ग्वालियर में लड़की से दुष्कर्म, सेना के जवान पर नशीली कोल्डड्रिंक पिलाकर रेप का आरोप
आरोप है कि युवती के दूर के रिश्तेदार और सेना में पदस्थ जवान ने पहले नशीली कोल्डड्रिंक पिलाई और फिर उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोप है कि जवान ने शादी का वादा करके उसका कई बार रेप किया।

मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले से 21 साल की लड़की के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवती के दूर के रिश्तेदार और सेना में पदस्थ जवान ने पहले नशीली कोल्डड्रिंक पिलाई और फिर उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोप है कि जवान ने शादी का वादा करके उसका कई बार रेप किया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दूर का रिश्तेदार है सेना का जवान
घाटीगांव थाना क्षेत्र के हुकुमगढ़ गांव में रहने वाली युवती ने पुलिस को बताया कि आरोन निवासी रामनिवास उर्फ राम बंजारा दूर का रिश्तेदार है और सेना में जवान है। उसका घर पर आना-जाना था। दोनों के बीच फोन पर बातचीत होती थी और आरोपी कई बार उससे पसंद करने की बात कह चुका था।
कोल्डड्रिंक में मिलाया नशीला पदार्थ
पीड़िता के अनुसार आरोपी ने फोन कर बताया कि वह दोस्त की बर्थडे पार्टी में हुकुमगढ़ आया हुआ है। इसी बहाने से वह युवती को घुमाने की बात कहकर अपने साथ ले गया।आरोपी युवती को गांव से कुछ दूरी पर खेत में बनी एक झोंपड़ी में ले गया और कहा कि उसका दोस्त वहीं आने वाला है। इसी दौरान उसने युवती को कोल्डड्रिंक पीने के लिए दी।
प्यार, शादी का वादा और रेप का आरोप
कोल्डड्रिंक पीने के बाद युवती को नींद आने लगी। इसी अवस्था का फायदा उठाकर आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। होश आने पर युवती ने विरोध किया तो आरोपी ने उससे प्यार करने और जल्द शादी करने का वादा किया, साथ ही किसी से इस बारे में न बताने को कहा।
शादी की बात पर दी जान से मारने की धमकी
पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद करीब आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए। हाल ही में जब युवती और उसके परिजनों ने शादी की बात की तो आरोपी मुकर गया और धमकी दी कि शिकायत करने पर पूरे परिवार को जान से मार देगा।
परिजनों ने दर्ज कराई शिकायत
पीड़िता ने अपने माता-पिता को पूरी घटना बताई और घाटीगांव थाना में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कर लिया है। घाटीगांव थाना पुलिस का कहना है कि युवती की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
रिपोर्ट- अमित कुमार




साइन इन