36 km long route, 28 stations Gurugram Sector-56 to Pachgaon metro line what changes recommended in DPR गुरुग्राम में नए रूट पर एलिवेटेड रोड के ऊपर से चलेगी मेट्रो, 36 KM रूट में 28 स्टेशन; इन इलाकों को लाभ, Ncr Hindi News - Hindustan
More

गुरुग्राम में नए रूट पर एलिवेटेड रोड के ऊपर से चलेगी मेट्रो, 36 KM रूट में 28 स्टेशन; इन इलाकों को लाभ

गुरुग्राम में गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड पर मेट्रो और एलिवेटेड रोड का एक ही पिलर होगा। गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड (जीएमआरएल) ने सेक्टर-56 से पचगांव तक प्रस्तावित मेट्रो की डीपीआर में बदलाव करने की सिफारिश की है।

Tue, 23 Dec 2025 07:20 AMPraveen Sharma हिन्दुस्तान, गुरुग्राम
share
गुरुग्राम में नए रूट पर एलिवेटेड रोड के ऊपर से चलेगी मेट्रो, 36 KM रूट में 28 स्टेशन; इन इलाकों को लाभ

गुरुग्राम में गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड पर मेट्रो और एलिवेटेड रोड का एक ही पिलर होगा। गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड (जीएमआरएल) ने सेक्टर-56 से पचगांव तक प्रस्तावित मेट्रो की डीपीआर में बदलाव करने की सिफारिश की है। इसमें नए फ्लाईओवर के ऊपर से मेट्रो चलाने पर जोर दिया है।

हरियाणा मास रैपिड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (एचएमआरटीसी) ने इस सिलसिले में रेल इंडिया टेक्निकल एंड इकोनॉमिक सर्विस (राइट्स) से पक्ष मांगा है। गत 14 नवंबर को प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड को लेकर एक बैठक हुई थी। इसमें केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह मौजूद थे। बैठक में फैसला होना था कि गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड पर अंडरपास का निर्माण किया जाए या फ्लाईओवर का।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आदेश जारी किए कि इस रोड पर घाटा चौक से लेकर वाटिका चौक तक एलिवेटेड रोड का निर्माण किया जाए। इस योजना पर करीब 750 करोड़ रुपये की लागत आनी है। इस एलिवेटेड रोड का डिजाइन तैयार करने के लिए जीएमडीए ने एक सलाहकार कंपनी को जिम्मेदारी सौंपी है। इसके साथ ही जीएमआरएल ने आग्रह किया कि इस मेट्रो मार्ग की डीपीआर में घाटा चौक से लेकर वाटिका चौक के बीच एलिवेटेड रोड के डिजाइन, संरेखण और लागत को शामिल किया जाए। इससे यह सुनिश्चित होगा कि दोनों सुविधाओं को एक एकीकृत संरचना के रूप में बनाया जाए।

एलिवेटेड रोड के ऊपर मेट्रो ट्रैक तैयार किया जाएगा

इस बीच जीएमआरएल ने नागपुर, बेंगलुरु, दिल्ली और जयपुर की तर्ज पर इस रोड पर एलिवेटेड रोड और मेट्रो का निर्माण एक पिलर पर करने की सिफारिश की है। इसके मुताबिक रोड के ऊपर एलिवेटेड रोड बनेगी। एलिवेटेड रोड के ऊपर मेट्रो ट्रैक तैयार किया जाएगा। ऐसा होने से निर्माण लागत में कमी आएगी। साथ ही साथ करीब नौ मीटर जमीन बचेगी, जिसका उपयोग सड़क को भविष्य में चौड़ा करने या हरित क्षेत्र विकसित करने के लिए किया जा सकता है। एलिवेटेड रोड और मेट्रो को अलग-अलग तैयार किया जाता है तो सड़क की चौड़ाई, रखरखाव और जल निकासी की समस्या पैदा होंगी।

36 किलोमीटर लंबा होगा रूट

राइट्स की तरफ से तैयार डीपीआर के मुताबिक सेक्टर-56 से लेकर पचगांव तक मेट्रो मार्ग की लंबाई करीब 36 किलोमीटर होगी। गोल्फ कोर्स रोड पर सेक्टर-56 स्थित रैपिड मेट्रो के स्टेशन से यह शुरू होगी, इसके बाद गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड और एसपीआर से होते हुए पचगांव तक मेट्रो का संचालन किया जाएगा। इसके तहत 28 मेट्रो स्टेशन का निर्माण होगा।

नमो भारत के रूट में भी बदलाव की योजना

हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की सेक्टर-29 में जमीन को बचाने के लिए नमो भारत ट्रेन के गुरुग्राम-फरीदाबाद-ग्रेटर नोएडा रूट में बदलाव करने की योजना बनाई जा रही है। इस सिलसिले में एचएमआरटीसी के प्रबंध निदेशक डॉ. चंद्रशेखर खरे की अध्यक्षता में बैठक हुई। एनसीआरटीसी की योजना के तहत इफको चौक से बाबा भीमराव आंबेडकर मार्ग होते हुए गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड से नमो भारत ट्रेन को नोएडा और ग्रेनो ले जाने की योजना है।

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।