‘दोस्तों को टिफिन भेजती थी मां, अब उन्हीं पर हत्या का आरोप’- एमिटी छात्र की मौत में बड़ा ट्विस्ट
Amity student death: मां दीपमाला का कहना है कि यह कोई साधारण हादसा नहीं हो सकता, क्योंकि बेटे के शरीर पर मिले चोट के निशान कई सवाल खड़े करते हैं। तैराक होने के बावजूद डूबने की कहानी पर भी संदेह जताया गया है। ऐसे में यह मामला अब एक रहस्यमय और संवेदनशील जांच का विषय बन गया है।

Amity student death: नोएडा में एमिटी यूनिवर्सिटी के छात्र हर्षित भट्ट की मौत ने अब नया मोड़ ले लिया है। जिन दोस्तों को कभी उसकी मां अपने बेटे का सबसे करीबी मानती थीं और उनके लिए टिफिन तक भेजती थीं, अब उन्हीं पर उन्होंने हत्या का गंभीर आरोप लगा दिया है। मां दीपमाला का कहना है कि यह कोई साधारण हादसा नहीं हो सकता, क्योंकि बेटे के शरीर पर मिले चोट के निशान कई सवाल खड़े करते हैं। तैराक होने के बावजूद डूबने की कहानी पर भी संदेह जताया गया है। ऐसे में यह मामला अब एक रहस्यमय और संवेदनशील जांच का विषय बन गया है।
दोस्तों पर लगाए गंभीर आरोप
हर्षित की मां दीपमाला ने आरोप लगाते हुए कहा- मेरे बेटे के साथ हादसा नहीं हुआ, बल्कि उन बच्चों (दोस्तों) ने ही कुछ किया है। क्योंकि मेरे बेटे के पूरे शरीर पर काले निशान हैं, वो कैसे आ गए मुझे समझ नहीं आ रहा है। शरीर के पिछले हिस्से में वी आकार में चोट के निशान भी हैं। शरीर पूरा नीला पड़ा हुआ है। मुझे बच्चे के लिए इंसाफ चाहिए।
मेरा बेटा तैरना जानता था...
दीपमाला ने अपने बेटे का जिक्र करते हुए कहा- मेरा बेटा तैराक है। वो एमिटी में फिजिकल एजुकेशन का छात्र था। उसे हर चीज सिखाई जाती है, गेम्स तैराकी सब कुछ... उसे पीटीआई मास्टर बनना था। कोच बनना था। उसे सब आता था। मुझे हर चीज पर डाउट हो रहा है।
मां बोली- मेरा बेटा गलत संगति में नहीं था
बेटे के दोस्तों का जिक्र करते हुए कहा- मेरे बेटे के साथ जो थे, मैं उनसे कभी मिली नहीं हूं। लेकिन, मैं उन लोगों को नाम से जानती हूं। मेरा बेटा अक्सर घर पर उनसे फोन पर बात करता था, तो मेरे सामने ही करता था। अगर मेरा बेटा गलत संगति में होता, तो वो अपनी मां के सामने- अपने बाप के सामने कभी बात नहीं करेगा।
बेटे के दोस्तों को टिफिन में भेजती थीं खाना
आगे बताया- दो बच्चों के नाम पता हैं- एक व्यास तोमर और दूसरा क्रिश। तीसरे जिस नाम से कॉल आ रही थी, वो अतुल ठाकुर के नाम से आ रहा था। वो तीसरा ही बच्चा था या नहीं, ये मुझे नहीं मालूम। मां ने आगे बताया- उन बच्चों का जिक्र डेली होता था। मैं जब अपने बेटे को टिफिन देती थी, तो वो कहता था कि मम्मी आपके हाथ का टिफिन उनको टेस्टी लगता है, तो मैं उनके लिए भी रखती थी।
मां बोली- उन तीन लड़कों ने ही कुछ किया
दीपमाला ने गंभीर आरोप लगाते हुए अंत में कहा- मैं बोल रही हूं कि मेरे बेटे को मारा गया है। जैसे उसके शरीर पर निशान हैं, तो ये ऐसे तो कुछ नहीं हो सकता है। मां का आरोप है कि इन तीनों लड़कों ने ही कुछ किया है। मां ने उन तीनों लड़कों के खिलाफ कड़ा एक्शन लेने की बात कही है। मां बोली- मैं उन तीनों लड़कों से मिलकर जानना चाहती हूं कि वहां क्या हुआ था, तुम तीन ही थे। तुमको ही मालूम होगा।




साइन इन