दिल्ली में आज AAP की मेगा रैली, आरोपमुक्त होने के बाद केजरीवाल जंतर-मंतर पर दिखाएंगे ताकत
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक अरविंद केजरीवाल आज जंतर-मंतर पर एक जनसभा करने जा रहे हैं। इस रैली में 'आप' के तमाम बड़े नेता शामिल होंगे। शराब घोटाला केस में केजरीवाल और मनीष सिसोदिया के आरोपमुक्त होने के बाद यह उनकी पहली रैली है।

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक अरविंद केजरीवाल आज जंतर-मंतर पर एक बड़ी रैली करने जा रहे हैं। कथित शराब घोटाला केस में केजरीवाल और मनीष सिसोदिया समेत सभी 23 लोगों को निचली अदालत द्वारा आरोपमुक्त किए जाने के बाद यह उनकी पहली जनसभा होगी। इस रैली में 'आप' के तमाम बड़े नेता शामिल होंगे।
‘आप’ ने शनिवार को यह दावा किया था कि दिल्ली पुलिस रैली के लिए परमिशन देने से मना कर रही है। हालांकि, बाद में शनिवार देर रात 'आप' के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि दिल्ली पुलिस ने परमिशन दे दी है और रैली तय समय पर होगी।
सौरभ भारद्वाज ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी जानकारी
सौरभ भारद्वाज ने कहा, “अरविंद केजरीवाल पूरी लीडरशिप के साथ दिल्ली के जंतर-मंतर पर एक जनसभा करेंगे। आज, दिल्ली पुलिस ने एक बार कहा था कि यह मीटिंग नहीं हो सकती। इसके बाद हमने दिल्ली पुलिस के सीनियर अधिकारियों ने बात की और आज तक का स्टेटस यह है कि तय कार्यक्रम के मुताबिक, रविवार सुबह ठीक 11:00 बजे आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक जंतर-मंतर पर जनसभा करेंगे।"
'आप' नेताओं के इस दावे पर कि शुरू में परमिशन नहीं दी जा रही थी, दिल्ली पुलिस अधिकारियों ने पहले कहा था कि इस पर फैसला पेंडिंग है। एक सीनियर पुलिस अधिकारी ने कहा था, "मामला विचाराधीन है, अभी तक परमिशन न तो रिजेक्ट हुई है और न ही मंजूर हुई है।"
केजरीवाल ने ‘एक्स’ पर की थी आलोचना
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी अपने सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में इस मामले पर बात की। केजरीवाल ने लिखा था, “आम आदमी पार्टी ने 1 मार्च को जंतर-मंतर पर एक रैली तय की थी। इस रैली की घोषणा कई दिन पहले कर दी गई थी। बिल्कुल आखिरी समय में, इन लोगों ने पुलिस से रैली कैंसिल करवा दी।”
उन्होंने पूछा कि क्या यह शुक्रवार के कोर्ट के आदेश का नतीजा है, जिसने उन्हें और अन्य को दिल्ली आबकारी नीति मामले में बरी कर दिया था। 'आप' नेता ने आगे कहा, "रैली करना, अपनी राय रखना, ये सभी का संवैधानिक अधिकार है। इस तरह की तानाशाही सही नहीं है। हमें रैली करने की इजाजत मिलनी चाहिए।"
संजय सिंह ने BJP पर साधा निशाना
'आप' के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने 'एक्स' पर पोस्ट में कहा था, "दिल्ली में जंतर-मंतर विरोध प्रदर्शन के लिए तय जगह है, जहां प्रदर्शन की इजाजत देना दिल्ली पुलिस की जिम्मेदारी है, लेकिन BJP का पैनिक देखिए अरविंद केजरीवाल और AAP को जंतर-मंतर पर रैली करने की इजाजत नहीं दी जा रही है।"
शराब घोटाला केस में सभी 23 आरोपी आरोपमुक्त
दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने शुक्रवार को पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल, पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया और 21 अन्य आरोपियों को अब खत्म हो चुकी शराब नीति से जुड़े केस में आरोपमुक्त कर दिया। बता दें कि, कथित शराब नीति नीति घोटाले ने राजधानी में बड़ा सियासी विवाद खड़ा कर दिया था जिसके चलते ‘आप’ को दिल्ली में अपनी सत्ता तक गंवानी पड़ी थी।




साइन इन