AAP performed havan to seek forgiveness for BJP sins, Saurabh Bhardwaj explained reason AAP नेताओं ने यमुना किनारे कराया हवन, सौरभ भारद्वाज बोले- BJP के किए पाप की मांगी माफी, Ncr Hindi News - Hindustan
More

AAP नेताओं ने यमुना किनारे कराया हवन, सौरभ भारद्वाज बोले- BJP के किए पाप की मांगी माफी

AAP विधायक संजीव झा ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'पूर्वांचल समाज की भावनाओं को ठेस पहुंची है और श्रद्धालुओं को गंदे पानी में आस्था निभाने के लिए भ्रम में रखा गया। इसी पीड़ा के साथ हवन कर भगवान भास्कर और छठी मैया से क्षमा प्रार्थना की।

Wed, 31 Dec 2025 04:47 PMSourabh Jain लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share
AAP नेताओं ने यमुना किनारे कराया हवन, सौरभ भारद्वाज बोले- BJP के किए पाप की मांगी माफी

आम आदमी पार्टी ने हाल ही में दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा का एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें वह कहते हुए दिखे थे कि यमुना का पानी किसी के लिए भी डुबकी लगाने लायक नहीं है, क्योंकि इसमें सीधे सीवर मिल रहा है। इस वीडियो के सामने आने के बाद बुधवार को पार्टी के तीन नेताओं ने कालिंदी कुंज में यमुना नदी के छठ घाट पर एक हवन करवाया, जिसके जरिए उन्होंने यमुना माँ से गंदे पानी से छठी मैया और सूर्य भगवान का अर्घ्य कराने को लेकर दिल्ली की भाजपा सरकार के पाप को माफ़ करने का अनुरोध किया। इस बात की जानकारी पार्टी की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने बुधवार को एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दी।

अपनी पोस्ट में सौरभ भारद्वाज ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को निशाने पर लेते हुए उन पर और उनकी सरकार पर पाप करने का आरोप लगाया। सौरभ ने कहा- भाजपा की सरकार ने झूठ बोलकर सीवर के पानी से छठी मैया की पूजा और सूर्य भगवान को अर्घ्य दिलवाने का पाप किया है। इसके बाद उन्होंने बताया कि इसी घटना को लेकर पार्टी के तीन नेताओं ने आज यमुना नदी पर एक हवन करवाया, और इसके जरिए उन्होंने यमुना मैया से भाजपा सरकार के पापों को क्षमा करने का अनुरोध किया।

'भाजपा सरकार के पापों को माफ करना यमुना मैया'

इस हवन की एक तस्वीर शेयर करते हुए सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'भाजपा सरकार के पापों को माफ करने के लिए यमुना माँ पर हवन कराया गया। दिल्ली के पूर्वांचली लोगों को झूठ बोलकर, सीवर के पानी से छठी मैया और सूर्या भगवान को अर्घ्य दिलवाने का पाप करवाया गया। विधायक संजीव झा, अखिलेश पति त्रिपाठी और विनय मिश्रा ने हवन किया ।'

सिरसा ने बताई यमुना की सच्चाई, आस्था का मजाक बनाया

वहीं इस हवन को करवाने वाले लोगों में से एक विधायक संजीव झा ने इस कार्यक्रम की कुछ फोटोज सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए लिखा, ‘दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा का हालिया बयान कि यमुना का पानी डुबकी लगाने लायक नहीं, बल्कि सीवर का पानी है, यह स्वीकारोक्ति है कि यमुना की सच्चाई क्या है। जबकि कुछ महीने पहले तक दिल्ली सरकार दावा कर रही थी कि यमुना का पानी एकदम साफ है और आचमन करने योग्य है। इस दोहरी राजनीति ने छठ पूजा जैसी पवित्र आस्था का मजाक बना दिया।’

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:सीवर के पानी से अर्घ्य का पाप; दिल्ली में अभी क्यों छठ पूजा की चर्चा कर रही AAP
ये भी पढ़ें:पड़ोसी राज्य और AAP सरकार जिम्मेदार है, दिल्ली प्रदूषण पर भाजपा सरकार के मंत्री

भाजपा सरकार को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना की

आगे उन्होंने लिखा, 'पूर्वांचल समाज की भावनाओं को ठेस पहुंची है और श्रद्धालुओं को गंदे पानी में आस्था निभाने के लिए भ्रम में रखा गया। इसी पीड़ा के साथ, एक पूर्वांचली होने के नाते, अपने साथियों पूर्व विधायक अखिलेश त्रिपाठी और विनय मिश्रा के साथ कालिंदी कुंज छठ घाट पर हवन कर भगवान भास्कर और छठी मैया से क्षमा प्रार्थना की कि सरकार की विफलता के कारण हमारी आस्था को ठेस पहुंची।' इसके साथ ही संजीव झा ने कहा, ‘आज हमने सूर्य देवता से माफी मांगने के लिए हवन किया और बीजेपी सरकार को सद्बुद्धि देने के लिए प्रार्थना की।’

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।