Who is Vivek Banzal on Target after lavish Prayagraj Trip government in action कौन हैं BSNL के अफसर विवेक बंजल, प्रयागराज दौरे पर अंडरवियर के इंतजाम पर बवाल, India News in Hindi - Hindustan
More

कौन हैं BSNL के अफसर विवेक बंजल, प्रयागराज दौरे पर अंडरवियर के इंतजाम पर बवाल

बीएसएनएल अधिकारी के प्रयागराज दौरे को लेकर विवाद सुर्खियों में हैं। इस अधिकारी का नाम है विवेक बंजल, जो 1987 बैच के इंडियन टेलीकम्यूनिकेशन सर्विस ऑफिसर हैं।

Wed, 25 Feb 2026 03:57 PMDeepak Mishra लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share
कौन हैं BSNL के अफसर विवेक बंजल, प्रयागराज दौरे पर अंडरवियर के इंतजाम पर बवाल

बीएसएनएल अधिकारी के प्रयागराज दौरे को लेकर विवाद सुर्खियों में हैं। इस अधिकारी का नाम है विवेक बंजल, जो 1987 बैच के इंडियन टेलीकम्यूनिकेशन सर्विस ऑफिसर हैं। विवेक बंजल की प्रयागराज यात्रा के दौरान इंतजाम के जो दिशा-निर्देश जारी हुए उसने सोशल मीडिया पर खासा बवाल खड़ा कर दिया। यह टूर 25-26 फरवरी को होने वाला था और इसमें डायरेक्टर के लिए अंडरवियर तक के लिए निर्देश दिए गए थे। सोशल मीडिया पर दिशानिर्देशों का पत्र वायरल होने के बाद विवेक बंजल की प्रयागराज यात्रा रद्द हो गई थी। वहीं, अब सरकार भी इसको लेकर बीएसएनएल डायरेक्टर पर ऐक्शन की तैयारी में है।

विवेक बंजल कौन
बीएसएनएल की अधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, बंजल 1987 बैच के भारतीय दूरसंचार सेवा अधिकारी हैं। उनके पास इलेक्ट्रॉनिक्स में बैचलर ऑफ इंजीनियरिंग की डिग्री है। इसके अलावा वह कंप्यूटर साइंस में मास्टर ऑफ इंजीनियरिंग और एमबीए भी हैं। उन्हें पूरे भारत में दूरसंचार नेटवर्क प्रबंधन का 34 वर्षों से अधिक का अनुभव है। विवेक बंजल के रोल के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बीएसएनएल आगे लिखता है कि वह सन 2016 से, भारत फाइबर (बीएसएनएल की एफटीटीएच सेवाओं), इसके आईटी ढांचे और अन्य सेवाओं को देख रहे हैं। वेबसाइट पर लिखा है कि उनके विजन ने डिजिटलीकरण और कस्टमर्स के लिए अभिनव समाधान पेश करने में योगदान दिया है।

किस बात का है विवाद
बंजल का नाम तब सामने आया जब उनके प्रयागराज दौरे के विस्तृत इंतजामों को दर्शाता 21-बिंदुओं वाला डॉक्यूमेंट ऑनलाइन वायरल होने लगा। इस दौरान वो तैयारियां लोगों के लिए चर्चा का विषय बन गईं जो बंजल के प्रवास के लिए की गई थीं। विवेक बंजल के दौरे के लिए करीब 50 अधिकारियों, जूनियर तकनीकी अधिकारियों और इंजीनियरों से लेकर उप-खंडीय और खंडीय इंजीनियरों तक को अलग-अलग जिम्मेदारियां दी गई थीं। यात्रा कार्यक्रम में संगम में स्नान की व्यवस्था और हनुमान मंदिर, अक्षयवट और पातालपुरी मंदिर के दर्शन शामिल थे। इस डॉक्यूमेंट में बंजल के पूरे प्रवास के दौरान, उनके लिए सुविधाओं का इंतजाम करने के लिए विस्तृत प्रावधानों का उल्लेख किया गया था।

बनी थी खास लिस्ट
इस लेटर में कुछ खास चीजें शामिल थीं, जिनमें हेयर ऑयल, कंघी, टूथपेस्ट, ब्रश, शेविंग किट और चप्पल। आठ बाथ किट-छह पुरुषों और दो महिलाओं के लिए का इंतजाम करने की बात भी इसमें थी। वहीं, एक वरिष्ठ अधिकारी को स्नान के बाद की व्यवस्थाओं की देखरेख करने के लिए नियुक्त किया गया था। होटल और सर्किट हाउस में, अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे ड्राई फूट बाउल, फ्रूट बाउल, शेविंग किट, तौलिया, टूथपेस्ट, ब्रश, साबुन, शैम्पू, कंघी और हेयर ऑइल जैसी चीजों का भी इंतजाम करके रखें।

यात्रा रद्द और ऐक्शन की तैयारी
हालांकि सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद एक दिन पहले ही विवेक बंजल की यात्रा रद्द हो गई। बीएसएनएल ने बाद में एक बयान जारी कर इंतजामों से दूरी बना ली। कंपनी ने कहा कि संबंधित अधिकारियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की गई है। इसके अतिरिक्त, मौजूदा दिशानिर्देशों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दोहराए गए हैं। बीएसएनएल कर्मचारियों को इस संबंध में निर्धारित आचार संहिता और निर्देशों का पूरी तरह पालन करने की याद दिलाई जाती है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:अंडरवियर-तौलिया के VIP इंतजाम वाले BSNL अफसर पर गिरी गाज, सिंधिया नाराज
ये भी पढ़ें:कर्मचारियों को अंडरवियर जुटाने में लगा दिया, BSNL डायरेक्टर पर ऐक्शन की तैयारी

इस विवाद पर केंद्र सरकार की भी प्रतिक्रिया आई। केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इस मामले को गंभीर बताते हुए पुष्टि की कि कार्रवाई शुरू की गई है। सिंधिया ने कहाकि मैंने यह स्पष्ट कर दिया है कि यह अनुचित है और स्थापित नियमों व परंपराओं का उल्लंघन है। यह मेरे लिए अस्वीकार्य है। यह चौंकाने वाला है। उन्होंने आगे कहाकि बंशल को शो-कॉज नोटिस जारी किया गया है, जिसमें जवाब देने के लिए उन्हें सात दिन का समय दिया गया है। इसके बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।