Suvendu Adhikari unveils Ayushman Bharat for West Bengal know how to apply शुभेंदु अधिकारी ने शुरू की बंगाल में आयुष्मान भारत योजना, ममता बनर्जी ने लगाई थी रोक; कैसे करें अप्लाई, India News in Hindi - Hindustan
More

शुभेंदु अधिकारी ने शुरू की बंगाल में आयुष्मान भारत योजना, ममता बनर्जी ने लगाई थी रोक; कैसे करें अप्लाई

पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को बड़ी घोषणाएं कीं। इनमें से ही एक घोषणा, आयुष्मान भारत योजना को लेकर है। यह केंद्र सरकार द्वारा जारी स्वास्थ्य बीमा योजना है।

Mon, 11 May 2026 07:24 PMDeepak Mishra लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share
शुभेंदु अधिकारी ने शुरू की बंगाल में आयुष्मान भारत योजना, ममता बनर्जी ने लगाई थी रोक; कैसे करें अप्लाई

पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को बड़ी घोषणाएं कीं। इनमें से ही एक घोषणा, आयुष्मान भारत योजना को लेकर है। यह केंद्र सरकार द्वारा जारी स्वास्थ्य बीमा योजना है। बता दें कि ममता बनर्जी की टीएमसी सरकार लगातार इस केंद्रीय स्वास्थ्य योजना को टालती आ रही थी। इसके चलते बंगाल में बड़ी संख्या में लोग स्वास्थ्य सुविधाओं से महरूम थे। सोमवार को बंगाल की नई सरकार की पहली कैबिनेट बैठक के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने इसको लेकर ऐलान किया। आइए जानते हैं क्या है आयुष्मान भारत योजना और इसके लिए कैसे अप्लाई किया जा सकता है...

क्या है आयुष्मान कार्ड योजना
आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (पीएम-जेएवाई), केंद्र की आयुष्मान भारत पहल का विस्तार है। इसे सितंबर 2018 में केंद्र सरकार द्वारा लांच किया गया था। इसके तहत आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराने की योजना थी। आयुष्मान कार्ड धारक को प्रति परिवार पांच लाख रुपए का बीमा कवर मिलता है। आयुष्मान कार्ड धारक व्यक्ति अपने पसंदीदा अस्पताल में कैशलेस और पेपरलेस इलाज करा सकता है। इस योजना के लिए पैसा केंद्र और राज्य सरकारों की तरफ से मुहैया कराया जाता है।

आयुष्मान भारत योजना के तहत क्या-क्या है कवर
इसके तहत मेडिकल कंसल्टेशन, इलाज और परीक्षण, आईसीयू और बिना आईसीयू की सेवाएं, दवा और इलाज, लैब में जांच, मेडिकल इंप्लांटेशन, अकोमोडेशन सुविधाएं, अस्पताल में भर्ती होने से तीन पहले तक का खर्च, अस्पताल से निकलने के बाद 15 दिन तक का फॉलोअप शामिल है।

क्या शामिल नहीं है
वहीं, कुछ चीजें हैं जो आयुष्मान भारत योजना में शामिल नहीं हैं। इनमें, मरीज का बाहर इलाज कराने का खर्च, कॉस्मेटिक सर्जरी, ड्रग रिहैबिलिटेशन, फर्टिलिटी ट्रीटमेंट और व्यक्तिगत इलाज शामिल नहीं हैं।

आयुष्मान कार्ड के लिए योग्य कौन?
साल 2011 की सोशियो-इकोनॉमिक कास्ट सेंसस में लिस्टेड लोग इसके लिए योग्य हैं। शहरी क्षेत्रों में, कूड़ा बीनने वाले, भिखारी, घरेलू काम करने वाले, स्ट्रीट वेंडर्स, हॉकर्स, जूते बनाने वाले, कंस्ट्रक्शन और सफाई कर्मचारी, प्लंबर्स, लेबर, वेल्डर्स, पेंटर्स, कुली, सिक्योरिटी गार्ड, हैंडिक्राफ्ट वर्कर्स, आर्टिस्ट, टेलर्स, ट्रांसपोर्ट वर्कर्स, असिस्टेंट, शॉप वर्कर्स, डिलिवरी वर्कर्स और अन्य आयुष्मान भारत के लिए एलिजिबल लोगों की लिस्ट में शामिल हैं।

ग्रामीण क्षेत्रों में किसके लिए
ग्रामीण इलाकों में आयुष्मान भारत योजना की एलिजिबिलिटी का क्राइटेरिया अलग है। इसके तहत, एक कमरे के कच्चे घर में रहने वाले परिवार। 16 और 59 साल की उम्र के बिना किसी सदस्य वाला कोई परिवार, एससी/एसटी घरवाले। ऐसे घर, जिसमें केवल एक महिला सदस्य हों। ऐसे घर जिसमें दिव्यांग व्यक्ति हों। ऐसे परिवार जिनके पास जमीन नहीं है और वह मजदूरी करके आजीविका चलाते हैं।

सीनियर सिटीजंस भी शामिल
सीनियर सिटीजंस के लिए आयुष्मान भारत में खास प्रावधान हैं। इसके तहत ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में रहने वाले 70 साल के सभी नागरिक। वर्तमान सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं की सेवा, जैसे-ईसीएचएस, सीजीएचएस या आयुष्मान सीएपीएफ में शामिल नागरिक अपनी वर्तमान स्वास्थ्य सुविधा का लाभ ले सकते हैं या फिर वह आयुष्मान योजना में शिफ्ट हो सकते हैं। वहीं, निजी स्वास्थ्य बीमा योजनाओं में शामिल या ईएसआई योजना के लाभार्थी सीनियर सिटीजंस भी आयुष्मान योजना का लाभ ले सकते हैं।

आयुष्मान कार्ड के लिए जरूरी दस्तावेज
आयुष्मान कार्ड के लिए कुछ दस्तावेज जरूरी होते हैं। इनमें उम्र और पहचान पत्र (आधार कार्ड/पैन कार्ड), एड्रेस प्रूफ, जाति प्रमाणपत्र, कांटैक्ट डिटेल्स (मोबाइल-ईमेल), आय प्रमाणपत्र शामिल हैं।

ऑनलाइन कैसे रजिस्टर करें?
स्टेप 1: https://pmjay.gov.in/ वेबसाइट पर जाएं।
स्टेप 2: ऊपर दिए मेन्यू बार में ‘क्या मैं एलिजिबल हूं’, विकल्प का चयन करें।
स्टेप 3: रजिस्ट्रेशन के लिए कैप्चा कोड, मोबाइल नंबर और ओटीपी डालें।
स्टेप 4: कैप्चा कोड डालें और लॉगिन बटन को सेलेक्ट करें।
स्टेप 5: स्टेट का चयन करें, सब स्कीम सेक्शन में ‘पीएमजेएवाई’ चुनें, जिले का चयन करें, इसके बाद ‘सर्च बाई’ सेलेक्ट करें। (इसके जरिए आप अपना नाम, राशन कार्ड नंबर, मोबाइल नंबर या आधार नंबर चुन सकते हैं।) सभी जरूरी डिटेल भरें और सर्च पर क्लिक करें।
स्टेप 6: ‘डू ई-केवाईसी’ बटन पर क्लिक करें।
स्टेप 7: आधार ओटीपी ऑप्शन डालकर ऑथेंटिकेट करें। इसके बाद वेरिफाई पर क्लिक करें।
स्टेप 8: इसके बाद चेकबॉक्स को टिक कर दें और अलाऊ पर क्लिक करें। इसके बाद आधार से जुड़े मोबाइल पर आए ओटीपी को डालें और वेरिफिकेशन प्रक्रिया को पूरा करें। एक बार हो जाने के बाद ई-केवाईसी पूरा होने का संदेश आएगा।
स्टेप 9: ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी होने के बाद 15-20 मिनट तक इंतजार करें। इसके बाद पीएमजेएवाई पोर्टल पर लॉगिन करें। फिर डाउनलोड कार्ड विकल्प पर क्लिक करें।
स्टेप 10: ऑथेंटिकेशन के लिए आधार ओटीपी विकल्प पर क्लिक करें। स्क्रीन पर आपका आधार नंबर दिखाई देगा। आगे बढ़ने के लिए वेरिफाई पर क्लिक करें।
स्टेप 11 : कंसेंट चेकबॉक्स को टिक करें और अलाउ पर क्लिक करें। आधार ओटीपी डालकर वेरिफाई करें। फिर आयुष्मान कार्ड डाउनलोड करने के लिए डाउनलोड आइकॉन पर क्लिक करें।

ऑनलाइन अप्लाई करते हुए इन बातों का रखें ख्याल
-आयुष्मान योजना के लिए अप्लाई करने से पहले तय कर लें कि आप सभी एलिजिबिलिटी क्राइटेरिया को पूरा करते हों।
-यह तय कर लें कि आपकी डेट ऑफ बर्थ, नाम, व्यक्तिगत विवरण, आपके आधिकारिक दस्तावेजों के समान ही हों। अन्यथा रिजेक्शन की नौबत आ सकती है।
-यह भी चेक कर लें कि कहीं आपका नाम पहले से तो रजिस्टर नहीं है। इससे आप डुप्लिकेशन से बचे रहेंगे।
-अपने डॉक्यूमेंट्स को स्कैन करें और उन्हें पीडीएफ/जेपीईजी फॉर्मेट में अपलोड करें। साथ ही साइज वही रखें जो मांगी गई है।
-अपना एक्टिव मोबाइल नंबर ही डालें, ताकि ओटीपी वेरिफिकेशन और आगे अपडेट की जरूरत होने पर काम आए।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:ममता की यह योजना नहीं रोकेंगे शुभेंदु, महिलाओं की बड़ी मददगार है ‘लक्ष्मी भंडार’
ये भी पढ़ें:PM मोदी की तेल बचाने वाली अपील के बाद राजनाथ सिंह की इमरजेंसी मीटिंग, क्या मंथन
ये भी पढ़ें:CM शुभेंदु ने मंत्रियों में बांटे विभाग, अग्निमित्रा को महिला विभाग- पूरी लिस्ट

ऑफलाइन कैसे रजिस्टर करें
इसके लिए आपको नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर या इम्पैनल्ड हॉस्पिटल पर जाएं। वेरिफिकेशन के लिए अपने साथ सभी जरूरी दस्तावेज और आधार कार्ड लेकर जाएं।