TVK Vijay Sarkar Congress returns to power in Tamil Nadu after 59 years two MLAs to become ministers Know names तमिलनाडु की सत्ता में 59 साल बाद कांग्रेस की वापसी, विजय सरकार में दो MLA बनेंगे मंत्री; सामने आए नाम, India News in Hindi - Hindustan
More

तमिलनाडु की सत्ता में 59 साल बाद कांग्रेस की वापसी, विजय सरकार में दो MLA बनेंगे मंत्री; सामने आए नाम

कांग्रेस का 59 साल लंबा इंतजार आखिरकार खत्म होने जा रहा है। पार्टी के दो विधायक गुरुवार को तमिलनाडु सरकार में मंत्री पद की शपथ लेंगे। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बुधवार को इसकी आधिकारिक घोषणा की।

Wed, 20 May 2026 08:28 PMDevendra Kasyap लाइव हिन्दुस्तान
share
तमिलनाडु की सत्ता में 59 साल बाद कांग्रेस की वापसी, विजय सरकार में दो MLA बनेंगे मंत्री; सामने आए नाम

कांग्रेस का 59 साल लंबा इंतजार आखिरकार खत्म होने जा रहा है। पार्टी के दो विधायक गुरुवार को तमिलनाडु सरकार में मंत्री पद की शपथ लेंगे। कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल ने बुधवार को इसकी आधिकारिक घोषणा की। विधायक राजेश कुमार और पी विश्वनाथन विजय के नेतृत्व वाली टीवीके सरकार की कैबिनेट में शामिल होंगे।

वेणुगोपाल ने इस घटनाक्रम को पार्टी के लिए 'ऐतिहासिक क्षण' बताया। उन्होंने कहा कि 59 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद कांग्रेस तमिलनाडु के मंत्रिमंडल का हिस्सा बन रही है। यह हमारे लिए गर्व का विषय है। वेणुगोपाल ने आगे कहा कि मैं दोनों साथियों को शुभकामनाएं देता हूं। हमें पूरा विश्वास है कि वे तमिलनाडु की जनता की आशाओं और आकांक्षाओं को पूरा करेंगे तथा राहुल गांधी के कल्याणकारी और जनहितैषी शासन के विजन को मूर्त रूप देंगे।

तमिलनाडु की राजनीति में यह बदलाव महत्वपूर्ण मोड़ माना जा रहा है। कांग्रेस दशकों से द्रविड़ पार्टियों के साथ कनिष्ठ सहयोगी की भूमिका में रही है, लेकिन इस बार उसने डीएमके के साथ पुराना गठबंधन तोड़कर टीवीके के साथ हाथ मिलाया है। टीवीके के नेतृत्व में बनी सरकार में कांग्रेस की भागीदारी राज्य में पहली गठबंधन सरकार का नया अध्याय साबित होगी।

अन्य दलों को भी न्योता

इसी बीच, तमिलनाडु के लोक निर्माण मंत्री और वरिष्ठ टीवीके नेता आधव अर्जुना ने वीसीके और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) को कैबिनेट में शामिल होने का खुला निमंत्रण दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह न्योता खुद मुख्यमंत्री विजय की ओर से है। वीसीके प्रमुख थिरुमावलवन ने निमंत्रण का स्वागत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने पद संभालते ही वीसीके को सरकार में शामिल होने की इच्छा जताई थी। हम टीवीके के आभारी हैं। उन्होंने बताया कि पार्टी इस मुद्दे पर वरिष्ठ नेताओं की बैठक के बाद अंतिम फैसला लेगी। वहीं, आईयूएमएल के राष्ट्रीय अध्यक्ष खादर मोइदीन ने भी टीवीके के कदम की सराहना की और कहा कि वे अपनी पार्टी के नेताओं से चर्चा के बाद वे अंतिम फैसला लेंगे।

शपथ ग्रहण की तैयारी

बता दें कि मुख्यमंत्री विजय और उनके 9 मंत्रियों ने शपथ ग्रहण के एक सप्ताह से अधिक समय बीत चुका है। राज्यपाल वीआर आर्लेकर आज रात केरल से चेन्नई लौट रहे हैं। बताया जा रहा है कि गुरुवार को नए मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह होगा। गौरतलब है कि तमिलनाडु में पिछले छह दशकों से डीएमके और एआईएडीएमके के गठबंधन बारी-बारी से सत्ता में रहे हैं। ऐसे में टीवीके के नेतृत्व वाली यह नई गठबंधन सरकार राज्य की राजनीति में एक नए युग की शुरुआत मानी जा रही है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:तमिलनाडु CM विजय करने जा रहे कैबिनेट विस्तार; कांग्रेस के जागेंगे भाग्य
ये भी पढ़ें:वामपंथियों की धमकी के बाद आ गया TVK का जवाब, AIADMK को मंत्री पद देंगे विजय?
ये भी पढ़ें:TVK ने बताया CM विजय ने क्यों किया प्रभाकरन को याद, BJP का राहुल पर निशाना