मिलेनियम सिटी की 12 सड़कें महिलाओं के लिए असुरक्षित, गुरुग्राम पुलिस के सर्वे में खुलासा
मिलेनियम सिटी गुरुग्राम की 12 सड़कें महिलाओं के लिए असुरक्षित हैं। कुछ सड़कों पर स्ट्रीट लाइट तक की व्यवस्था नहीं है तो कुछ जगह पर यह काफी समय से खराब पड़ी हैं। इन सड़कों पर सीसीटीवी कैमरे की भी व्यवस्था नहीं है।

मिलेनियम सिटी गुरुग्राम की 12 सड़कें महिलाओं के लिए असुरक्षित हैं। कुछ सड़कों पर स्ट्रीट लाइट तक की व्यवस्था नहीं है तो कुछ जगह पर यह काफी समय से खराब पड़ी हैं। इन सड़कों पर सीसीटीवी कैमरे की भी व्यवस्था नहीं है। यह खुलासा गुरुग्राम पुलिस की सीएडब्ल्यू (महिलाओं के खिलाफ अपराध) शाखा की सर्वे रिपोर्ट में हुआ है।
सीएडब्ल्यू की रिपोर्ट के मुताबिक, इन सड़कों पर महिलाओं से छेड़छाड़ होने और अपराध होने का खतरा बना रहता है।
सर्वे रिपोर्ट के अनुसार, द्वारका एक्सप्रेसवे लिंक रोड पर श्री बीकानेर मिष्ठान से सूरज फास्ट फूड तक स्ट्रीट लाइट नहीं है। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर पचगांव पुलिस चौकी से संदीप लोजिस्टिक तक स्ट्रीट लाइट और सीसीटीवी कैमरे नहीं हैं। निकासी नंबर आठ से लेकर शाहिद चाट भंडार तक स्ट्रीट लाइट की कमी है। गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड पर सनसेट प्वाइंट से लेकर वन अरावली हिल्स तक अधिकांश स्ट्रीट लाइट खराब हैं। फर्रुखनगर से वजीरपुर रोड पर पीएनसी इंफ्राटैक से लेकर ट्रंफ हुंडई के शोरूम तक स्ट्रीट लाइट नहीं है। गुरुग्राम-फर्रुखनगर रोड पर सुल्तानपुर रेलवे फाटक से लेकर ओम रसोई तक स्ट्रीट लाइट नहीं है। सत्या मॉल से लेकर बसई पुलिस चौकी बूथ तक अधिकांश स्ट्रीट लाइट खराब हैं। सिर्फ चार-पांच स्ट्रीट लाइट ठीक हैं। आईएमटी मानेसर में सेक्टर-सात और सेक्टर-आठ में लेबर चौक से बास चौक तक स्ट्रीट लाइट के खंभे तो हैं, लेकिन उसके ऊपर स्ट्रीट लाइट नहीं है। सेक्टर-सात और आठ को जोड़ रही सड़क पर स्ट्रीट लाइट बंद हैं।

दुर्गा शक्ति ऐप और डायल 112 पर कॉल करें
महिलाएं और युवतियां अपने मोबाइल में दुर्गा शक्ति ऐप को डाउनलोड कर सकती हैं। यदि महिला किसी मुसीबत में है तो इस ऐप के माध्यम से गुरुग्राम पुलिस से मदद मांग सकती है। ऐप पर सूचना मिलने के बाद महिला पुलिस मौके पर पहुंच जाती है। डायल 112 पर भी शिकायत दर्ज करवाई जा सकती है। हेल्पलाइन नंबर 1091 पर शिकायत कर सकती हैं। गुरुग्राम पुलिस की तरफ से भी कंपनी, फैक्ट्री और स्कूलों में जागरूकता समारोह का आयोजन किया जाता है।
डॉ. राजेश मोहन, पुलिस उपायुक्त, यातायात, गुरुग्राम, ''गुरुग्राम पुलिस की सीएडब्ल्यू शाखा ने अपनी सर्वेक्षण रिपोर्ट में कुछ सड़कों को महिलाओं के लिए असुरक्षित बताया है। इन सड़कों पर स्ट्रीट लाइट और सीसीटीवी कैमरों की कमी है। संबंधित विभाग को यह रिपोर्ट भेजकर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए कहा है।''




साइन इन