सपने में अपना कत्ल होते हुए देखा तो सुबह होते ही किया भतीजे पर हमला, मौत
यूपी के फरीदपुर में चाचा ने सपने में भतीजे को अपनी हत्या करते देखा तो सुबह उठते ही साेते समय फावड़े से उस पर हमला कर दिया। हमले में भतीजा गंभीर घायल हो गया। उसे बरेली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां एक महीने इलाज चलने के बाद मंगलवार को उसने दम तोड़ दिया।

यूपी के फरीदपुर में चाचा ने सपने में भतीजे को अपनी हत्या करते देखा तो सुबह उठते ही साेते समय फावड़े से उस पर हमला कर दिया। हमले में भतीजा गंभीर घायल हो गया। उसे बरेली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां एक महीने इलाज चलने के बाद मंगलवार को उसने दम तोड़ दिया। हालांकि जानलेवा हमले के आरोप में चाचा पहले ही जेल में है। अब भतीजे की मौत होने पर पुलिस मुकदमा हत्या की धारा में तरमीम करने की तैयारी कर रही है।
फरीदपुर के नगरिया बिलौआ गांव में रहने वाले 40 वर्षीय नरेश पाल कई साल पहले फरीदपुर की रेशम बाग कॉलोनी में आकर रहने लगे। नरेश के चाचा वेदपाल गांव में रहते थे। उनकी शादी नहीं हुई थी। 20 जनवरी को नरेश गांव से चाचा वेदपाल को अपने घर ले आया। 25 जनवरी को नरेश घर में सो रहे थे। वहीं पास में चारपाई पर चाचा वेदपाल सोए हुए थे। सुबह करीब पांच बजे वेदपाल ने फावड़े से नरेश के सिर में प्रहार कर दिया, जिससे उनके सिर पर गंभीर चोट आई। नरेश की पत्नी सुनीता उन्हें लहूलुहान हालत में लेकर थाने पहुंची।
उन्होंने चाचा वेदपाल के खिलाफ जानलेवा हमले में रिपोर्ट दर्ज कराई। इस पर पुलिस ने वेदपाल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वहीं घायल नरेश का बरेली के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। जहां मंगलवार सुबह नरेश ने दम तोड़ दिया। सीओ संदीप सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपी पहले से ही जेल में बंद है। मुकदमे में धाराएं बढ़ाई जाएगी।
जमीन नाम करवाने को लेकर हो चुकी थी कहासुनी
वेदपाल के नाम गांव में ढाई बीघा जमीन थी। पुलिस के मुताबिक नरेश चाचा से जमीन उसके नाम कराने के लिए कह रहे थे, लेकिन वेदपाल जमीन नरेश को देना नहीं चाहते थे। 20 जनवरी को नरेश चाचा को फरीदपुर ले आए। हमले से एक दिन पहले रात में दोनों में जमीन नाम करवाने को लेकर कहासुनी हुई। पूछताछ में वेदपाल ने बताया कि 25 जनवरी की सुबह उन्होंने सपना देखा की जमीन के लिए नरेश ने उन्हें मार डाला है। इसके बाद वह आपा खो बैठा और फावड़े से नरेश के सिर पर प्रहार कर दिया।




साइन इन