आज चुनाव कराकर देख लो…; कोर्ट से आरोप मुक्त होते ही केजरीवाल की खुली चुनौती
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने रविवार को जंतर मंतर पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा की दिल्ली की अदालत ने ऐतिहासिक फैसला दिया है। 4 साल से प्रधानमंत्री और गृहमंत्री ने षड्यंत्र करके दिल्ली के लोगों को बहुत परेशान किया, आपके बेटे को भ्रष्टाचारी बताया।

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने रविवार को जंतर मंतर पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा की दिल्ली की अदालत ने ऐतिहासिक फैसला दिया है। 4 साल से प्रधानमंत्री और गृहमंत्री ने षड्यंत्र करके दिल्ली के लोगों को बहुत परेशान किया, आपके बेटे को भ्रष्टाचारी बताया। कहा अरविंद केजरीवाल चोर है और 100 करोड रुपए खा गया हैं लेकिन अदालत ने उनके आरोपों को झुठलाया और फैसला सुनाया कि केजरीवाल ईमानदार है। अरविंद केजरीवाल ने कहा की अदालत ने माना कि इस केस में कोई सबूत नहीं है और पूरा केस फर्जी है। 600 पेज का ऐतिहासिक फैसला दिया। वहीं कोर्ट से आरोपमुक्त होते ही अरविंद केजरीवाल ने बीजेपी को खुली चुनौती दे दी है। उन्होंने बीजेपी सरकार के पिछले एक साल के कार्यकाल पर सवाल उठाते हुए कहा कि आज ही चुनाव कराकर देख लो कि कितनी सीट आएंगी।
अरविंद केजरीवाल ने कहा, दिल्ली में एक साल पहले भाजपा की सरकार आई थी और उसके भुक्त भोगी यहां मौजूद हैं। इन्होंने रैलियों में बड़े-बड़े जुमले दिए थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंच से खड़े होकर बड़ी-बड़ी बातें करी थीं। लेकिन अब इन्होंने हजारों लोगों की नौकरियां छीन ली हैं। अब दिल्ली वाले कह रहे हैं कि AAP की सरकार ही बढ़िया थी।
'पूरे केस को खुद मॉनिटर कर रहे थे पीएम मोदी- केजरीवाल'
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री और गृहमंत्री आम आदमी पार्टी को ठिकाने लगाने के लिए पूरे केस को खुद मॉनिटर कर रहे थे और वह चाहते थे कि अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, सत्येंद्र जैन, संजय सिंह जेल से छूटने नहीं चाहिए। अदालत का यह फैसला पूरी भाजपा के गाल पर जोरदार तमाचा है। जनसभा को संबोधित करते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आज मैं अपनी नहीं बल्कि देश की बात करने आपके बीच आया हूं मैं अपने देश से बहुत प्यार करता हूं। मुझे याद है जब मैं आईआईटी में पढ़ता था मेरे नंबर बहुत अच्छे थे और मैं चाहता तो नौकरी के लिए अमेरिका चला जाता। मेरे बहुत सारे दोस्त भी अमेरिका में चले गए थे, लेकिन फिर मैने अमेरिका नहीं जाने और भारत में रहकर देश के लिए काम करने का फैसला लिया। उन्होंने कहा कि मैं 10 साल दिल्ली का मुख्यमंत्री रहा प्रधानमंत्री ने खूब जांच कर ली लेकिन एक नए पैसे का भ्रष्टाचार नहीं मिला। दिल्ली का कोई एक वेंडर या ठेकेदार बता दे कि केजरीवाल ने पैसे मांगे हैं तो राजनीति छोड़ दूंगा। मैंने ईमानदारी कमाई है और देश से प्यार किया है। अब ऐसे में कोई व्यक्ति अगर देश से गद्दारी करता है तो मेरा खून खौल जाता है।
केंद्र सरकार के 12 साल के कार्यकाल पर उठाए सवाल
अरविंद केजरीवाल ने केंद्र की भाजपा सरकार के 12 साल पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा 2011 में लोगों ने कांग्रेस के भ्रष्टाचार से तंग आकर मुहिम छेड़ी और 2014 में बड़ी उम्मीद के साथ भाजपा को 30 साल बाद पूर्ण बहुमत से सत्ता को सौंप दिया। अब 12 साल हो गए मोदी सरकार को, लेकिन लोगों को क्या मिला। सड़क नहीं, सीवर नहीं, पानी नहीं, साफ हवा भी लोगों को नहीं दे पाए। उन्होंने कहा कि विदेशों में ऐसी सड़के हैं कि 130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गाड़ी चलती है लेकिन गुजरात में जहां लंबे समय से भाजपा काबिज है 30 किलोमीटर प्रति घंटा से गाड़ी चलती है। दुनिया चांद पर चली गई और भाजपा 12 साल में देश की सड़कों के गड्ढे भी नहीं भर पाई।




साइन इन