TMC MP Saayoni Ghosh who sang Kaaba Medina song trolled by song hriday me ram nayan me krishna Mamata Banerjee दिल में राम, नयन में कृष्ण; काबा-मदीना गाने वाली TMC सांसद सायोनी घोष को मिला जवाब, India News in Hindi - Hindustan
More

दिल में राम, नयन में कृष्ण; काबा-मदीना गाने वाली TMC सांसद सायोनी घोष को मिला जवाब

इससे पहले पश्चिम बंगाल चुनाव प्रचार के दौरान टीएमसी सांसद सायोनी घोष का एक गाना खूब वायरल हुआ था। ‘दिल में काबा और आंखों में मदीना’ वाले इस गीत के बोल को लेकर खूब बवाल भी हुआ था।

Wed, 27 May 2026 01:19 PMJagriti Kumari लाइव हिन्दुस्तान
share
दिल में राम, नयन में कृष्ण; काबा-मदीना गाने वाली TMC सांसद सायोनी घोष को मिला जवाब

टीएमसी सांसद सायोनी घोष एक बार फिर चर्चा में आ गई हैं। पश्चिम बंगाल चुनाव के दौरान अपने काबा मदीना वाले गीत को लेकर सुर्खियों में आईं सायोनी घोष को अब इस गाने का जवाब गाने से ही मिला है। बीते दिनों भारतीय जनता पार्टी की एक रैली में बीजेपी की समर्थक ने बांग्ला में एक गीत गाया, जिसकी बोल सायोनी घोष के गाने पर तंज है। भाजपा समर्थक के इस गीत का अनुवाद कुछ ऐसा है, “हृदय में हैं राम, नयन में कृष्ण…”

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इससे जुड़ा पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें बीजेपी नेता यह गीत गा कर लोगों का उत्साह बढ़ा रही हैं। इसे सबसे पहले बंगाल की जानी-मानी एक्टिविस्ट सुनंदा आचार्य ने शेयर किया था, जो भाजपा की मुखर समर्थक रही हैं और आए दिन सोशल मीडिया पर टीएमसी पर निशाना साधती नजर आती हैं। वायरल वीडियो कथित तौर पर भाजपा की एक रैली का है, जहां पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के पोस्टर भी नजर आ रहे हैं। वहीं वीडियो के नीचे लोग कमेंट कर लिख रहे हैं कि बंगाल में अब राम राज्य आ चुका है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:TMC सांसद सायोनी घोष का सिर कलम करने पर एक करोड़ का इनाम, बोलीं- यह सुनकर मैं...

सायोनी घोष ने गाया था काबा-मदीना वाला गाना

गौरतलब हैं कि पश्चिम बंगाल में हुए हालिया चुनावों में भाजपा को बंपर जीत मिली थी। भाजपा ने 293 सीटों पर हुए चुनावों में 207 सीटें अपने नाम कर प्रचंड जीत हासिल की और ममता बनर्जी से सत्ता छीन ली। इससे पहले चुनाव प्रचार के दौरान ममता बनर्जी की पार्टी की सांसद सायोनी घोष टीएमसी का प्रमुख चेहरा रही थीं। चुनाव प्रचार के दौरान सायोनी घोष का एक गाना खूब वायरल हुआ था। इसके बोल कुछ इस तरह थे, “दिल में काबा और आंखों में मदीना।” इस गीत के बोल को लेकर खूब बवाल हुआ था। टीएमसी पर तुष्टिकरण की राजनीति के आरोप लगे भी थे।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:सायोनी के नाम पर संपत्ति का विवाद, फ्लैट पर अभिषेक का भी नाम; क्या दिया जवाब

अब इस नए वीडियो के सामने आने के बाद सायोनी घोष की बुरी तरह ट्रोलिंग हो रही है। कई लोग तो भड़काऊ गाना गाने के लिए उनको बॉयकॉट करने तक की बात कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, “इसे कहते हैं जैसे को तैसा। सायोनी घोष ने पॉलिटिकल रैली में धार्मिक गाना गाया था। अब बीजेपी नेता ने उन्हें जवाब दे दिया।” वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा, “पश्चिम बंगाल में राम राज्य आ गया। जय श्री राम।” वहीं कई यूजर्स कह रहे हैं कि ये गाना शानदार है।

टूटने की कगार पर टीएमसी?

इस बीच भाजपा ने दावा किया है कि बंगाल में ममता बनर्जी की टीएमसी टूटने की कगार पर है। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता सौमित्र खान ने दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस के करीब 20 सांसद भाजपा के संपर्क में हैं और पार्टी नेतृत्व की मंजूरी मिलते ही पाला बदलने को तैयार हैं। 3 बार के लोकसभा सांसद खान ने मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा, ''तृणमूल के 20 सांसद हमारे संपर्क में हैं। अगर पार्टी नेतृत्व चाहे तो वे पाला बदलने के लिए तैयार हैं। अगर भाजपा चाहे तो पूरी तृणमूल कांग्रेस अगले कुछ दिनों में समाप्त हो सकती है।''

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:काबा-मदीना गाने वाली सायोनी घोष अब PM-HM से लगा रहीं गुहार; सता रहा कैसा डर?

बता दें कि दल-बदल विरोधी कानून के तहत अयोग्यता से बचने के लिए किसी संसदीय दल के कम से कम दो-तिहाई सदस्यों का एक साथ पाला बदलना जरूरी होता है। तृणमूल कांग्रेस के मामले में, लोकसभा में उसके 29 सांसद हैं, ऐसे में 19 या 20 सांसदों ने पाला बदला तो ममता बनर्जी की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। हालांकि खान के दावों को खारिज करते हुए तृणमूल के वरिष्ठ सांसद सौगत राय ने इसे बेबुनियाद' करार दिया। सौगत राय ने एक बयान में कहा, ''भाजपा और सौमित्र खान जो पत्रकारों को परोस रहे हैं, वह सरासर झूठ है। ऐसा कुछ भी नहीं होगा।''