दिल्ली-NCR वाले रहें सावधान, दिल्ली में आने वाला है आंधी-तूफान; हो सकता है नुकसान
दिल्ली में शुक्रवार 29 मई को मौसम बहुत तूफानी रहने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। बारिश कम होगी पर 80 की स्पीड तक से हवा चल सकती है। ऐसे में आपको कुछ सावधानी रखने की जरूरत है।

दिल्ली में पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी के बीच मौसम करवट लेने वाला है पर राहत से ज्यादा आफत आ सकती है। मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए दिल्ली और एनसीआर में हल्की बारिश के साथ बहुत तेज तूफान की संभावना जाहिर की है। ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक की स्पीड से हवा चलने की भविष्यवाणी की गई है। इस गति की हवा अपने साथ पेड़-खंभों तक को उखाड़ने की ताकत रखती। ऐसे में कुछ एहतियात भी बरतने की आवश्यकता है।
क्या है मौसम विभाग का अनुमान
मौसम विभाग की ओर से जारी अलर्ट में कहा गया है कि 29 मई को दिल्ली और आसपास के इलाकों में आमतौर पर आसमान पर काले बादलों का डेरा रहेगा। इस वजह से तापमान में भी भारी गिरावट आएगी। अधिकतम तापमान 42-45 डिग्री सेल्सियस से गिरकर 35-37 तक आ जाएगा। न्यूनतम तापमान में भी 3-4 डिग्री की कमी हो सकती है।
यह तो रही राहत की बात, पर मौसम विभाग ने इसी के साथ सावधान भी किया है। शुक्रवार को बारिश तो हल्की होने की संभावना है पर हवा काफी तेज चलेगी। बादलों की गरज और बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं। सुबह से ही मौसम बेहद तूफानी रहेगा। सुबह से दोपहर तक 60-70 किलोमीटर प्रतिघंटे की स्पीड से हवा चलेगी जो 80 तक भी पहुंच सकती है। इसके बाद दोपहर से रात तक में भी आंधी तूफान की संभावना है। इस दौरान हवा की स्पीड 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की हो सकती है। कुल मिलाकर दिनभर मौसम बेहद तूफानी बना रहेगा।
80 की स्पीड वाला तूफान कितना खतरनाक, क्या नुकसान कर सकता है
जब हवा 80 तक की स्पीड से चले तो मौसम वैज्ञानिक ऐसे तूफान को गंभीर श्रेणी में रखते हैं। मैदानी इलाकों में इस दर्जे का तूफान बहुत दुर्लभ नहीं तो बहुत सामान्य भी नहीं है। इतनी तेज हवा काफी ताकतवर होती है, जो पेड़ों और खंभों तक को उखाड़ सकती है। इस वजह से बिजली और संचार सेवाओं पर असर हो सकता है। टहनियां, पेड़ के टूटने-उखड़ने से सड़कों पर यातायात बाधित हो सकता है।
क्या-क्या सावधानी रखनी चाहिए?
मौसम ने जिस तरह ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, यदि आपको बहुत जरूरी काम ना हो तो घर से बाहर ना निकलें। खासकर जिस तरह तेज तूफान हो घर या कार्यस्थल से बाहर ना निकलें। यदि आप घर से निकले हैं और उस समय तूफान आ जाए तो कोशिश करें कि कुछ देर किसी सुरक्षित स्थान पर आश्रय ले लें, क्योंकि इस दौरान पेड़ों, खंभों, होर्डिंग, टीन शेड आदि के गिरने की संभावना रहती है।




साइन इन