राजस्थान में जमा देने वाली ठंछ, फतेहपुर में -2 डिग्री तापमान; रेड और ऑरेंज अलर्ट
Rajasthan Mausam: राजस्थान के कुछ हिस्सों में रविवार को भीषण शीतलहर की स्थिति दर्ज की गई। मौसम विभाग की ओर से राजस्थान के कुछ जिलों में कोहरे के साथ गंभीर शीतलहर का रेड अलर्ट तो कुछ जिलों में ऑरेज अलर्ट जारी किया गया है।

देश के कई हिस्सों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। राजस्थान में भी सर्दी का सितम जारी है। रविवार को राजस्थान के कुछ इलाकों में भीषण शीतलहर चली और पूर्वी तथा पश्चिमी हिस्सों में घना कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग ने 12 और 13 जनवरी को राजस्थान के अलग-अलग जिलों में कड़ाके की शीतलहर के साथ घने कोहरे की चेतावनी दी है। राजस्थान के कुछ जिलों में इसको लेकर रेड अलर्ट तो कुछ जिलों में ऑरेज अलर्ट जारी किया गया है।
देखा जा रहा घना कोहरा
राजस्थान में अधिकतर स्थानों पर न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। राजधानी जयपुर में रविवार सुबह 9.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने बताया कि पूर्वी राजस्थान के कुछ स्थानों पर अत्यंत घना कोहरा देखा गया, जबकि पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में घना कोहरा दर्ज किया गया।
फतेहपुर में माइनस 2 डिग्री न्यूनतम तापमान
मौसम विभाग के अनुसार, फतेहपुर में रविवार को न्यूनतम तापमान शून्य से दो डिग्री जबकि नौगौर में शून्य से एक डिग्री सेल्सियस नीचे रिकॉर्ड किया गया। पिलानी में न्यूनतम तापमान 1.2 डिग्री, सीकर में 1.7 डिग्री, बीकानेर के लूणकरनसर में 1.9 डिग्री, झुंझुनू में 1.9 डिग्री और चूरू में भी 2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने राजस्थान के कुछ जिलों घने कोहरे के साथ तीव्र शीतलहर का रेड अलर्ट जारी किया है।
कहां रेड और ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान झुंझुनू, सीकर, चुरू, डिडवाना कुचामन जिलों के अलग-अलग हिस्सों में घने कोहरे के साथ गंभीर शीतलहर का रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं कोटपुतली बहरोड़, बीकानेर, हनुमानगढ़, नागौर, श्रीगंगानगर जिलों के अलग-अलग हिस्सों में घने कोहरे के साथ गंभीर शीतलहर का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

12 जनवरी को किन जिलों में रेड और ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने 12 जनवरी को चुरू, डिडवाना कुचामन जिलों के अलग-अलग हिस्सों में घने कोहरे के साथ गंभीर शीतलहर का रेड अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही झुंझुनू, सीकर, बीकानेर, हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर जिलों के अलग-अलग हिस्सों में घने कोहरे के साथ गंभीर शीतलहर का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं अलवर, डीग, करौली खैरथल तिजारा, कोटपुतली बहरोड के विभिन्न हिस्सों में शीतलहर का येलो अलर्ट जारी किया गया है।




साइन इन