गुरुग्राम में 3 अवैध कॉलोनियों पर बुलडोजर ऐक्शन, मालिकों से तोड़फोड़ का खर्च भी वसूला जाएगा
गुरुग्राम में नगर और ग्राम नियोजन विभाग ने बुलडोजर कार्रवाई की। विभाग ने 2 गांवों में अवैध रूप से पनप रही तीन कॉलोनी में तोड़फोड़ की। इस दौरान पुलिस बल भी मौजूद रहा। जमीन मालिकों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी और उनसे तोड़फोड़ का खर्च भी वसूला जाएगा।

गुरुग्राम में नगर और ग्राम नियोजन विभाग ने बुलडोजर कार्रवाई की। विभाग ने 2 गांवों में अवैध रूप से पनप रही तीन कॉलोनी में तोड़फोड़ की। इस दौरान पुलिस बल भी मौजूद रहा। जमीन मालिकों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी और उनसे तोड़फोड़ का खर्च भी वसूला जाएगा।
गुरुग्राम में नगर और ग्राम नियोजन विभाग ने बुधवार को गांव सिधरावली और बोहड़ाकलां में अवैध रूप से पनप रही तीन कॉलोनी में बुलडोजर चलाया। पुलिस बल की मौजूदगी में तोड़फोड़ हुई। डीटीपीई अमित मधोलिया के निर्देश पर तोड़फोड़ दस्ता बुधवार सुबह गांव बोहड़ाकलां में पहुंच गया। थाना बिलासपुर से पुलिस बल तोड़फोड़ दस्ते के साथ मौजूद था।
ढाई एकड़ में अवैध कॉलोनी काटी जा रही थी
बोहड़ाकलां में करीब ढाई एकड़ में अवैध कॉलोनी काटी जा रही थी। सात मकानों के निर्माण को लेकर डीपीसी और चारदीवारी खड़ी की गई थी। इन्हें मलबे में मिलाया गया। प्लॉट बेचने के लिए सड़क का निर्माण किया जा चुका था, जिसे उखाड़ा गया। इसके बाद तोड़फोड़ दस्ता गांव सिधरावली में पहुंच गया। इस गांव में दो कॉलोनियां काटी जा रही थी। एक कॉलोनी दो एकड़ में थी, जबकि दूसरी पांच एकड़ में थी।
अवैध निर्माण को मलबे में मिला दिया
करीब 17 मकान और दुकान बनाने के लिए चारदीवारी और डीपीसी डाली जा चुकी थी। तोड़फोड़ दस्ते ने अवैध निर्माण को मलबे में मिला दिया। डीटीपीई अमित मधोलिया ने बताया कि इन कॉलोनियों में खरीद-फरोख्त पर रोक लगाने के लिए तहसीलदार को पत्र लिख दिया है। जमीन मालिकों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। तोड़फोड़ का खर्च इनसे वसूला जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि इस तरह विकसित हो रही कॉलोनियों में प्लॉट खरीदने से बचें।
मकान तोड़ने के दौरान छत गिरा, 2 महिलाएं घायल
वहीं, ओल्ड गुरुग्राम के रोशनपुरा इलाके में बुधवार दोपहर जर्जर मकान को तोड़ने के दौरान अचानक छत गिर गई। इसके मलबे में दबने से दो महिला मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायलों में एक महिला गर्भवती बताई जा रही। दोनों का अस्पताल में इलाज जारी है। सिटी थाना प्रभारी ने बताया कि मकान खाफी पुराना था। इसे तोड़कर नया मकान बनाया जा रहा था। पुलिस घायलों के परिजनों से संपर्क कर बयान लेने की कोशिशों में जुटी है।




साइन इन