मुस्लिमों को जिहादी बनाना, महिलाओं के लिए खवातीन विंग और हथियार; आतंकी मॉड्यूल का खुलासा
हैंडलर्स ने उन्हें स्नाइपर राइफल समेत हथियारों की ट्रेनिंग देने का आश्वासन दिया था। कुछ युवा विदेशी मदरसों में जिहादी ट्रेनिंग भी ले रहे थे। एक महिला आरोपी सईदा बेगम पाकिस्तान और जम्मू-कश्मीर के ऑपरेटिव्स से जुड़ी हुई थी।

आंध्र प्रदेश पुलिस और खुफिया विभाग ने एक बड़े आतंकवादी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है, जिसमें विदेशी हैंडलर्स और ISIS (इस्लामिक स्टेट ऑफ इराक एंड सीरिया) व अल-कायदा इन द इंडियन सबकॉन्टिनेंट (AQIS) जैसी अतिवादी संगठनों से संबंध पाए गए हैं। इस मॉड्यूल का मुख्य काम भारत में युवाओं को ऑनलाइन रेडिकलाइज करना और जिहादी विचारधारा फैलाना था। पुलिस ने बिहार, दिल्ली, कर्नाटक, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, तेलंगाना और राजस्थान सहित कई राज्यों में छापेमारी कर 12 से अधिक संदिग्धों को गिरफ्तार किया है, जिनमें आंध्र प्रदेश के तीन आरोपी भी शामिल हैं।
मुख्य आरोपी रहमतुल्लाह शरीफ और उसके सहयोगी विदेशी ऑपरेटिव्स के संपर्क में थे। वे ऑनलाइन वीडियो के माध्यम से मुस्लिम युवाओं को जिहाद की ओर प्रेरित कर रहे थे। पुलिस के अनुसार, आरोपी ओसामा बिन लादेन, इसरार अहमद शेख, जाकिर नाइक और अनवर अल-अव्लाकी के वीडियो शेयर कर रहे थे। इस समूह ने खवातीन विंग बनाकर महिलाओं को भी शामिल करने की कोशिश की थी। आरोपी 40 से अधिक सोशल मीडिया अकाउंट्स के जरिए पाकिस्तान, अफगानिस्तान, सीरिया और बांग्लादेश स्थित हैंडलर्स अल-हकीम शुक्रूर, मोहम्मद हुजैफा, निंजा, हेमरोक्सी, अबू मुहरिब और अबू बालुशी से संपर्क बनाए हुए थे।
हथियारों की ट्रेनिंग देने का प्लान
हैंडलर्स ने उन्हें स्नाइपर राइफल समेत हथियारों की ट्रेनिंग देने का आश्वासन दिया था। कुछ युवा विदेशी मदरसों में जिहादी ट्रेनिंग भी ले रहे थे। एक महिला आरोपी सईदा बेगम पाकिस्तान और जम्मू-कश्मीर के ऑपरेटिव्स से जुड़ी हुई थी और जिहादी गतिविधियों को फैलाने की योजना बना रही थी। यह गुट साइबर आतंकवाद की भी तैयारी कर रहा था, जिसमें सरकारी वेबसाइट्स हैक करने की योजना शामिल थी। जांच एजेंसियां विदेशी फंडिंग के रास्तों की भी तलाश कर रही हैं।
आरोपी आईएसआईएस के झंडे के साथ मास्क लगाकर तस्वीरें पोस्ट करते थे और एक उम्माह के नारे लगाते थे। वे भारत में इस्लामिक स्टेट स्थापित करने के इरादे रखते थे। आरोपियों ने राष्ट्रगान को गाली-गलौज के साथ गाने वाले वीडियो और राष्ट्रीय झंडे को अपमानित व जलाने वाले कंटेंट भी शेयर किए। उन्होंने काफिरों के खिलाफ हिंसा को बढ़ावा देने वाला सामग्री साझा की और काला पाउडर व आईईडी बनाने की सामग्री भी अपलोड की। पाकिस्तान और अफगानिस्तान से हथियार लाने की योजना भी बनाई गई थी। इस पूरे मामले की जांच जारी है और आगे गिरफ्तारियां हो सकती हैं।




साइन इन