विजय ने तमिलनाडु में सरकार बनाने का पेश किया दावा, कब होगा शपथ ग्रहण?
टीवीके साधारण बहुमत से महज 10 सीटें दूर है। तमिलनाडु विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा 118 है। विजय ने अपनी दोनों सीटों से जीत दर्ज की है। संकेत मिले हैं कि कांग्रेस सहित कुछ दलों ने पार्टी के साथ बातचीत के लिए अपने रास्ते खोल दिए हैं।

तमिलगा वेत्री कषगम (TVK) प्रमुख विजय ने तमिलनाडु में सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया है। शपथ ग्रहण समारोह गुरुवार को होने की संभावना है। इससे पहले, तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने विधानसभा चुनाव में डीएमके की हार के बाद मुख्यमंत्री एमके स्टालिन का इस्तीफा स्वीकार कर लिया। राज्यपाल ने निवर्तमान मुख्यमंत्री से वैकल्पिक व्यवस्था होने तक पद पर बने रहने की अपील की। नई सरकार के गठन तक स्टालिन कार्यवाहक मुख्यमंत्री के रूप में पद पर बने रहेंगे। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में डीएमके ने 234 में से केवल 59 सीटों पर जीत हासिल की और विजय की टीवीके ने 108 सीटें जीती हैं।
6 दशक लंबे द्रविड़ वर्चस्व को खत्म कर शानदार तरीके से चुनाव जीतने वाले विजय ने राज्यपाल से मिलने का समय मांगा था। राजभवन को भेजे गए ईमेल में विजय ने कहा कि 108 विधायकों के साथ टीवीके को सबसे बड़े दल के रूप में स्पष्ट जनादेश मिला है और उन्हें सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया जाना चाहिए। उन्होंने विधानसभा में अपना बहुमत साबित करने के लिए समय सीमा की भी मांग की है। विजय ने कहा, 'हम 108 विधायकों के साथ सबसे बड़े दल हैं और हमारे पास सरकार बनाने का अधिकार है। हम अपना बहुमत साबित करने के अवसर की अपील करते हैं।'
टीवीके विधायकों के साथ विजय की बैठक
विजय का पार्टी सदस्यों और कई विधायकों ने मंगलवार को जोरदार स्वागत किया, जिन्होंने उनकी तरह ही टीवीके मुख्यालय में चुनावी जीत के बाद पदार्पण किया। एक विधायक ने बताया कि विजय ने विधायक दल के नेता के चुनाव और विधानसभा में विधायकों के आचरण पर चर्चा करने के लिए पार्टी विधायकों की बैठक बुलाई थी। इससे पहले, टीवीके प्रमुख ने पार्टी मुख्यालय में पेरियार ई.वी. रामासामी, बी.आर. आंबेडकर, के. कामराज, वेलू नाचियार और अंजलाई अम्माल को पुष्पांजलि अर्पित की, जिन्हें पार्टी अपना वैचारिक नेता मानती है। टीवीके नेता नंजिल संपत ने बताया कि बैठक में विधायक पार्टी नेता को अपने विजय प्रमाण पत्र सौंपेंगे और सरकार बनाने की रणनीतियों पर चर्चा करेंगे।
टीवीके साधारण बहुमत से महज 10 सीटें दूर है। तमिलनाडु विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा 118 है। विजय ने अपनी दोनों सीटों (चेन्नई की पेरंबूर और त्रिची ईस्ट) से जीत दर्ज की है। इस बीच संकेत मिले हैं कि कांग्रेस सहित कुछ दलों ने पार्टी के साथ बातचीत के लिए अपने रास्ते खोल दिए हैं। टीवीके भी आवश्यक संख्या जुटाने के लिए सभी विकल्पों पर विचार कर रही है। चूंकि कांग्रेस ने केवल 5 सीटों पर जीत हासिल की है, इसलिए अकेले उसका समर्थन काफी नहीं होगा। टीवीके को और अधिक समर्थन की जरूरत होगी। AIADMK ने 47 सीट पर विजय हासिल की है, वो भी विजय की पार्टी के संपर्क में है।




साइन इन