TMC में टूट के बीच कांग्रेस नेता ने ममता बनर्जी के जख्म पर नमक रगड़ दिया, कहा- नीतीश को रोका इसलिए जीते मोदी
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद अब ममता बनर्जी पार्टी की टूट से जूझ रही है। विधायकों और सांसदों की बागवत के बीच कांग्रेस पार्टी के एक नेता ने उनके जख्म पर नमक रगड़ते हुए विलय का सुझाव दिया है।

पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और टूट रही तृणमूल कांग्रेस की सर्वेसर्वा ममता बनर्जी के लिए हालात इन दिनों बेहद विपरीत हैं। एक दिन पहले जहां वह सोनिया गांधी और राहुल गांधी के साथ 'इंडिया गठबंधन' को मजबूत करने पर मंथन कर रही थीं तो अब उन पर कांग्रेस से ही एक बड़ा हमला भी हुआ है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता उदित राज ने उन्हें कसूरवार ठहराते हुए कहा है कि ममता बनर्जी और अरविंद केजरीवाल की वजह से ही नरेंद्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बने।
पूर्व सांसद ने कहा कि इन दो नेताओं ने ही नीतीश कुमार को गठबंधन का संयोजक नहीं बनने दिया और वह एनडीए में चले गए। ममता बनर्जी की हार और अब पार्टी में टूट को लेकर 'जैसा बोओगे, वैसा काटोगे' वाला तंज कसते हुए उदित राज ने ममता बनर्जी के जख्म पर नमक रगड़ा और उन्हें विलय का सुझाव दे डाला।
मोदी की जीत के लिए ममता बनर्जी को बताया जिम्मेदार
उदित राज ने याद किया कि किस तरह नीतीश कुमार ने इंडिया गठबंधन के लिए माहौल बनाया, लेकिन ममता बनर्जी और अरविंद केजरीवाल की वजह से वह दूसरे खेमे में चले गए। उन्होंने कहा कि असल में राहुल गांधी को रोकने के लिए ऐसा किया गया। भाजपा के टिकट पर दिल्ली से लोकसभा सांसद रहे उदित राज ने कहा, 'ममता दीदी और (अरविंद) केजरीवाल के कृत्यों की वजह से ही मोदी जी प्रधानमंत्री बने। जो बोया, वही काट रहे हैं। नीतीश कुमार ने पूरे देश में घूम-घूमकर इंडिया गठबंधन के लिए माहौल बनाया था, लेकिन इन दोनों ने उन्हें गठबंधन का संयोजक नहीं बनने दिया, जिसके कारण वे गठबंधन छोड़कर चले गए। यदि यह गलती न हुई होती, तो बीजेपी 150 सीटों के नीचे रह जाती। लेकिन इन दोनों की प्राथमिकता राहुल गांधी जी को रोकना थी।'
टीएमसी के विलय का सुझाव
पहले आम आदमी पार्टी और अब टीएमसी में टूट-फूट की ओर इशारा करते हुए उदित राज ने कहा कि पुरानी कहावत सच हो गई है। उन्होंने कहा, 'राहुल गांधी जी तो नहीं रुके, लेकिन इन दोनों के साथ जो हुआ वह सब देख रहे हैं। कभी-कभी यह कहावत सच साबित हो जाती है कि 'जैसा बोओगे, वैसा काटोगे।'' टीएमसी में टूट के बीच इंडिया गठबंधन की बैठक को लेकर दलित नेता ने कहा कि अब ममता दीदी को ईमानदारी से गठबंधन का साथ निभाना चाहिए। उन्होंने चुटकी लेते हुए टीएमसी का विलय करने की सलाह भी दी। कभी कांग्रेस से अलग होकर अलग पार्टी बनाने वाली ममता से उदित राज ने कहा, 'वे चाहें तो अपनी पार्टी का विलय भी कर सकती हैं, लेकिन यह पूरी तरह उन्हीं पर निर्भर करता है।'




साइन इन