कॉकरोच पार्टी जॉइन कर चुके 11 लाख लोग, कोर टीम में 30; अभिजीत ने बताया- क्यों सामने नहीं आ रहे
अभिजीत दीपके ने कहा कि उनकी पार्टी में 11 लाख से ज्यादा लोग जुड़ चुके हैं। पर्दे के पीछे उनके साथ करीब 30 लोगों की एक टीम काम कर रही है। लेकिन नौकरी और पढ़ाई में होने की वजह से संभावित नुकसान के डर से वे लोग सामने नहीं आ रहे हैं और धीरे-धीरे आएंगे।

सोशल मीडिया पर छा जाने के बाद जमीन पर उतरने की कोशिश कर रही 'कॉकरोच जनता पार्टी' के भविष्य पर तो कई सवाल हैं हीं, उत्तर उसे वर्तमान को लेकर भी कम ही मिले हैं। दिल्ली में शनिवार को प्रदर्शन का ऐलान कर चुकी CJP से कितने लोग जुड़े हैं, इसकी कोर टीम में कौन-कौन हैं, अभिजीत दीपके किनकी सलाह पर आगे बढ़ रहे हैं...जैसे सवालों पर कुछ जवाब उन्होंने एक इंटरव्यू में दिए हैं। दीपके ने यह भी बताया कि किस बात के डर से उनकी टीम के दूसरे लोग सामने नहीं आ रहे हैं और पर्दे के पीछे ही काम कर रहे हैं। दीपके के अलावा तीन प्रवक्ता, यानी चार ही चेहरे सबके सामने आए हैं।
दीपके ने बताया पार्टी में कितने लोग
ब्लॉक हो चुके सोशल मीडिया हैंडल्स पर कॉकरोच पार्टी को 2 करोड़ से अधिक लोगों ने फॉलो करना शुरू किया था। अभिजीत दीपेक ने कहा कि उनकी पार्टी में 11 लाख से ज्यादा रजिस्टर्ड सदस्य हैं, जिन्होंने खुद वेबसाइट पर आकर सदस्यता ली है। उन्होंने बताया कि उनकी पार्टी से जुड़े 60 फीसदी लोग 17 साल से 28-29 साल के हैं, जबकि 17 फीसदी 30-35 साल के बीच के हैं।
कोर टीम में 25-30 लोग: दीपके
अभिजीत दीपके से जब उनकी टीम के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि शुरुआत उन्होंने अकेले की थी पर अब उनके साथ लाखों लोग हैं। 25-30 लोगों की एक कोर टीम भी बन चुकी है। दीपके ने कहा कि पढ़ाई और नौकरी पर खतरे की वजह से अभी उनकी कोर टीम के लोग सामने नहीं आ रहे हैं। दीपके ने कहा, 'पहले दिन में अकेला ही था। क्योंकि यह सबकुछ मजाक के तौर पर शुरू हुआ था। मैं भी नहीं समझ पा रहा था कि इसको कैसे आगे बढ़ाया जाए। भले ही मैंने तंज कसा था लेकिन लोग उम्मीद कर रहे थे कि इसे आगे बढ़ाया जाए। एक दो दिन बाद मैंने कई लोगों से बात की जो सहयोग करना चाहते थे। अब फाइनली हमारी एक टीम बन गई है, जो पर्दे के पीछे अच्छा काम कर रहे हैं। मैं खुद यहां रातभर जाग रहा हूं वो लोग भी रात भर जाग रहे हैं। बहुत ज्यादा मेहनत कर रहे हैं।'
सामने क्यों नहीं आ रहे हैं?
अभिजीत दीपके ने कहा कि जिस तरह उन पर हमले हो रहे हैं, धमकियां मिल रही हैं, उसे देखते हुए टीम के लोग सामने नहीं आ रहे हैं। दीपके ने कहा, 'जिस तरह की धमकिया मुझे मिल रही हैं इसलिए वो लोग नहीं चाहते कि उनकी पहचान सार्वजनिक हो। उनमें से कुछ लोग कॉलेज में हैं, कछ की अभी जॉब लगी है। उनको खतरा लगता है। कहीं ना कही खतरा भी जायज है। जैसे जैसे आगे बढ़ेंगे हम कुछ चेहरे सामने लाएंगे, जिस तरह तीन प्रवक्ता नियुक्त किए गए हैं।'
प्रवक्ताओं पर क्या बोले
अभिजीत ने कहा कि पार्टी का जो भी स्टैंड रहेगा ये तीन लोग जनता और मीडिया के सामने रखेंगे। उन्होंने कहा, 'हर जगह जाकर मैं नहीं बोल सकता। इसलिए हमने सोचा कि कुछ डिसेंट्रलाइज कर दें। जो लोग सामने आने को तैयार हैं, जो अपनी पहचान सार्वजनिक करने को तैयार हैं, जिन्हें डर नहीं लगता या सोचते हैं कि उनके करियर को नुकसान नहीं होगा, ऐसे लोगों को मंच दिया जाएगा।'




साइन इन