गुरुग्राम से फरीदाबाद तक चला पीला पंजा, कई और अवैध कॉलोनियां हुईं ध्वस्त
दिल्ली से सटे एनसीआर के दो शहरों गुरुग्राम और फरीदाबाद में एक बार फिर बुलडोजर वाला ऐक्शन देखने को मिला। भारी पुलिस बल की मौजूदगी के चलते कही से भी किसी तरह का खास विरोध सामने नहीं आया।

दिल्ली से सटे एनसीआर के दो शहरों गुरुग्राम और फरीदाबाद में एक बार फिर बुलडोजर वाला ऐक्शन देखने को मिला। गुरुग्राम में नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग ने शुक्रवार को गुरुग्राम-सोहना हाईवे स्थित गांव भोंडसी में अवैध रूप से पनप रही कॉलोनी में बुलडोजर चलाया। ये कॉलोनी करीब तीन एकड़ जमीन पर विकसित हो रही थी। भारी पुलिस बल की मौजूदगी के चलते किसी तरह का विरोध सामने नहीं आया।
डीटीपीई अमित मधोलिया के निर्देश पर दोपहर को तोड़फोड़ दस्ता इस गांव में पहुंच गया। बुलडोजर के पहुंचने के बाद हड़कंप मच गया। तोड़फोड़ दस्ते ने मौके पर कार्यरत मजदूरों को भगा दिया। इसके बाद बुलडोजर की कार्रवाई शुरू हो गई। 28 मकानों के निर्माण के लिए डीपीसी और चारदीवारी कर दी गई थी। एक मकान का निर्माण किया जा रहा था। बुलडोजर ने सभी को मलबे में मिला दिया। इसके साथ प्लॉट बेचने के लिए एक सड़क का निर्माण किया था। इसे उखाड़ा गया।
विकसित हो रही अवैध कॉलोनी ढहाई
फरीदाबाद में भी डीटीपी इंफोर्समेंट की ओर से गांव झाड़सैंतली में अवैध रूप से बस रही कॉलोनी के खिलाफ तोड़फोड़ की कार्रवाई की गई। इस दौरान तोड़फाेड़ दस्ते ने 10 एकड़ में बसी कॉलोनी में भारी तोड़फोड़ की। मौके पर लोगों ने कार्रवाई का विरोध जताया, लेकिन पुलिस ने उन्हें समझा-बुझा कर शांत कर दिया।
डीटीपी इंफोर्समेंट अधिकारी यजन चौधरी को काफी दिनों से गांव झाडसैंतली के राजस्व क्षेत्र में बिना किसी अनुमति के करीब 10 एकड़ जमीन पर अवैध कॉलोनी विकसित करने की सूचना मिल रही थी। सूचना के आधार पर विभाग की ओर से लोगों को नाेटिस जारी कर अवैध कब्जे खाली करने के आदेश दिए गए। लेकिन लोगों ने नोटिस को अनदेखा कर दिया। इसके बाद विभाग की टीम शुक्रवार को भारी पुलिस बल और तोड़फोड़ दस्ते के साथ मौके पर पहुंची। टीम ने40 से अधिक प्लॉटों के लिए बनाई गई नींव के शुरुआती ढांचों को तोड़ दिया गया। चार रूप से घेरे गए भूखंडों की बाउंड्री वॉल को गिरा दिया गया। इसे अलावा एक निर्माणाधीन ढांचा और दो पहले से तैयार अवैध स्ट्रक्चर को धराशायी कर दिया गया।
सड़क पर अवैध गेट लगाने पर नोटिस : फरीदाबाद शहर की 60 और 100 फीट चौड़ी मुख्य सड़कों पर लगाए गए अवैध गेट और दीवारों के खिलाफ डीटीपी इंफोर्समेंट विभाग ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। शुक्रवार को टीम ने लगाए गए अवरोध को लेकर एक कॉलोनी में नोटिस भी चस्पा किए। कार्रवाई डीटीपी इंफोर्समेंट अधिकारी यजन चौधरी के निर्देश पर की गई। डीटीपी इंफोर्समेंट अधिकारी यजन चौधरी ने बताया कि सार्वजनिक सड़कों पर किसी भी प्रकार का स्थायी अवरोध नियमों का उल्लंघन है और इसे अवैध अतिक्रमण माना जाता है।




साइन इन