दिल्ली के 700 पार्कों को नए सिरे से संवारेगा DDA, ओपन जिम और झूलों से लेकर ये होंगे काम
दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) ने राजधानी के 700 पार्कों को नए सिरे से संवारने की योजना बनाई है। इसके तहत इन सभी पार्कों में बच्चों के लिए नए झूले लगाए जाएंगे। इसके साथ ही युवाओं और बुजुर्गों के लिए ओपन जिम भी बनाए जाएंगे।

दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) ने राजधानी के 700 पार्कों को नए सिरे से संवारने की योजना बनाई है। इसके तहत इन सभी पार्कों में बच्चों के लिए नए झूले लगाए जाएंगे। इसके साथ ही युवाओं और बुजुर्गों के लिए ओपन जिम भी बनाए जाएंगे। इस योजना की सबसे खास बात यह है कि अब इन पार्कों की सिंचाई व बागवानी व्यवस्था के लिए भूजल का उपयोग नहीं होगा। इन पार्कों में बागवानी कार्यों के लिए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसीटीपी) के पानी का इस्तेमाल किया जाएगा।
डीडीए के अधिकारियों के मुताबिक, दिल्ली में प्राधिकरण के सात सौ से अधिक पार्कों का पुनर्विकास व नवीनीकरण किया जाएगा। इसमें डीडीए के बड़े जिला पार्क भी शामिल हैं। डीडीए के अधीनस्थ लगभग 111 जिला पार्क हैं। ये पार्क 1500 एकड़ में फैले हैं। इन पार्कों को नए तरीके से विकसित करने के लिए एक सलाहकार को जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह तीन महीने में डीडीए को विस्तृत कार्ययोजना सौंपेगा। इस दौरान डीडीए की टीमें सभी पार्कों का आंतरिक सर्वे भी करेंगी।
बागवानी के लिए नजदीकी एसटीपी से लेंगे पानी
अधिकारियों ने बताया कि डीडीए पार्कों के नजदीक स्थित विभिन्न एसटीपी के पानी का उपयोग बागवानी के कार्यों में करेंगे। इसके लिए पार्कों में कार्यरत डीडीए के कर्मचारियों को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। इस योजना के क्रियान्वयन के बाद पार्कों की हर महीने रिपोर्ट भी तैयार होगी। पार्कों में नए किस्म के फूलों के पौधे भी लगाए जाएंगे।
● डीडीए 700 से अधिक पार्कों का पुनर्विकास करेगा। कुछ पार्कों में लोगों की सुविधा के लिए नए ट्रैक भी बनाए जा रहे
● परियोजना के तहत भूमिगत जल पर निर्भरता खत्म की जाएगी। इस कार्य में एसटीपी के पानी का इस्तेमाल किया जाएगा
● पार्कों में फिटनेस और खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए नए झूले, ओपन जिम और मैदानों को विकसित किए जाएंगे
● निजी एजेंसी के सहयोग से पार्कों के हरित क्षेत्र को बेहतर बनाएंगे
सांस्कृतिक केंद्र बांसेरा पार्क में विकसित होगा
सराय काले खां स्थित 28 एकड़ में फैले बांसेरा पार्क को प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की तैयारी है। दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) यहां कई नई परियोजनाएं शुरू कर रहा है, जिन्हें एक वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। पार्क में सांस्कृतिक केंद्र, फूड हब और बच्चों के लिए किड्स जोन विकसित किए जाएंगे। साथ ही विभिन्न प्रजातियों के पौधे और फूल लगाए जाएंगे, जिससे इसकी सुंदरता बढ़ेगी। मौजूदा म्यूजिकल फाउंटेन का भी विस्तार किया जाएगा।




साइन इन