नशे में धुत DMK नेता के बेटे ने किया बड़ा कांड; झगड़े के बाद पूरे परिवार को कार से रौंदा, एक की मौत
मृतक के बेटे ने दावा किया कि आरोपी नशे में थे और लगातार बदतमीजी कर रहा था। उन्होंने कहा कि उनके पिता उसे शांत करने की कोशिश कर रहे थे, तभी अचानक आरोपी ने उन्हें कार से टक्कर मार दी।

तमिलनाडु में सत्तारूढ़ DMK के एक नेता के बेटे को रोड रेज के बाद एक शख्स की मौत के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है। जानकारी के मुताबिक DMK नेता के 20 वर्षीय बेटे आदित्य ने तमिलनाडु के कृष्णागिरी जिले में एक झगड़े के बाद पीड़ित शिवमूर्ति और उसके परिवार के अन्य सदस्यों को कार से टक्कर मार दी। इस दौरान कई लोग घायल हो गए। वहीं शिवमूर्ति की मौके पर ही मौत हो गई। आरोप है कि आदित्य उस वक्त नशे में धुत था।
NDTV की एक रिपोर्ट के मुताबिक, पीड़ित शिवमूर्ति, एक असिस्टेंट लेबर इंस्पेक्टर थे और कृष्णगिरी में रहते थे। पुलिस के मुताबिक यह घटना तब हुई जब आदित्य शिवमूर्ति के घर के पास गाड़ी चला रहा था। घर के बाहर एक टू-व्हीलर खड़ा था, जिससे सड़क का कुछ हिस्सा जाम हो गया था। आदित्य ने हॉर्न बजाना शुरू कर दिया और गाड़ी हटाने के लिए कहा।
शिवमूर्ति और उनका परिवार टू-व्हीलर हटाने के लिए बाहर आए और उनके बीच बहस हो गई। पुलिस ने बताया कि झगड़े के दौरान आदित्य ने कथित तौर पर शिवमूर्ति, उनके बेटे किरुबाकरण, बहू अम्सावल्ली और पोती नीलानी को कार से टक्कर मार दी। इसमें शिवमूर्ति को गंभीर चोटें आईं और उनकी मौत हो गई। वहीं परिवार के कई सदस्य भी घायल हो गए।
मृतक के बेटे ने दावा किया कि आरोपी नशे में थे और वह बेहद गुस्से में था। उन्होंने कहा कि उनके पिता हालात को शांत करने की कोशिश कर रहे थे, तभी अचानक कार ने उन्हें टक्कर मार दी।पुलिस ने बताया कि आदित्य के दोस्त, ऋतिक कुमार और हरीश, जो उस समय कार में थे उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।




साइन इन