दिल्ली में चली शीतलहर, 2 दिन भीषण ठंड का ऑरेंज अलर्ट; पालम में टूटा 13 साल का रिकॉर्ड
Delhi Mausam: दिल्ली के कई मौसम केंद्रों पर शीतलहर का प्रकोप देखा गया। पालम में ठंड ने रविवार को पिछले 13 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। पालम में बीते 13 वर्षों का सबसे कम न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

दिल्ली में रविवार को कई केंद्रों पर शीतलहर चली। इससे कुछ जगहों पर न्यूनतम तापमान 3.0 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया। पालम में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गयाए जो पिछले 13 वर्षों में सबसे कम है। मौसम विभाग ने सोमवार और मंगलवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जबकि बुधवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। अगले दो दिनों तक तापमान में और गिरावट आने की संभावना है।
कई जगहों पर चली शीतलहर
मौसम विभाग ने बताया कि दिल्ली के कई मौसम केंद्रों पर शीतलहर चली। IMD के अनुसार, शीतलहर की स्थिति तब घोषित की जाती है जब न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस से 6.4 डिग्री सेल्सियस तक कम हो जाता है।
कितना रहा तापमान?
मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 18.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 1.1 डिग्री कम था। वहीं न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 2.6 डिग्री कम दर्ज किया गया। दिल्ली में आर्द्रता का अधिकतम स्तर 100 फीसदी और न्यूनतम स्तर 53 फीसद दर्ज किया गया।
पालम में ठंड ने तोड़ा 13 साल का रिकॉर्ड
दिल्ली के पालम में रविवार को कड़ाके की ठंड ने पिछले 13 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। पालम में रविवार को न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 4.3 डिग्री कम दर्ज किया गया। यह पिछले 13 वर्षों में सबसे कम है। इससे पहले पालम में 7 जनवरी 2013 को न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस रहा था। पालम में अब तक का सबसे कम तापमान 11 जनवरी 1967 को शून्य से 2.2 डिग्री नीचे दर्ज किया गया था।
इन जगहों पर न्यूनतम तापमान 4 डिग्री से नीचे
आयानगर में न्यूनतम तापमान 2.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 4.2 डिग्री कम है। वहीं रिज में न्यूनतम तापमान 3.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 4.4 डिग्री कम रहा। लोधी रोड पर न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 1.4 डिग्री कम है। दिल्ली के मानक सफदरजंग स्टेशन में न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 2.6 डिग्री कम है।
दो दिन शीतलहर का ऑरेंज अलर्ट
Delhi Weather Centre ने सोमवार और मंगलवार को शीतलहर की स्थिति बने रहने की आशंका जताई है क्योंकि राजधानी के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट आ सकती है। सोमवार और मंगलवार के मौसम के बारे में मौसम विभाग का कहना है कि सुबह मध्यम से छिछला कोहरा होने की संभावना है। दिन में अनेक स्थानों पर शीतलहर चलने की संभावना है। मौसम विभाग की ओर से इसको लेकर दोनों ही दिन के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

चलेंगी सर्द हवाएं
हालांकि दोनों ही दिन यानी सोमवार और मंगलवार को आसमान मुख्यत: साफ रहेगा। सुबह से शाम तक पश्चिमी और उत्तर पश्चिमी सर्द हवाएं चलेंगी। हवा की स्पीड 5 से 10 किलो मीटर प्रति घंटा तक देखी जा सकती है। दोनों ही दिन न्यूनतम तापमान 2 से 5 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।




साइन इन