अपने दम पर बनाएंगे सरकार, तमिलनाडु में सुनामी के बीच विजय की पार्टी ने किया बड़ा दावा
तमिलनाडु में ऐक्टर विजय की पार्टी टीवीके की सुनामी चल रही है। इन सबके बीच टीवीके के राष्ट्रीय प्रवक्ता फेलिक्स गेराल्ड ने सोमवार को भरोसा जताया कि पार्टी तमिलनाडु में पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी,

तमिलनाडु में ऐक्टर विजय की पार्टी टीवीके की सुनामी चल रही है। पहली बार पार्टी बनाने वाले विजय ने कमाल का कर दिया है। रुझानों में टीवीके ने यहां 100 से ज्यादा सीटें हासिल कर ली हैं। वहीं, सत्ताधारी डीएमके 48 सीटों और एडीएमके 79 सीटों पर सिमटती नजर आ रही है। इन सबके बीच टीवीके के प्रवक्ता ने बड़ा दावा किया। तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के राष्ट्रीय प्रवक्ता फेलिक्स गेराल्ड ने सोमवार को भरोसा जताया कि पार्टी तमिलनाडु में पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी, क्योंकि चुनाव के शुरुआती रुझानों में पार्टी को भारी समर्थन मिलता दिख रहा है।
अपेक्षित था यह परिणाम
टीवीके के प्रवक्ता गेराल्ड ने ‘पीटीआई वीडियो’ से कहाकि परिणाम अपेक्षित थे। उन्होंने दावा किया कि तमिलनाडु की जनता ने टीवीके को इसलिए चुना है, क्योंकि वे मौजूदा दलों से तंग आ चुके हैं। उन्होंने कहाकि बेशक उनके (मौजूदा दल) पास 50 या 75 साल का अनुभव है लेकिन इस अनुभव से उन्होंने सिर्फ राज्य को लूटने का काम किया। उन्होंने कहा कि मतदाता टीवीके पर भरोसा करते हैं और उसे एक विकल्प के रूप में देखते हैं। शुरुआती रुझान के बावजूद गेराल्ड पार्टी की संभावनाओं को लेकर दृढ़ हैं और उन्होंने दावा किया कि टीवीके बिना किसी बाहरी समर्थन के सरकार बनाएगी।
अब उन्हें पता चलेगा असलियत का पता
चुनाव प्रचार के दौरान पार्टी नेता विजय की सीमित मीडिया उपस्थिति के बारे में पूछे जाने पर गेराल्ड ने कहाकि नेता मीडिया के माध्यम से बात करने के बजाय सीधे जनता से बात करना पसंद करते हैं। उन्होंने उन आलोचनाओं और मीडिया की खबरों को खारिज कर दिया जिनमें कहा गया था कि पार्टी के लिए एक भी सीट जीतना मुश्किल होगी, और इतने अधिक मत प्रतिशत को जनसमर्थन का प्रमाण बताया। चुनाव प्रचार के दौरान टीवीके को कथित तौर पर कमतर आंकने के लिए द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) पर निशाना साधते हुए प्रवक्ता ने कहाकि वे आंखें बंद करके अंधेरे कमरे में दौड़ रहे थे। अब उन्हें अपनी दुनिया का पता चलेगा।
विजय के घर खुशी का माहौल, बढ़ी सुरक्षा
रुझानों में टीवीके को बड़ी संख्या में सीटें मिलने के बाद उनके घर पर खुशी का माहौल है। विजय के घर के कुछ विजुअल्स सामने आए हैं, जहां उनके परिवार के लोग खुशियां मना रहे हैं। वहीं, टीवीके की सीटें बढ़ने के बाद विजय के घर पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। वहां पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।




साइन इन