अरविंद केजरीवाल ने बंगाल में वोटिंग से पहले ममता बनर्जी से की बात, कहा- वह लड़ रहीं सबसे मुश्किल लड़ाई
पश्चिम बंगाल में 23 और 29 अप्रैल को दो चरणों में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान होना है। चुनाव में मुख्य मुकाबला सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के बीच है। इस बीच आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो ने फोन पर टीएमसी सुप्रीमो और बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से बात की।

पश्चिम बंगाल में 23 और 29 अप्रैल को दो चरणों में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान होना है। चुनाव में मुख्य मुकाबला सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के बीच है। इस बीच आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो ने फोन पर टीएमसी सुप्रीमो और बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से बात की।
अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि अभी-अभी ममता दीदी से फोन पर बात हुई। मैंने उनके प्रति अपनी पूरी एकजुटता और समर्थन व्यक्त किया। वह एक बहुत ही मुश्किल लड़ाई लड़ रही हैं, जो भारतीय लोकतंत्र के लिए सबसे महत्वपूर्ण लड़ाइयों में से एक है। चुनाव आयोग समेत सभी संस्थाओं का दुरुपयोग करने के बावजूद मोदी जी की हार होगी।
कल 16 जिलों की 152 सीटों पर मतदान
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के पहले चरण में 16 जिलों की 152 सीटों पर 23 अप्रैल को मतदान होगा। चुनाव आयोग ने 48 घंटे की शांतिपूर्ण अवधि और ड्राई डे सहित सख्त नियम लागू किए हैं। अब तक के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, इस चरण में 3 करोड़ 60 लाख 77 हजार 171 मतदाता मतदान के पात्र हैं। चुनाव आयोग ने मतदान से पहले सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पहले चरण के लिए 8000 से अधिक बूथों को अति संवेदनशील घोषित किया गया है।
कड़ी निगरानी के आदेश
इन बूथों पर केंद्रीय बलों, निगरानी टीमों और त्वरित प्रतिक्रिया इकाइयों की तैनाती बढ़ा दी गई है। अधिकारियों ने कहा है कि इनका उद्देश्य का उद्देश्य स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करना है। सीमावर्ती क्षेत्रों में कड़ी निगरानी के आदेश दिए गए हैं और किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए कुछ क्षेत्रों को सील कर दिया गया है।
294 में से 129 सीटें ‘रेड अलर्ट' घोषित
एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स और वेस्ट बंगाल इलेक्शन वॉच ने दोनों चरणों में चुनावी मैदान में उतरे 2926 में से 2920 उम्मीदवारों के स्वयं‑घोषित आपराधिक मामलों और निजी संपत्ति के विश्लेषण के आधार पर रिपोर्ट जारी की है। रिपोर्ट के अनुसार, इस बार राज्य की 294 विधानसभा सीटों में से 129 सीटें (44 प्रतिशत) ‘रेड अलर्ट' घोषित की गई हैं। ‘रेड अलर्ट' वे निर्वाचन क्षेत्र होते हैं जहां तीन या उससे अधिक उम्मीदवारों ने अपने खिलाफ आपराधिक मामले घोषित किए हैं।
683 उम्मीदवारों ने आपराधिक मामले घोषित किए
कुल 2920 उम्मीदवारों में से 683 (23 प्रतिशत) ने अपने खिलाफ आपराधिक मामले घोषित किए हैं, जबकि 589 (20 प्रतिशत) उम्मीदवारों ने गंभीर आपराधिक मामलों की जानकारी दी है। पश्चिम बंगाल इलेक्शन वॉच के अनुसार, 2026 के विधानसभा चुनाव में केवल 385 महिला उम्मीदवार (13 प्रतिशत) चुनावी मैदान में हैं। 1354 उम्मीदवार (46 प्रतिशत) ने अपनी शैक्षणिक योग्यता 5वीं से 12वीं कक्षा के बीच बताई है। 1419 उम्मीदवार (49 प्रतिशत) स्नातक या उससे ज्यादा शिक्षित हैं। 30 उम्मीदवार निरक्षर घोषित किए गए हैं।




साइन इन