दिल्ली के इस इलाके को सीएम ने दी विकास कार्यों की सौगात; सीवर लाइन, ड्रेनेज व सड़कों का किया उद्घाटन
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए, ताकि आम जनता को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण और उद्घाटन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पीतमपुरा के पीयू ब्लॉक में नई सीवर लाइन बिछाने के कार्य का उद्घाटन किया। इस परियोजना के पूर्ण होने से क्षेत्र के निवासियों को वर्षों पुरानी सीवर संबंधी समस्याओं से राहत मिलेगी, साथ ही इलाके में स्वच्छ व सुचारु जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित होगी। इसके अलावा उन्होंने क्यूयू ब्लॉक में सड़कों एवं नालियों के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया, जिससे स्थानीय स्तर पर जलभराव की समस्या का समाधान होगा।
कई सड़कों को मजबूत बनाने के कार्य का उद्घाटन किया
मुख्यमंत्री ने आउटर रिंग रोड, पीतमपुरा पर SU-TU-MU, TU-SU-UU और LU-QU की सड़कों के सुदृढ़ीकरण कार्य का भी उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि इन विकास कार्यों से क्षेत्र की यातायात व्यवस्था बेहतर होगी, नागरिकों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी तथा शहरी बुनियादी ढांचा और ज्यादा मजबूत होगा। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार राजधानी के हर क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध है और विकास कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जा रहा है।
सीएम बोलीं- विकास की रफ्तार होगी और तेज
इस बारे में सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने लिखा कि आज पीतमपुरा में कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों का उद्घाटन किया। उन्होंने बताया कि पिछले एक साल में शालीमार बाग की लीगेसी प्रॉब्लम्स के समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाए गए हैं। स्वास्थ्य, शिक्षा और इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े कई प्रोजेक्ट तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।
🔹PU ब्लॉक में पुरानी और क्षतिग्रस्त सीवर लाइनों को बदलने का काम शुरू हुआ है।
🔹QU ब्लॉक में नई लेन और नालियों के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया।
🔹आउटर रिंग रोड से जुड़े ब्लॉकों में पूरे किए गए विकास कार्यों को जनता को समर्पित किया गया।
'योजनाबद्ध तरीके से कर रहे हम काम'
गुप्ता ने कहा कि विकास की यह रफ्तार अब और तेज होगी। हर गली, हर ब्लॉक और हर परिवार तक बेहतर सुविधाएं पहुंचाने के लिए हम योजनाबद्ध तरीके से काम कर रहे हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए, ताकि आम जनता को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार सीवर, सड़क, ड्रेनेज और शहरी बुनियादी ढांचे के समग्र विकास पर विशेष ध्यान दे रही है, जिससे राजधानी के प्रत्येक क्षेत्र में स्वच्छता, सुगमता और बेहतर जीवन स्तर सुनिश्चित हो सके।




साइन इन