DDA दिल्ली के बांसेरा पार्क में करेगा ग्रीन एक्सपो का आयोजन, 2 दिन के ईवेंट में क्या-क्या होगा खास; जानें डेट से लेकर सब
दिल्ली विकास प्राधिकरण राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली को हरित, टिकाऊ और जलवायु-अनुकूल शहर के रूप में विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए शहर का पहला डीडीए ग्रीन एक्सपो 2026 आयोजित करने जा रहा है।

दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली को हरित, टिकाऊ और जलवायु-अनुकूल शहर के रूप में विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए शहर का पहला "डीडीए ग्रीन एक्सपो 2026" आयोजित करने जा रहा है। यह दो दिवसीय राष्ट्रीय स्तर का एक्सपो 14 और 15 फरवरी 2026 को नई दिल्ली स्थित बांसेरा पार्क में आयोजित किया जाएगा। एक्सपो का मुख्य उद्देश्य सतत शहरी विकास, शहरी हरियाली और प्रकृति-आधारित समाधानों को बढ़ावा देना है। यह एक्सपो उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना के नेतृत्व में यमुना बाढ़ के मैदानों के कायाकल्प के सफल प्रयोगों से प्रेरित है।
उन्होंने असिता, बांसेरा, वासुदेव घाट और यमुना वाटिका जैसे सार्वजनिक हरित स्थलों के विकास ने न केवल यमुना के बाढ़ क्षेत्र को पुनर्जीवित किया है, बल्कि दिल्लीवासियों को नदी के करीब लाने का भी कार्य किया है। इन्हीं प्रयासों की निरंतरता में डीडीए ग्रीन एक्सपो 2026 को एक ऐसे मंच के रूप में परिकल्पित किया गया है, जो शहरी नियोजन और विकास में पर्यावरणीय स्थिरता और जलवायु-प्रथम दृष्टिकोण को केंद्र में रखता है।
एक्सपो के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उपराज्यपाल एवं डीडीए अध्यक्ष श्री सक्सेना ने कहा कि आज शहरों को पारंपरिक विकास मॉडल से आगे बढ़कर स्थिरता, लचीलापन और नागरिकों की भलाई को विकास के केंद्र में रखना होगा। उन्होंने कहा कि राजधानी में ऐसे शहरी विकास की आवश्यकता है, जिसमें जलवायु को प्राथमिकता देने वाली सोच, हरित प्रौद्योगिकी का उपयोग, स्थानीय लैंडस्केपिंग, जल और अपशिष्ट प्रबंधन योजनाओं तथा प्रकृति-आधारित समाधानों को हर परियोजना का हिस्सा बनाया जाए।
सक्सेना के अनुसार, डीडीए ग्रीन एक्सपो 2026 विभिन्न हितधारकों को एक मंच पर लाकर भविष्य की पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, हरित और अधिक अनुकूल शहरों के निर्माण की दिशा में सामूहिक प्रयासों को गति देगा। डीडीए उपाध्यक्ष एन. सरवण कुमार ने कहा कि ग्रीन एक्सपो 2026 यह दर्शाता है कि दिल्ली विकास प्राधिकरण शहरी विकास को लेकर आज किस प्रकार समाधान-आधारित और व्यावहारिक दृष्टिकोण अपना रहा है। उन्होंने बताया कि यह एक्सपो शहरी हरियाली, परिदृश्य बहाली और स्थायी बुनियादी ढांचे में नवाचारों को प्रदर्शित करने का मंच बनेगा। ज्ञान के आदान-प्रदान, साझेदारी और नागरिक सहभागिता के माध्यम से डीडीए का उद्देश्य दिल्ली के शहरी पारिस्थितिकीय तंत्र में जलवायु-अनुकूल प्रथाओं को तेजी से अपनाना है।
क्या होगा खास?
डीडीए ग्रीन एक्सपो 2026 को वैश्विक सर्वोत्तम प्रथाओं के अनुरूप एक बेंचमार्क-स्थापित राष्ट्रीय मंच के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसमें अंतरराष्ट्रीय विचारकों, नीति निर्माताओं, शहरी नियोजन विशेषज्ञों, शोध संस्थानों, निजी क्षेत्र, स्टार्टअप्स और छात्रों की भागीदारी होगी। एक्सपो के माध्यम से भविष्य के लिए तैयार और जलवायु-अनुकूल भारतीय शहरों की रूपरेखा पर व्यापक मंथन किया जाएगा।
दो दिवसीय एक्सपो में प्रदर्शनी, लाइव डेमोंस्ट्रेशन और विशेषज्ञों के सत्र आयोजित किए जाएंगे। इसमें सतत शहरी पारिस्थितिकी तंत्र, हरित बुनियादी ढांचे, जल प्रबंधन, अपशिष्ट प्रबंधन, शहरी जैव-विविधता और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने वाले स्केलेबल और अनुकरणीय मॉडल प्रस्तुत किए जाएंगे। इसके साथ ही पैनल चर्चाओं, ज्ञान-साझाकरण सत्रों और नेटवर्किंग के अवसरों के जरिए सरकारी संस्थानों, शोध संगठनों और निजी क्षेत्र के बीच सहयोग को प्रोत्साहित किया जाएगा। इस दौरान रणनीतिक साझेदारियों और समझौता ज्ञापनों को औपचारिक रूप देने की भी योजना है।




साइन इन