Weather Update IMD warns Cloudy skies thunderstorms with lightning and gusty winds तपती-चुभती गर्मी से थोड़ी सी राहत, IMD ने बताया कहां कैसा रहेगा मौसम का मिजाज, India News in Hindi - Hindustan
More

तपती-चुभती गर्मी से थोड़ी सी राहत, IMD ने बताया कहां कैसा रहेगा मौसम का मिजाज

IMD Weather Update: देश भर में गर्मी कहर ढा रही है। उत्तर प्रदेश समेत विभिन्न राज्यों में आसमान से आफत बरस रही है। इन सबके बीच एक राहत भरी खबर मौसम विभाग ने दी है। इसके मुताबिक आज से 30 अप्रैल तक मौसम का मिजाज कुछ नरम हो सकता है।

Tue, 28 April 2026 08:03 AMDeepak Mishra लाइव हिन्दुस्तान
share
तपती-चुभती गर्मी से थोड़ी सी राहत, IMD ने बताया कहां कैसा रहेगा मौसम का मिजाज

IMD Weather Update: देश भर में गर्मी कहर ढा रही है। उत्तर प्रदेश समेत विभिन्न राज्यों में आसमान से आफत बरस रही है। इन सबके बीच एक राहत भरी खबर मौसम विभाग ने दी है। इसके मुताबिक आज से 30 अप्रैल तक मौसम का मिजाज कुछ नरम हो सकता है। उत्तर प्रदेश और दिल्ली समेत कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने का अनुमान जाहिर किया गया है। खास बात यह है कि मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि मौसम में आने वाले बदलाव को देखते हुए किसी पेड़ के नीचे या ऐसी जगह शरण लेने से बचें, जिसके तेज हवा में गिर जाने का डर हो। आइए जानते हैं देश के अलग-अलग हिस्सों में कैसा रहेगा मौसम का मिजाज।

उत्तर प्रदेश का हाल
उत्तर प्रदेश का हाल भी गर्मी से बेहाल है। यहां पर कई शहरों में तापमान लगातार ऊंचे स्तर पर बना हुआ है। लेकिन मौसम विभाग के अनुमान ने थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद जताई है। इसके मुताबिक अगले 24 घंटों में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के साथ-साथ पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ अलग-अलग स्थानों पर बिजली कड़कने और तेज़ हवाओं के साथ आंधी-तूफान आने की प्रबल संभावना है। इससे लोगों को भीषण गर्मी से थोड़ी राहत मिलने के आसार हैं। गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में बढ़ते तापमान और लू के बढ़ते खतरे को देखते हुए सरकार ने राज्य के सभी स्कूलों के लिए दिशानिर्देश जारी किए हैं।

दिल्ली में भी राहत
दिल्ली का हाल भी कुछ ऐसा ही है। यहां पर तापमान 42-43 डिग्री तक पहुंच चुका है। लेकिन राहत की बात यह है कि मौसम विभाग ने मंगलवार से गुरुवार तक के लिए मौसम के मिजाज में बदलाव की चेतावनी दी है। इसके मुताबिक दिल्ली में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए न्यूनतम तापमान लगभग 28 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान लगभग 42 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान लगाया है। गरज-चमक और बारिश से भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। मंगलवार से 30 अप्रैल तक धूल भरी आंधी, गरज-चमक और बारिश की संभावना है। इसके लिए 29 अप्रैल के लिए विशेष रूप से यलो अलर्ट जारी किया गया है।

तमिलनाडु में भी बारिश के आसार
अगले एक सप्ताह के पूर्वानुमान के अनुसार, तमिलनाडु के तटीय डेल्टा जिलों, पश्चिमी घाट के जिलों, दक्षिणी तटीय जिलों और कराईकल क्षेत्र में छिटपुट स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि शेष तमिलनाडु और पुड्डुचेरी में मुख्य रूप से मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। आगामी 30 अप्रैल को नीलगिरी, कोयंबटूर, इरोड, सलेम, धर्मपुरी और कृष्णगिरि जिलों में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। एक मई तक तमिलनाडु, पुड्डुचेरी और कराईकल क्षेत्र में अधिकतम तापमान में वृद्धि की प्रवृत्ति के साथ कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। चेन्नई शहर और इसके आसपास के इलाकों के लिए पूर्वानुमान है कि अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा और गर्म व उमस भरा मौसम बना रहेगा, जबकि बारिश के कोई आसार नहीं है।

महाराष्ट्र में राहत नहीं
अगर बात महाराष्ट्र की करें तो यहां पर फिलहाल राहत की कोई उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग के अधिकारियों के मुताबिक राज्य के विदर्भ क्षेत्र के कुछ हिस्सों में मंगलवार तक लू की स्थिति बनी रहने का पूर्वानुमान है। उन्होंने कहा कि अधिकतम तापमान 45 से 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है तथा कुछ दूरस्थ स्थानों पर यह 47 डिग्री सेल्सियस भी हो सकता है। बता दें कि महाराष्ट्र के अकोला में देश में सबसे अधिक 46.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि नागपुर समेत विदर्भ के अन्य हिस्से भीषण गर्मी की चपेट में हैं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बंगाल में महिला वोटर्स पर SIR का कितना असर? आंकड़ों की जुबानी, पूरी कहानी
ये भी पढ़ें:बंगाल चुनाव में UP के ‘सिंघम’ की एंट्री से सियासी भूचाल, IPS अजय पाल शर्मा कौन
ये भी पढ़ें:MP मिताली बाग पर हुए हमले पर आक्रामक क्यों TMC? दूसरे चरण से पहले कैसा दांव

इन राज्यों में ऐसा हाल
अन्य राज्यों की बात करें तो पंजाब और हरियाणा में भी गरज-चमक और तेज हवाओं की चेतावनी मौसम विभाग ने दी है। इसके अलावा मंगलवार को जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बुधवार को ओलावृष्टि की संभावना है। आगामी मौसम परिवर्तन के साथ, मौसम विभाग ने लोगों को पेड़ों के नीचे शरण लेने, कंक्रीट की दीवारों, फर्शों, जल निकायों और विद्युत चालक से दूर रहने की सलाह दी है। साथ ही यह भी सिफारिश की गई है कि इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को सॉकेट से हटाकर रखें। साथ ही होते मौसम के लिए सतर्क रहें।