'एयरपोर्ट मत आइए', अभिजीत दीपके ने क्यों बदला प्लान? जानें कॉकरोच जनता पार्टी का नया ब्लू प्रिंट
6 जून को कॉकरोच जनता पार्टी सड़कों पर उतरने वाली है। सीजेपी संस्थापक अभिजीत दीपके ने युवाओं से प्रोटेस्ट में शामिल होने का आह्वान किया है। अमेरिका से भारत लौट रहे दीपके ने युवाओं को एयरपोर्ट मिलने बुलाया था, लेकिन अब उन्होंने नई लोकेशन दी है। आखिर मीटिंग प्वाइंट बदलने की क्या वजह है, जानिए सब कुछ।

Cockroach Janta Party: कॉकरोच जनता पार्टी ने 6 जून को जंतर-मंतर पर आंदोलन करने का आह्वान किया है। इसके लिए पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके अमेरिका से भारत आ रहे हैं। उन्होंंने युवाओं से एयरपोर्ट पर मिलने की बात कही थी। लेकिन ताजा वीडियो में उन्होंने युवाओं से एयरपोर्ट पर आकर न मिलने को कहा है। अब सबसे बड़ा सवाल है, आखिर क्यों? उन्होंने युवाओं को नई लोकेशन दी है। उन्होंने कहा- आप सब सीधे वहीं पहुंचे, मैं एयरपोर्ट से सीधा वहीं पहुंचूंगा। आखिर कॉकरोच जनता पार्टी का क्या है प्लान, जानिए हर जरूरी बात।
एयरपोर्ट मत आइए, आखिर क्यों?
अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा- मैं देख रहा हूं, आप सब एयरपोर्ट आने के लिए तैयार हैं। मुझे नहीं लगा था कि इतना बड़ा रिस्पॉन्स आएगा। इसलिए मैं आप सबसे निवेदन करता हूं कि प्लीज, आप सब लोग एयरपोर्ट न आएं। क्योंकि हम नहीं चाहते हैं कि हमारी वजह से किसी को कोई दिक्कत-परेशानी हो।
एयरपोर्ट नहीं, तो फिर कहां आना है…
दीपके ने आगे कहा- इसलिए मैं आप सबसे अपील करता हूं कि मैं एयरपोर्ट से पार्लियामेंट स्ट्रीट जाऊंगा, तब तक आप सभी लोग पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन ही आइए। एयरपोर्ट पर मत आइए। हमें इस बात का ध्यान रखना है कि हमारी वजह से किसी को कोई दिक्कत नहीं होनी चाहिए। आप सब वहीं आइए, फिर हम आंदोलन की परमीशन लेकर जंतर-मंतर पर शांतीपूर्वक धरना देंगे।
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर है प्रदर्शन
कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने सोमवार को कहा था कि वह परीक्षा संबंधी गड़बड़ियों के संबंध में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन की शुरुआत के लिए छह जून को भारत लौटेंगे। वह फिलहाल अमेरिका में रह रहे हैं। दीपके ने 'इंस्टाग्राम' पर जारी एक वीडियो में समर्थकों और छात्रों से दिल्ली में उनके विरोध प्रदर्शन में शामिल होने का आह्वान किया था। इसी प्लान में अब बदलाव हुआ है।
एयरपोर्ट से संसद मार्ग थाना, फिर जंतर-मंतर
सिर्फ एयरपोर्ट की मुलाकात में बदलाव हुआ है। बाकी का प्लान वही है, जैसा पहले कहा गया था। पहले के वीडियो के मुताबिक- मैं शनिवार छह जून की सुबह दिल्ली पहुंचूंगा। वहां से संसद मार्ग थाने जाकर जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने की अनुमति मांगेंगे।
मेरी गिरफ्तारी भी हो सकती है, मिल रहीं धमकियां
सीजेपी के संस्थापक ने बाद में 'पीटीआई-भाषा'से बातचीत में हालांकि आशंका जताई कि भारत लौटने पर उन्हें गिरफ्तार किया जा सकता है। दीपके ने हालांकि कहा कि वह परिवार को मिल रही धमकियों को लेकर ज्यादा चिंतित हैं। क्योंकि मेरे परिवार ने ऐसा करने का फैसला नहीं किया था; यह मेरा निर्णय था। उन्हें इसमें घसीटा नहीं जाना चाहिए।''




साइन इन