अभिजीत दीपके ‘जय भीम’ बोलकर भारत के लिए निकल पड़े , कहा- मैं अपना भाग्य ...
कॉकरोच पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके दिल्ली के लिए अपने सफर पर निकल चुके हैं। वह 6 जून को राजधानी दिल्ली में प्रदर्शन करना चाहते हैं।

कॉकरोच पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ‘जय भीम’ का नारा लगाकर अमेरिका से भारत के लिए निकल चुके हैं। दीपके शनिवार सुबह दिल्ली पहुंचेंगे, जहां वह अपने समर्थकों के साथ बड़ा प्रदर्शन करना चाहते हैं। दीपके ने 6 जून को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करके शित्रा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा मांगने की बात कही है। हालांकि, उन्होंने प्रदर्शन के लिए दिल्ली पुलिस से अभी तक इजाजत नहीं ली है।
अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया पोस्ट में भारत के लिए निकलने की जानकारी दी। उन्होंने कहा, 'भारत के लिए निकल गया हूं। मैं अपना भाग्य संविधान के हाथों में छोड़ता हूं। जय भीम।' दीपके ने 5 जून को 7.59 पर यह पोस्ट किया। वह दिल्ली किस फ्लाइट से आ रहे हैं और कितने बजे दिल्ली लैंड करेंगे इसकी जानकारी अभी साफ नहीं है।
भारत आते ही थाने जाने का प्लान
अभिजीत दीपके ने कहा है कि वह दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल (IGI) एयरपोर्ट पर लैंड करने के बाद सबसे पहले पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने जाएंगे और जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के लिए इजाजत की मांग करेंगे। दीपके ने अपने समर्थकों और पार्टी के पंजीकृत सदस्यों को प्रदर्शन में शामिल होने को कहा है।
हजारों-लाखों के आने का दावा
अभिजीत दीपके ने एक इंटरव्यू में दावा किया कि बहुत बड़ी संख्या में लोग एकत्रित होने जा रहे हैं। उन्होंने कोई निश्चित संख्या तो नहीं बताई लेकिन कहा कि हजारों लोग आ रहे हैं। उन्होंने यह कहकर भी संख्या को लाखों में बताने का दावा किया कि उनकी पार्टी के 11 लाख से ज्यादा पंजीकृत सदस्य हो चुके हैं। उनसे वेबसाइट पर बात हो चुकी है। सदस्यों ने पहुंचने की बात कही है।
प्रदर्शन का क्या मकसद
कॉकरोच जनता पार्टी और इसके नेताओं ने कहा है कि उनके प्रदर्शन का मकसद केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पर इस्तीफे का दबाव बनाना है। नीट पेपर लीक और सीबीएसई के परीक्षा परिणाम में गड़बड़ी के आरोपों को लेकर प्रधान से इस्तीफे की मांग की जा रही है।
मजाक में बनी ‘पार्टी’ को जमीन पर उतारने की कोशिश
चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया सूर्यकांत की एक टिप्पणी, जिसमें उन्होंने कथित तौर पर कुछ बेरोजगार युवाओं की तुलना कॉकरोच से की थी, को आधार बनाकर मजाक में कॉकरोच जनता पार्टी नाम का हैंडल सोशल मीडिया पर बनाया गया था। चार दिन में ही इसके फॉलोअर्स की संख्या भाजपा और कांग्रेस से भी अधिक हो जाने के बाद परिस्थितियां तेजी से बदलीं और अब इसे जमीन पर उतारने की कोशिशें की जा रही हैं।




साइन इन