Chief Minister Rekha Gupta Holds High-Level Meeting on Waterlogging, Issues Strict Directives CM गुप्ता ने अधिकारियों को दिया 30 जून तक का अल्टीमेटम, दिल्ली का 'दाग' मिटाने के लिए की तारीफ, Ncr Hindi News - Hindustan
More

CM गुप्ता ने अधिकारियों को दिया 30 जून तक का अल्टीमेटम, दिल्ली का 'दाग' मिटाने के लिए की तारीफ

सीएम गुप्ता ने कहा कि विभिन्न विभागों में समन्वय न होने के कारण भी जलभराव होता रहा है क्योंकि वे एक-दूसरे पर दोषारोपण करते हैं। साथ ही उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि सभी विभागों को मिलकर काम करना होगा और इस मामले में कोई शिकायत मिली तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Thu, 9 April 2026 09:36 PMSourabh Jain हिन्दुस्तान टीम, अमित झा, नई दिल्ली
share
CM गुप्ता ने अधिकारियों को दिया 30 जून तक का अल्टीमेटम, दिल्ली का 'दाग' मिटाने के लिए की तारीफ

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राजधानी में जलभराव की समस्या के प्रभावी समाधान को लेकर गुरुवार को दिल्ली सचिवालय में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को निर्देश जारी किए कि वे समय पर नालों से गाद निकालने के कार्य को पूरा कर लें। उन्होंने जलभराव वाले स्थलों पर भी विशेष व्यवस्था के निर्देश दिए और कहा कि सभी विभाग सहयोग और समन्वय से कार्य करेंगे तो मॉनसून में जलभराव को बेहतर तरीके से निपटा जा सकेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब हमें ऐसी योजना पर काम करना होगा, जहां पानी निकालने के लिए पंपों का कम से कम प्रयोग करना पड़े।

इस समीक्षा बैठक में दिल्ली सरकार के मुख्य सचिव राजीव वर्मा सहित पीडब्ल्यूडी, दिल्ली नगर निगम (MCD), दिल्ली मेट्रो रेल निगम (DMRC), नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (NDMC), DDA, दिल्ली छावनी बोर्ड सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। बैठक में सभी विभागों ने जलभराव से बचाव का एक्शन प्लान पेश किया और गाद निकालने, नालों के निर्माण, मरम्मत, सफाई आदि की प्रस्तुति दी गई।

30 जून तक गाद निकासी हर हाल में पूरी करने का आदेश

बैठक में मुख्यमंत्री ने नालों से गाद निकालने के कार्य पर भी लंबी मंत्रणा की और इन कार्यों को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन कार्यों में किसी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभागों को मॉनसून से पूर्व (30 जून तक) अपने नालों से गाद निकालकर उसे चिह्नित स्थानों पर पहुंचाना होगा, ताकि बारिश का पानी नालों में ही बहे और उससे सड़कों पर जलभराव न हो। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि विभिन्न विभागों को बारिश के दौरान सड़कों, गलियों, बाजारों, कॉलोनियों आदि में सफाई पर विशेष ध्यान देना होगा। ऐसा होता रहा है कि वहां मौजूद कूड़ा सड़कों की नालियों के मुहाने को जाम कर देता है और सड़कों, चौराहों आदि पर जलजमाव हो जाता है।

मिंटो रोड मॉडल से सीख, निगरानी से मिला समाधान

बैठक में मुख्यमंत्री ने इस बात पर संतोष व्यक्त किया कि पिछले साल मॉनसून के दौरान मिंटो रोड पर जलभराव नहीं हुआ था, जबकि वहां सालों से पानी भर रहा था। उन्होंने कहा कि ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि वहां लगातार निगरानी की गई और संभावित दिक्कतों को पहले ही सुलझा लिया गया। इस समस्या को निपटाने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भी मेहनत की, जिस कारण मिंटो रोड का ‘दाग’ धुल गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार भी विभिन्न विभागों को मिलकर और समन्वय से कार्य करना होगा। साथ ही बताया कि उन्हें जानकारी मिलती रही है कि विभिन्न विभागों में समन्वय न होने के कारण भी जलभराव होता रहा है क्योंकि वे एक-दूसरे पर दोषारोपण करते हैं। इसके बाद उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि सभी विभागों को मिलकर काम करना होगा और इस मामले में कोई शिकायत मिली तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:वर्क फ्रॉम होम मांगने पर 2 मिनट में नौकरी से निकाला; इंटरनेट पर छिड़ गई बहस

आधुनिक मशीनों और तकनीक के उपयोग पर जोर

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से यह भी कहा कि जलभराव से निपटने के लिए अगर आधुनिक मशीनों की आवश्यकता हो तो उसे तुरंत खरीदा जाए। MCD और NDMC ने ऐसी मशीनों, उपकरणों की जानकारी बैठक में दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी विभागों को भी इस पर अमल करना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह जलभराव वाले पॉइंट्स पर विशेष ध्यान दें और बारिश के आने से पूर्व ऐसी व्यवस्था कर लें कि वहां से पानी को तेजी से निकाला जा सके।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:दिल्ली के इन इलाकों में 10-11 अप्रैल को नहीं आएगा पानी, कर लें स्टोर

मैदान में सक्रिय रहेंगे अधिकारी, मुख्यमंत्री खुद करेंगी निरीक्षण

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अफसरों से कहा कि बारिश के दौरान वे अपने इंजीनियरों और नीचे के स्टाफ से लगातार संपर्क में रहें क्योंकि जलभराव की जानकारी और उसका निदान ही उन्हें करना होता है। बारिश के दौरान वह स्वयं वरिष्ठ अधिकारियों के साथ दौरा करेंगी ताकि वस्तुस्थिति की जानकारी पता चल सके। उन्होंने कहा कि हमें राजधानी में ऐसी व्यवस्था पर काम करना होगा कि पानी निकालने के लिए पंपों का कम से कम प्रयोग करना पड़े। बारिश के दौरान पंपों के खराब होने व अन्य समस्याओं के कारण भी जलभराव होता है, इसलिए हमें आधुनिक तकनीक को अपनाना होगा। कुछ इलाकों में पंप जरूरी हो सकते हैं, लेकिन उन पर निर्भर नहीं रहा जा सकता। इसके लिए सभी विभागों को ड्रेनेज मास्टर प्लान पर तेजी से काम करना होगा।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:दिल्ली मेट्रो में जुड़ेंगी 15 नई ट्रेनें, फेज-4 के लिए खरीदे जा चुके 470 कोच

मुख्यमंत्री ने कहा कि जलभराव के प्रभावी समाधान के लिए दीर्घकालिक योजना के तहत वैज्ञानिक और व्यवस्थित तरीके से काम करना जरूरी है। सरकार का उद्देश्य मॉनसून के दौरान दिल्लीवासियों को जलभराव की समस्या से बचाना है। इसके लिए अस्थायी समाधान नहीं, बल्कि स्थायी और दीर्घकालिक सुधार सुनिश्चित करना है, जिससे राजधानी में बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जा सके और लोगों को मॉनसून के दौरान की समस्याओं से छुटकारा मिल सके।

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।