दिल्ली गया था। हरमनदीप एक अप्रैल से लापता है।




साइन इन