एलपीजी की कोई शॉर्टेज नहीं, घबराहट में बुकिंग से बचें; संकट के बीच सरकार की सलाह
घरेलू गैस को लेकर पैदा हुई अफरा-तफरी के बीच सरकार ने देशवासियों को अहम सलाह दी है। इसमें कहा गया है कि देश में एलपीजी की कोई शॉर्टेज नहीं है। इसलिए घबराहट में किसी तरह की बुकिंग से बचें।

घरेलू गैस को लेकर पैदा हुई अफरा-तफरी के बीच सरकार ने देशवासियों को अहम सलाह दी है। इसमें कहा गया है कि देश में एलपीजी की कोई शॉर्टेज नहीं है। इसलिए घबराहट में किसी तरह की बुकिंग से बचें। पश्चिम एशिया संकट से ऊर्जा आपूर्ति बाधित होने के बीच सरकार ने शुक्रवार को यह बयान जारी किया। इसमें कहा गया है कि घरों के लिए एलपीजी की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की गई है। गैस सिलेंडर के लिए घबराहट में बुकिंग करने की कोई जरूरत नहीं है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय में संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने यहां एक मीडिया ब्रीफिंग में कहाकि पांच मार्च से अब तक घरेलू एलपीजी उत्पादन में 30 प्रतिशत की वृद्धि की जा चुकी है। उन्होंने कहाकि घबराहट में सिलेंडर की बुकिंग की कोई जरूरत नहीं है। किसी भी एलपीजी डीलर के पास स्टॉक खत्म नहीं हुआ है।
बुकिंग का बढ़ना घबराहट का संकेत
सुजाता शर्मा ने बताया कि ईरान युद्ध से पहले औसतन 55.7 लाख बुकिंग के मुकाबले इस समय एलपीजी बुकिंग बढ़कर 75.7 लाख हो गई है। यह स्पष्ट रूप से घबराहट में की जा रही बुकिंग को दर्शाता है। पश्चिम एशिया संघर्ष ने कच्चे तेल और पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति को प्रभावित किया है, क्योंकि ईरान और ओमान के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद कर दिया गया है। यह दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण ऊर्जा पारगमन मार्गों में से एक है।
पीएनजी में शिफ्ट हो जाएं
सुजाता शर्मा ने आगे कहाकि एलएनजी सप्लाई की कोई शॉर्टेज नहीं है। उन्होंने कहाकि मैं हर कंज्यूमर से बार-बार यही बात दोहरा रही हूं। इस बीच उन्होंने यह भी कहाकि जो लोग एलपीजी से पीएनजी पर शिफ्ट हो सकते हैं, वह तत्काल शिफ्ट हो जाएं। संयुक्त सचिव ने बताया कि मैं पहले भी इस बात का जिक्र कर चुकी हूं। देश में 60 लाख परिवार हैं जो तत्काल पीएनजी में शिफ्ट हो सकते हैं। उन्होंने एक बार फिर दोहराया कि जहां तक सवाल है कि क्या हम घरेलू उपभोक्ताओं को एलपीजी सप्लाई कर पाने की स्थिति में हैं, इसका जवाब है हां।
ओडिशा में प्रदर्शन
गौरतलब है कि ओडिशा में एलपीजी सिलेंडर की कथित कमी के कारण शुक्रवार को कई हिस्सों में विरोध प्रदर्शन हुए तथा सड़कों पर अवरोध की स्थिति रही। यहां उपभोक्ताओं ने भरे हुए एलपीजी सिलेंडर को प्राप्त करने में देरी से संबंधित शिकायत की थी। राज्य भर में तरलीकृत पेट्रोलियम गैस (एलपीजी) वितरण केंद्रों के बाहर लंबी कतारें देखी गईं, जहां लोग गैस भरवाने के लिए इंतजार कर रहे थे और इसमें बुकिंग कराने के कई दिनों बाद भी गैस भरवाने के लिए इंतजार कर रहे लोग शामिल थे।
जाजपुर कस्बे में स्थानीय वितरक द्वारा ‘आज भंडारण नहीं है’ का नोटिस लगाकर अपना कार्यालय बंद कर दिया गया, जिसके बाद लोगों ने रसोई गैस के खाली सिलेंडर रखकर सड़क को अवरुद्ध कर दिया। उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि वितरक ने जानबूझकर सिलेंडर की आपूर्ति बंद कर दी ताकि उन्हें कालाबाजार में अधिक कीमतों पर बेचा जा सके।




साइन इन