गुरुग्राम में 3 KM लंबा एलिवेटेड रोड बनाने की तैयारी, 182 करोड़ की आएगी लागत; जानें रूट
गुरुग्राम-पटौदी रोड पर स्थित उमंग भारद्वाज चौक को दिल्ली-जयपुर हाईवे पर स्थित हीरो होंडा चौक से जोड़ रही सड़क को एलिवेटेड बनाने की योजना पर काम तेज कर दिया गया है। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ने गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड (जीएमआरएल) से इसके डिजाइन को साझा किया है।

गुरुग्राम-पटौदी रोड पर स्थित उमंग भारद्वाज चौक को दिल्ली-जयपुर हाईवे पर स्थित हीरो होंडा चौक से जोड़ रही सड़क को एलिवेटेड बनाने की योजना पर काम तेज कर दिया गया है। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ने गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड (जीएमआरएल) से इसके डिजाइन को साझा किया है। जीएमआरएल से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) मिलने के बाद इस प्रस्ताव को मंजूरी के लिए हरियाणा सरकार के पास भेजा जाएगा।
उद्योग मंत्री राव नरबीर सिंह ने जीएमडीए अधिकारियों को आदेश जारी किए हैं कि हीरो होंडा चौक से लेकर उमंग भारद्वाज चौक तक एलिवेटिड रोड का निर्माण किया जाए। इस आदेश के बाद नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) ने नया डिजाइन तैयार करके जीएमडीए को सौंपा है। इसके मुताबिक, इस रोड के निर्माण पर 182 करोड़ रुपये की लागत आएगी। तीन किलोमीटर लंबी इस रोड पर ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो का संचालन भी होना है। उद्योग विहार फेज-6 में मेट्रो स्टेशन भी प्रस्तावित है।
पिछले पांच साल से रोड का डिजाइन बन रहा
इस रोड का डिजाइन पिछले पांच साल से बन रहा है, लेकिन अभी तक फाइनल नहीं हो सका है। शुरुआती योजना में इस रोड को दोनों तरफ से तीन-तीन लेन का करना था। केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह के आदेश पर इस रोड को एलिवेटिड तैयार करने की योजना पर काम शुरू हुआ, लेकिन बजट अधिक होने के चलते यह प्लान सिरे नहीं चढ़ सका। तीसरी बार भी बात नहीं बनी। अब चौथी बार एलिवेटेड रोड के निर्माण की योजना पर दोबारा काम किया जा रहा है।
जमीन की जानकारी मांगी
जीएमडीए ने एलिवेटेड रोड के डिजाइन को मंजूरी दे दी है। एनएचएआई से पूछा गया है कि क्या इस रोड के निर्माण को लेकर अतिरिक्त जमीन के अधिग्रहण की आवश्यकता होगी। जीएमआरएल और एनएचएआई से रिपोर्ट मिलने के बाद इस प्रस्ताव को मुख्यमंत्री के पास भेजा जाएगा।
गंदे पानी से परेशानी
एनएचएआई ने हीरो होंडा चौक से उमंग भारद्वाज चौक तक सड़क की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया है। बीकानेर स्वीट्स के समीप गांव मोहम्मदपुर झाड़सा से आ रहे सीवर के गंदे पानी ने दिक्कत पैदा कर रही है। यह पानी इस सड़क पर एकत्रित हो रहा है। इससे चालक परेशान हैं।
अमित गोदारा, कार्यकारी अभियंता, जीएमडीए, ''हीरो होंडा चौक से उमंग भारद्वाज चौक तक सड़क को एलिवेटेड बनाने की योजना बनी है। जीएमआरएल और एनएचएआई से इस एलिवेटेड रोड को लेकर कुछ जानकारी मांगी है। यह मिलने के बाद इस योजना को अंतिम रूप देने की दिशा में काम शुरू किया जाएगा।''




साइन इन