दिल्ली समेत कई जगह ‘26-26’ आतंकी हमलों का अलर्ट, पुलिस ने जारी किए आतंकियों के पोस्टर
इस साजिश की भनक मिलने के बाद दिल्ली पुलिस ने आतंकी संगठन AQIS के छह आतंकवादियों के फोटो वाला एक वॉन्टेड पोस्टर जारी किया है, जिसमें दिल्ली की नूरानी मस्जिद में रहने वाले मोहम्मद रेहान की तस्वीर भी दिखाई गई है।

गणतंत्र दिवस के करीब आते ही देश में एकबार फिर आतंकी हमलों का खतरा मंडरा रहा है। दरअसल भारत में सक्रिय आतंकवादी संगठन 26 जनवरी से पहले देश में किसी बड़े आतंकी हमले को अंजाम देने की फिराक में है। इस बात का खुलासा खुफिया एजेंसियों को मिले विभिन्न इनपुट्स के आधार पर हुआ है। जिसके बाद पूरे देश में खासकर राष्ट्रीय राजधानी और जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। इस अलर्ट में अयोध्या के राम मंदिर को भी संभावित निशाना बताया गया है। जिसके बाद दिल्ली पुलिस ने आतंकी संगठन AQIS (अल-कायदा इन इंडियन सबकॉन्टिनेंट) के कुछ संदिग्ध आतंकवादियों के पोस्टर भी जारी किए हैं।
ISI ने JeM के साथ मिलकर रची साजिश
इंडिया टुडे की एक रिपोर्ट में इस बारे में जानकारी देते हुए बताया गया है कि भारतीय सुरक्षा एजेंसियों को मिले विभिन्न खुफिया इनपुट्स से पता चला है कि पाकिस्तान की ISI (इंटर-सर्विसेस इंटेलिजेंस) ने आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के साथ मिलकर गणतंत्र दिवस से पहले भारत में बड़े हमले करने की एक संदिग्ध साजिश रची है और इसका कोड-नेम '26-26' रखा गया है। जो कि 26 जनवरी की ओर इशारा करता है। जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं, और ऐसी किसी भी हरकत को रोकने के लिए हरसंभव कोशिश कर रही हैं।
छह वॉन्टेड AQIS आतंकियों का पोस्टर जारी
उधर इस साजिश की भनक मिलने के बाद दिल्ली पुलिस ने आतंकी संगठन AQIS (भारतीय उपमहाद्वीप में अल-कायदा) के छह आतंकवादियों के फोटो वाला एक वॉन्टेड पोस्टर जारी किया है, जिसमें दिल्ली के चौहान बांगर की नूरानी मस्जिद में रहने वाले मोहम्मद रेहान की तस्वीर भी दिखाई गई है। उसके अलावा इस पोस्टर में यूपी में संभल के रहने वाले मोहम्मद शरजील अख्तर, झारखंड के चतरा के रहने वाले अबू सूफियान, सैयद मोहम्मद अर्शियान, मोहम्मद शाहिद फैजल और मोहम्मद उमर की तस्वीर भी शामिल है। इनमें से शाहिद फैसल का नाम भी शामिल है, जिसे बेंगलुरु के रामेश्वरम कैफे ब्लास्ट सहित दक्षिण भारत में कई बम धमाकों का मास्टरमाइंड बताया गया है।

यह है आतंकियों का मकसद
सुरक्षा एजेंसियों को मिले खुफिया इनपुट्स में चेतावनी दी गई है कि आतंकी समूह राष्ट्रीय समारोहों को बाधित करने और देश में दहशत फैलाने के मकसद से गणतंत्र दिवस से पहले देश के कई हिस्सों में एक साथ हमले करने की योजना बना रहे हैं। इस साजिश के केंद्र में जैश-ए-मोहम्मद को माना जा रहा है, और प्राप्त इनपुट्स कश्मीर में एक बड़े हमले की योजना की ओर इशारा कर रहे हैं।
हमलों का खतरा देख देशभर में बढ़ाई गई सुरक्षा
देश की आंतरिक सुरक्षा से जुड़े इन खुफिया इनपुट्स के मिलने के बाद फिलहाल दिल्ली और देश के अन्य संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा काफी बढ़ा दी गई है। इस दौरान सुरक्षा एजेंसियां जैश-ए-मोहम्मद और पंजाब के गैंगस्टरों के बीच संभावित संबंधों की भी जांच कर रही हैं, एजेंसियों द्वारा इनके बीच लॉजिस्टिकल सपोर्ट और हमले को अंजाम देने में शामिल एक बड़े नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है। साथ ही '26-26' साजिश से जुड़े किसी भी खतरे को खत्म करने के लिए एजेंसियों द्वारा राज्यों के साथ सभी खुफिया जानकारियां साझा की जा रही हैं और तालमेल बढ़ाते हुए काम किया जा रहा है।
जो खुफिया जानकारियां मिली हैं, उनमें सोशल मीडिया व अन्य प्लेटफॉर्म्स के जरिए फैलाए जा रहे ऑनलाइन कट्टरपंथ को एक बड़ी चुनौती और खतरा बताया गया है और इनकी वजह से आने वाले समय में बड़ी परेशानियां खड़ा होने की ओर इशारा किया गया है। जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर कड़ी नज़र रख रही हैं।




साइन इन