दिल्ली में जाम वाली जगहों पर 18 नए फ्लाईओवर बनाने की तैयारी, PWD ने शुरू किया काम
दिल्ली सरकार ने राजधानी में जाम वाले 18 स्थानों पर नए फ्लाईओवर बनाने की योजना पर काम कर रही है। पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने बताया कि इसके लिए अध्ययन किया जा रहा है।

दिल्ली में जाम की समस्या को कम करने के लिए सरकार 18 नए फ्लाईओवर बनाने की योजना पर काम कर रही है। यह फ्लाईओवर शहर के ऐसे हिस्सों में बनेंगे जहां जाम की ज्यादा समय रहती है।
पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने बताया कि इसके लिए दिल्ली सरकार की ओर से सभी 18 स्थानों पर अध्ययन किया जा रहा है। इसके पूरा होते ही सरकार योजना को मंजूर कर जल्द फ्लाईओवर बनाने का काम शुरू करेगी। दिल्ली में जाम एक बड़ी समस्या है जिसकी वजह से प्रतिदिन लाखों लोग परेशान होते हैं।
विधायकों ने की थी मांग
वाहनों की बढ़ती संख्या के चलते महत्वपूर्ण सड़कों पर सुबह-शाम जाम की समस्या देखने को मिलती है। पीडब्ल्यूडी लगातार जाम को कम करने के लिए नए कदम उठा रहा है। बीते दिनों पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने सभी विधायकों से उनके क्षेत्रों में फ्लाईओवर, एफओबी और अंडरपास की आवश्यकता को लेकर जानकारी मांगी थी। इसमें कई विधायकों ने अपने क्षेत्र में फ्लाईओवर की मांग रखी थी।
अभी दिल्ली में सौ फ्लाईओवर
मंत्री ने बताया कि दिल्ली में अभी लगभग 100 फ्लाईओवर हैं, लेकिन जाम की समस्या को देखते हुए और फ्लाईओवर बनाने की आवश्यकता है। इसलिए फिलहाल 18 स्थानों पर नए फ्लाईओवर बनाने के लिए योजना तैयार की जा रही है। इसमें से कुछ ऐसे स्थान हैं, जहां फ्लाईओवर की मांग विधायकों द्वारा की गई थी। उन्होंने बताया कि इन स्थानों पर फ्लाईओवर बनाने के लिए पीडब्ल्यूडी की ओर से अध्ययन करवाया जा रहा है। इनकी डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) जल्द से जल्द तैयार करने को कहा गया है। इसके तैयार होते ही उन स्थानों पर फ्लाईओवर बनाने का काम शुरू होगा।
प्रस्तावित फ्लाईओवर - किलोमीटर - मौजूदा स्थिति
इंद्रलोक मेट्रो स्टेशन से यूईआर-2 - 20 - अध्ययन चल रहा है
डीबीजी रोड से अजमेरी गेट - 07 - अध्ययन चल रहा है
शादीपुर डिपो - 04 - अध्ययन चल रहा है
आईटीओ - 04 - अध्ययन चल रहा है
नानकसार गुरुद्वारा से ट्रॉनिका सिटी - 06 - अध्ययन चल रहा है
जखीरा क्रासिंग से कर्मपुरा फ्लाईओवर - 2.20 - अध्ययन चल रहा है
NSG इंटरसेक्शन, डोमेस्टिक एयरपोर्ट - 02 - अध्ययन चल रहा है
सूखी नहर, हिंद विहार किराड़ी - 01 - अध्ययन चल रहा है
नजफगढ़ से कापसहेड़ा - 20 - अध्ययन चल रहा है
रिंग रोड - 55 - प्राथमिक रिपोर्ट तैयार
अनुव्रत मार्ग से डीएलएफ कट - 03 - अध्ययन चल रहा है
कंझावला चौक से मंगोलपुरी - 10.70 - टेंडर निकाला गया
केशोपुर डिपो से हैदरपुर - 17.5 - टेंडर दिया गया
सागरपुर से मायापुरी चौक - 4.3 - प्राथमिक रिपोर्ट तैयार
पंखा रोड से डेसू कॉलोनी जनकपुरी - 1.3 - प्राथमिक रिपोर्ट तैयार
●ट्रंक नाले पर फ्लाईओवर बनाने के लिए टेंडर आमंत्रित किया जा चुका
●मुकरबा चौक पर फ्लाईओवर के लिए सिंचाई विभाग से एनओसी मिली
●बवाना में फ्लाईओवर बनाने के लिए टेंडर निकाला जा चुका
प्रवेश साहिब सिंह, पीडब्ल्यूडी मंत्री, ''दिल्ली में प्रमुख जाम वाले स्थानों पर 18 नए फ्लाईओवर बनाने की योजना है। इन स्थानों पर विशेषज्ञ यह आकलन करेंगे कि फ्लाईओवर या अंडरपास में से कौन सा विकल्प अधिक उपयुक्त रहेगा। अध्ययन पूरा होने के बाद डीपीआर तैयार कर स्वीकृति के लिए भेजी जाएगी, ताकि बिना किसी देरी के निर्माण कार्य शुरू किया जा सकेगा।''




साइन इन