हापुड़ की ओर NH-9 पर 3 दिन नहीं चलेंगे कमर्शियल वाहन, ट्रैफिक पुलिस ने जारी किया रूट प्लान
ज्येष्ठ दशहरा पर गढ़मुक्तेश्वर में गंगा स्नान को देखते हुए गाजियाबाद पुलिस ने रूट डायवर्जन प्लान जारी की है। गंगा स्नान के लिए लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। 23 मई की रात आठ बजे से 26 मई तक हापुड़ की ओर जाने वाले सभी प्रकार के भारी व्यावसायिक वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

ज्येष्ठ दशहरा पर गढ़मुक्तेश्वर में गंगा स्नान को देखते हुए गाजियाबाद पुलिस ने रूट डायवर्जन प्लान जारी की है। गंगा स्नान के लिए लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। 23 मई की रात आठ बजे से 26 मई को कार्यक्रम के खत्म होने तक हापुड़ की ओर जाने वाले सभी प्रकार के भारी व्यावसायिक वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
डीसीपी ट्रैफिक त्रिगुण बिसेन ने बताया कि ज्येष्ठ दशहरा पर्व के दौरान गढ़मुक्तेश्वर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए पहुंचते हैं। हर वर्ष एनएच-नौ और गढ़ क्षेत्र में भारी वाहनों और श्रद्धालुओं के वाहनों के कारण यातायात व्यवस्था बाधित होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए पहले से वाहनों की मार्ग परिवर्तन की योजना तैयार की गई है।
योजना के अनुसार, अमरोहा, मुरादाबाद, बरेली, लखनऊ और पूर्वी उत्तर प्रदेश की ओर जाने वाले सभी भारी व्यावसायिक वाहनों का एनएच-नौ पर गाजियाबाद से हापुड़ की तरफ आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे में सभी वाहनों को डासना से ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर भेजा किया जाएगा। यहां से भारी व्यावसायिक वाहन सिकंदराबाद, बुलंदशहर, डिबाई और नरौरा होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।
कुंडली-पलवल से आने वाले वाहनों पर भी रोक
डीसीपी ट्रैफिक के मुताबिक, कुंडली और पलवल की ओर से ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे के जरिए हापुड़ की ओर आने वाले भारी व्यावसायिक वाहनों पर भी प्रतिबंध रहेगा। ऐसे वाहनों को निकास संख्या-4ए से एनएच-नौ पर उतरने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इन वाहनों को डासना निकास से नीचे उतरने के बजाय सीधे ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे का प्रयोग करते हुए सिकंदराबाद, बुलंदशहर, डिबाई और नरौरा मार्ग से आगे भेजा जाएगा। डीसीपी का कहना है कि यदि भारी वाहनों को एनएच-नौ पर प्रवेश दिया गया तो गढ़मुक्तेश्वर मार्ग पर भारी जाम लग सकता है।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता
डीसीपी ट्रैफिक का कहना है कि ज्येष्ठ दशहरा पर्व के दौरान गढ़मुक्तेश्वर में हजारों की संख्या में निजी वाहन, बसें और अन्य साधन पहुंचते हैं। पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस और स्थानीय पुलिस संयुक्त रूप से व्यवस्था संभालेगी। उन्होंने बताया कि एनएच-नौ पर यातायात का दबाव कम रखने के लिए यह मार्ग परिवर्तन योजना लागू की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े और आपातकालीन सेवाओं का संचालन भी सुचारु बना रहे। उन्होंने वाहन चालकों और आम लोगों से अपील की है कि असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और यातायात परामर्शी की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।




साइन इन