dekho meri dilli double decker tourist bus service launched know about ticket अब डबल डेकर इलेक्ट्रिक बस से करें दिल्ली की सैर; कहां मिलेगा टिकट, कितना किराया?, Ncr Hindi News - Hindustan
More

अब डबल डेकर इलेक्ट्रिक बस से करें दिल्ली की सैर; कहां मिलेगा टिकट, कितना किराया?

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली में ‘देखो मेरी दिल्ली’ नामक अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक डबल डेकर बस सेवा की शुरुआत की है। 63 सीटों वाली यह बस पर्यटकों को दिल्ली हाट से इंडिया गेट और प्रधानमंत्री संग्रहालय जैसे प्रमुख स्थलों की सैर कराएगी। 

Fri, 27 Feb 2026 08:14 PMKrishna Bihari Singh लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share
अब डबल डेकर इलेक्ट्रिक बस से करें दिल्ली की सैर; कहां मिलेगा टिकट, कितना किराया?

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को रफी मार्ग से दिल्ली पर्यटन की अत्याधुनिक डबल डेकर इलेक्ट्रिक टूरिस्ट बस सेवा ‘देखो मेरी दिल्ली’ को हरी झंडी दिखाकर दिल्ली के पर्यटन क्षेत्र में एक नई शुरुआत की। मुख्यमंत्री ने इस पहल को सरकार की दूरदर्शी नीति और पीपीपी मॉडल के सफल क्रियान्वयन का अनूठा उदाहरण बताया। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री, पर्यटन मंत्री, मीडिया प्रतिनिधियों और अधिकारियों ने बस में सवार होकर प्रधानमंत्री संग्रहालय तक की यात्रा की।

कहां से मिलेगी डबल डेकर की टिकट

इस बस की बुकिंग दिल्ली पर्यटन की आधिकारिक वेबसाइट www.delhitourism.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन की जा सकती है। इसके अलावा दिल्ली पर्यटन विभाग के निम्नलिखित सूचना केंद्रों से ऑफलाइन टिकट उपलब्ध होगी। इन केंद्रों में सेंट्रल रिजर्वेशन ऑफिस, कॉफी होम, बाबा खड़क सिंह मार्ग, हनुमान मंदिर के सामने, कनॉट प्लेस, आई-सेंटर (दिल्ली पर्यटन), बाबा खड़क सिंह मार्ग, कनॉट प्लेस, इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय घरेलू हवाई अड्डा- टर्मिनल 1, ट्रांसपोर्ट ऑफिस, वेस्ट किदवई नगर, श्री अरबिंदो मार्ग, आईएनए मार्केट के सामने, दिल्ली हाट (आईएनए) के पास और ट्रैवल डिवीजन- दिल्ली हाट (आईएनए) शामिल हैं।

कितना किराया?

इस बस का किराया 500 रुपये के साथ 5 प्रतिशत जीएसटी भी जोड़ा गया है। वहीं 5 से 10 साल तक के बच्चे का किराया 300 रुपये और 5 प्रतिशत जीएसटी भी होगा। पांच वर्ष से कम उम्र के बच्चे इस बस में मुफ्त यात्रा कर सकेंगे।

इन जगहों पर ले जाएगी बस

दिल्ली पर्यटन विभाग की ओर से हिंदुजा कंपनी के सहयोग से शुरू की गई यह बस पूरी तरह से इलेक्ट्रिक तकनीक पर आधारित है। यह यात्रा हर रोज सुबह 9.00 बजे दिल्ली हाट, आईएनए से शुरू होगी। बस अपने सफर में विजय चौक, राष्ट्रपति भवन, नॉर्थ और साउथ ब्लॉक, नेशनल म्यूजियम, नेशनल गैलरी ऑफ मॉडर्न आर्ट, प्रधानमंत्री संग्रहालय, नेशनल वॉर मेमोरियल और इंडिया गेट जाएगी। अंत में बस वापस दिल्ली हाट आईएनए पर ही खत्म होगी।

एक ही यात्रा में दिल्ली की विरासत का पूरा अनुभव

इस अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह पहल दिल्ली को आधुनिक और विश्वस्तरीय पर्यटन स्थल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण है। दिल्ली अपनी ऐतिहासिक धरोहर के साथ-साथ भारत मंडपम, यशोभूमि, नए संसद भवन, सेंट्रल विस्टा और प्रधानमंत्री संग्रहालय जैसे आधुनिक निर्माणों के कारण दुनिया भर में नई पहचान बना रही है। यह बस सेवा पर्यटकों को एक ही यात्रा में दिल्ली की विरासत और आधुनिकता का पूरा अनुभव देगी।

63 सीटों वाली बस से होगी यादगार यात्रा

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि आधुनिक सुविधाओं, उन्नत सुरक्षा व्यवस्था और खुले ऊपरी डेक वाली यह 63 सीटों वाली बस पर्यटकों को आरामदायक और यादगार यात्रा का अनुभव देगी। साथ ही यह प्रदूषण कम करने में भी मदद करेगी। उन्होंने भरोसा जताया कि इस नई सेवा से देश-विदेश के पर्यटकों को एक ही यात्रा में दिल्ली की विरासत और आधुनिकता का खास अनुभव मिलेगा और इससे राजधानी की साफ-सुथरी और बेहतर वैश्विक छवि और मजबूत होगी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:दिल्ली के इस इलाके को मिल इतनी सौगात; सीवर लाइन, ड्रेनेज व सड़कों का हुआ उद्घाटन
ये भी पढ़ें:दिल्ली के सीएम श्री स्कूलों में एडमिशन की प्रक्रिया शुरू, कब से और कैसे आवेदन
ये भी पढ़ें:दिल्ली की 28 सड़कों को लटकते तारों से मिलेगी मुक्ति, इस इलाके से हुई शुरुआत
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।