सीवर के पानी से अर्घ्य का पाप; दिल्ली में अभी क्यों छठ पूजा पर रेखा गुप्ता को घेर रही AAP
'आप' के दिल्ली प्रमुख और पूर्व मंत्री सौरभ भारद्वाज ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर निशाना साधते हुए कहा है कि उन्होंने झूठ बोलकर सीवर के पानी से छठी मैया की पूजा कराई और भगवान सूर्य को अर्घ्य दिलवा दिया। पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा के एक बयान को लेकर भारद्वाज ने नए सिरे से मोर्चा खोल दिया है।

यमुना में छठ पूजा को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के बीच शुरू हुआ टकराव अब नए साल तक पहुंच गया है। 'आप' के दिल्ली प्रमुख और पूर्व मंत्री सौरभ भारद्वाज ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर निशाना साधते हुए कहा है कि उन्होंने झूठ बोलकर सीवर के पानी से छठी मैया की पूजा कराई और भगवान सूर्य को अर्घ्य दिलवा दिया। पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा के एक बयान को लेकर भारद्वाज ने नए सिरे से मोर्चा खोल दिया है।
इन दिनों रेखा गुप्ता सरकार की छवि पर एक के बाद एक प्रहार कर रहे सौरभ भारद्वाज पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा की ओर से यमुना पर दिए गए बयान को लेकर सरकार को घेरने में जुटे हुए हैं। उन्होंने बुधवार को एक्स पर लिखा, 'CM रेखा गुप्ता ने पाप किया है। भाजपा की सरकार ने पाप किया है। झूठ बोलकर सीवर के पानी से छठी मैया की पूजा और सूर्य भगवान को अर्घ्य दिलवा दिया, ये पाप है।' दरअसल, कई सालों के बाद भाजपा सरकार ने दिल्ली में यमुना किनारे छठ पूजा के आयोजन की इजाजत दी थी और कई घाटों का निर्माण कराया था। इन घाटों पर लाखों लोगों ने छठ महापर्व मनाया।
सिरसा के बयान के बाद नया घमासान
तब दिल्ली सरकार ने यमुना में साफ-सफाई के काफी इंतजाम किए थे। वहीं 'आप' का आरोप था कि पानी पहले की तरह दूषति है और केमिकल के अत्यधिक प्रयोग से सिर्फ छाग को दूर कर दिया गया है। वहीं, अब आम आदमी पार्टी सिरसा के एक इंटरव्यू का क्लिप शेयर करके भाजपा सरकार पर हमलावर है। इस क्लिप में सिरसा यह कहते नजर आ रहे हैं कि यमुना का पानी अभी डुबकी लगाने लायक नहीं है, क्योंकि इसमें सीवर का पानी मिल रहा है।
इससे पहले सौरभ भारद्वाज ने सिरसा के बयान का जिक्र करते हुए कहा, ‘CM रेखा गुप्ता- हमने यमुना साफ कर दी, बीजेपी एमएलए मैंने पानी पीकर दिखा दिया। बीजेपी हेड- मैंने नहा के दिखा दिया। मीडिया- मोदी जी जिंदाबाद, सिरस - गलती से भी डुबकी मत लगा देना, सीवर का पानी है यमुना में।’




साइन इन