बंगाल चुनाव से पहले आयोग ने जारी की सप्लीमेंट्री वोटर लिस्ट, सूची में ऐसे चेक करें अपना नाम
आयोग ने सोमवार को सूची जारी की है। आयोग के अधिकारी ने बताया है कि सप्लीमेंट्री लिस्ट जारी होने के बाद, कोई भी व्यक्ति कलकत्ता हाईकोर्ट द्वारा बनाए जाने वाले अपीलीय ट्रिब्यूनल में इस फैसले को चुनौती दे सकता है।

पश्चिम बंगाल में अगले महीने होने वाले चुनावों से पहले चुनाव आयोग ने सप्लीमेंट्री मतदाता सूची जारी कर दी है। सोमवार देर रात आयोग ने SIR की सुनवाई के बाद पहली सप्लीमेंट्री वोटर लिस्ट जारी की। हालांकि इस दौरान चुनाव आयोग ने यह साफ नहीं किया कि सूची से कितने वोटरों के नाम हटाए गए और कितने शामिल किए गए। ऐसे में हटाए गए नामों को लेकर अब भी सस्पेंस की स्थिति बनी हुई हुई है।
पश्चिम बंगाल के मुख्य चुनाव अधिकारी (CEO) मनोज अग्रवाल ने हटाए गए नामों की संख्या बताने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा, "हमें नहीं पता कि कितने नाम हटाए गए हैं या कितने नाम जारी किए जाएंगे।" अग्रवाल ने कहा कि सप्लीमेंट्री लिस्ट जारी होने के बाद, कोई भी व्यक्ति कलकत्ता हाईकोर्ट द्वारा बनाए जाने वाले अपीलीय ट्रिब्यूनल में इस फैसले को चुनौती दे सकता है। लेकिन वोटर इस फैसले को कब चुनौती दे सकते हैं या सभी जिलों में ट्रिब्यूनल कब बनाए जाएंगे, इसकी घोषणा अभी नहीं हुई है। उन्होंने कहा, “राज्य सरकार ट्रिब्यूनल की उपलब्धता सुनिश्चित करेगी और हाईकोर्ट इन इंतजामों को मंजूरी देगा। उसके बाद ही सभी 23 जिलों में ट्रिब्यूनल बनाए जाएंगे।”
वेरिफिकेशन की प्रक्रिया जारी
अधिकारियों ने साफ किया है कि जिन लोगों के पास सही और पूरे डॉक्यूमेंट्स होंगे, उन्हें अपडेटेड लिस्ट में 'नए' (Fresh) वोटर के तौर पर मार्क किया जाएगा। वहीं दूसरी ओर, जिन नामों का वेरिफिकेशन पूरा नहीं हो पाएगा, उन्हें 'हटाए गए' (Deleted) कैटेगरी में रखा जाएगा, जिसका मतलब है कि उन्हें वोटर लिस्ट से पूरी तरह हटा दिया जाएगा। इस बीच वोटरों का एक बड़ा हिस्सा अभी भी 'अंडर एडजुडिकेशन' स्टेटस में ही रहेगा, जिसका मतलब है कि उनके वेरिफिकेशन की प्रक्रिया अभी भी चल रही है और अगली लिस्ट में उनके बारे में फैसला लिया जाएगा।
ऐसे चेक करें अपना नाम
चुनाव आयोग के एक सूत्र ने बताया है कि वोटर ECI की वेबसाइट या ECInet ऐप पर अपनी विधानसभा सीट, बूथ नंबर और दूसरी जानकारी देकर यह पता लगा सकते हैं कि उनका नाम सप्लीमेंट्री लिस्ट में है या नहीं। मतदाता इन स्टेप्स को फॉलो कर सकते हैं:
- चुनाव आयोग की ऑफिशियल वेबसाइट, voters.gov.in पर जाएं।
- अपने राज्य के तौर पर पश्चिम बंगाल चुनें
- साल 2026 चुनें
- 'SIR सप्लीमेंट्री रोल 2026' पर क्लिक करें
- अपने जिले और विधानसभा क्षेत्र के लिए PDF डाउनलोड करें
- अपना नाम खोजें और देखें कि क्या 'अंडर एडजुडिकेशन' टैग हटा दिया गया है
या फिर, सीधे स्टेटस चेक करने के लिए सर्च बार में अपना EPIC (वोटर ID) नंबर डालें
- अगर आपकी पूरी जानकारी दिखाई देती है, तो आपका नाम सुरक्षित है। अगर रिजल्ट में 'कोई रिजल्ट नहीं मिला' (No Result Found) दिखाता है, तो इसका मतलब है कि आपका नाम हटा दिया गया है। यदि स्टेटस ‘Under Adjudication’ ही रहता है, तो आपको अगले अपडेट का इंतजार करना पड़ सकता है।




साइन इन