1990 जैसा कत्लेआम हो सकता था, नोएडा बवाल पर BJP विधायक ने किया ISI कनेक्शन का दावा
Nandkishor Gurjar statement on Noida Protest: उनका कहना है कि ये कोई इंटेलिजेंस की नाकामी नहीं है। अगर नाकामी होती तो 1990 जैसी घटना घट जाती। उन्होंने आईएसआई से तार जुड़ने और कट्टरपंथी मुल्कों का हाथ होने जैसी बातों का भी जिक्र किया।

Nandkishor Gurjar on Noida Protest: भाजपा विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने नोएडा में हुए श्रमिक आंदोलन के पीछे बड़ी साजिश होने की आशंका जताई है। उनका कहना है कि ये कोई इंटेलिजेंस की नाकामी नहीं है। अगर नाकामी होती तो 1990 जैसी घटना घट जाती। उन्होंने आईएसआई से तार जुड़ने और कट्टरपंथी मुल्कों का हाथ होने जैसी बातों का भी जिक्र किया। यूपी के डीजीपी ने मजदूर आंदोलन के दौरान हिंसा भड़काने में कुछ व्यक्तियों और समूहों की भूमिका की ओर इशारा किया है।
अगर नाकामी होती, तो बलात्कार, कत्ल की आवाजें आतीं
भाजपा विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने नोएडा में हुए श्रमिक आंदोलन पर कहा- ये इंटेलिजेंस की नाकामी नहीं है। सरकार मुस्तैद थी, इसलिए बड़ी घटना को टाल दिया है। जिस तरह से भीड़ को भड़काया गया, अगर नाकामी होती तो 1990 की तरह मस्जिदों से आवाज आती। उन्होंने कहा- उस दौरान मस्जिदों से आवाज आई थी कि इनकी बहन-बेटियों का बलात्कार कर दो, कत्ल कर दो और कश्मीर में कत्लेआम हुआ। अपने देश के लोगों को शर्णार्थी बनना पड़ा।
ISI और कट्टरपंथी मुल्कों का हाथ होने की बात
जो इनपुट मिल रहे हैं, उसके मुताबिक इसके पीछे बहुत बड़ी साजिश है। गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने समय रहते पूरी चीजों को कंट्रोल किया है। कोई हताहत नहीं हुआ है। जो नुकसान हुआ है, वो दुर्भाग्यपूर्ण है। इसके पीछे राजनीतिक साजिश भी है। इसमें आईएसआई के तार जुड़ने और कट्टरपंथी मुल्कों का हाथ होने का मामला सामने आया है।
यूपी DGP ने क्या बताया
उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्ण ने मंगलवार को कहा कि इलेक्ट्रॉनिक और सीसीटीवी फुटेज से मिले सबूत नोएडा में मजदूर आंदोलन के दौरान हिंसा भड़काने में कुछ व्यक्तियों और समूहों की भूमिका की ओर इशारा करते हैं और इन सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।
83 जगहों पर 42000 मजदूरों ने किया आंदोलन
गौतमबुद्ध नगर की पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने बताया कि सोमवार को 83 स्थानों पर करीब 42,000 श्रमिकों ने प्रदर्शन किया, लेकिन हिंसा केवल दो जगहों पर हुई। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया गया।
300 से ज्यादा लोग हिरासत में लिए गए
हिंसा के मामले में अब तक 300 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया गया है और सात प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। आगे की कार्रवाई जारी है। श्रमिकों का आंदोलन शांत होने के बाद मंगलवार को सेक्टर 121 में सैकड़ों घरेलू कामगारों ने एक प्रीमियम हाउसिंग सोसाइटी के बाहर प्रदर्शन किया।




साइन इन